Air India में बदलाव की तैयारी! जरूरत से ज्यादा हैं 8 से 10 हजार कर्मचारी, क्या जाएगी इनकी नौकरी?
एयर इंडिया बढ़ते घाटे और परिचालन खर्च के बीच अपने कारोबार में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। कंपनी के नए सीईओ मैनेजमेंट से लेकर कर्मचारियों तक की समीक्षा कर रहे हैं। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को लेकर भी नई रणनीति बनाई जा रही है।

In Short
- एयर इंडिया में 8 से 10 हजार कर्मचारी जरूरत से ज्यादा होने का अनुमान।
- 'वन एयर इंडिया' रणनीति के तहत कई विभागों को एक साथ लाने की तैयारी।
- वित्त वर्ष 2025-26 में 22,238 करोड़ रुपये रहा एयर इंडिया ग्रुप का घाटा।
एयर इंडिया अपने कारोबार और मैनेजमेंट में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। एयरलाइन के नए सीईओ तेवोल्डे गेब्रेमरियम बुधवार को कर्मचारियों के साथ होने वाली टाउनहॉल मीटिंग में इस योजना का खाका पेश कर सकते हैं। कंपनी इस बात की समीक्षा कर रही है कि उसके पास जरूरत से ज्यादा 8,000 से 10,000 कर्मचारी हैं। फिलहाल एयर इंडिया ग्रुप में करीब 30,000 कर्मचारी काम करते हैं। हालांकि, अतिरिक्त कर्मचारियों की नौकरी जाएगी या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।
क्या है 'वन एयर इंडिया' की योजना?
CNBC-TV18 की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का मकसद कामकाज को आसान बनाना, खर्च घटाना और एयरलाइन को जल्द मुनाफे में लाना है। इसके लिए 'वन एयर इंडिया' रणनीति के तहत एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के कई विभागों को एक साथ लाने की तैयारी है।
एचआर, फाइनेंस, नेटवर्क प्लानिंग, मार्केटिंग, कमर्शियल और इंजीनियरिंग जैसे विभागों को एक ही मैनेजमेंट के तहत लाया जा सकता है। हालांकि, फ्लाइट ऑपरेशन, क्रू मैनेजमेंट और एयरपोर्ट पर काम करने वाली टीमें अलग-अलग रह सकती हैं।
सीनियर मैनेजमेंट में भी होंगे बदलाव?
नए सीईओ कंपनी के सीनियर मैनेजमेंट में भी बदलाव करने पर विचार कर रहे हैं। इसका उद्देश्य अधिकारियों की जवाबदेही तय करना और फैसलों को बेहतर तरीके से लागू करना है। इसके अलावा कर्मचारियों को दूसरे विभागों में भेजने या अन्य विकल्पों पर क्या फैसला होगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
मुंबई और बेंगलुरु पर बढ़ सकता है फोकस
एयर इंडिया अपने फ्लाइट नेटवर्क की भी समीक्षा कर रही है। दिल्ली पर निर्भरता कम करने के लिए मुंबई और बेंगलुरु को बड़े यात्री हब के तौर पर विकसित किया जा सकता है। भारतीय एयरलाइंस के लिए पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र बंद होने से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का समय, ईंधन की खपत और परिचालन खर्च बढ़ गया है।
पुराने विमानों से कमाई बढ़ाने की तैयारी
कंपनी अपने 13 पुराने बोइंग 777 विमानों को माल ढोने वाले कार्गो विमानों में बदलने पर भी विचार कर रही है। इससे कंपनी को ज्यादा कमाई होने की संभावना है। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों के यात्रा खर्च की समीक्षा और सामान की खरीदारी व सप्लायर के चयन में पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
22 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का घाटा
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस का संयुक्त शुद्ध घाटा वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 22,238 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 10,859 करोड़ रुपये था। वहीं, सिंगापुर एयरलाइंस के आंकड़ों के आधार पर वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में एयर इंडिया का कुल घाटा करीब 10,800 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।