सऊदी अरब जाने वाले यात्रियों को राहत, 2 दिसंबर से इस शहर के लिए उड़ानें शुरू करेगी एयर इंडिया एक्सप्रेस
सऊदी अरब जाने वाले यात्रियों के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बड़ी राहत की खबर दी है। एयरलाइन ने अपनी फ्लाइट्स को लेकर नया शेड्यूल जारी किया है। हालांकि, कुछ शहरों के यात्रियों को अभी इंतजार करना होगा। जानिए किन यात्रियों को मुफ्त रीबुकिंग और पूरे रिफंड की सुविधा मिलेगी।

In Short
- एयर इंडिया एक्सप्रेस 2 दिसंबर से जेद्दा और मंगलुरु के बीच हर हफ्ते तीन फ्लाइट्स शुरू करेगी।
- सऊदी अरब के रियाद और दम्माम के लिए 31 दिसंबर 2026 तक फ्लाइट्स रद्द रहेंगी।
- प्रभावित यात्रियों को एक बार मुफ्त टिकट रीशेड्यूल कराने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प मिलेगा।
भारत और सऊदी अरब के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। पिछले कुछ समय से सुरक्षा कारणों के चलते कई फ्लाइट्स रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस ने नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। आइए जानते हैं कि किन शहरों के लिए फ्लाइट्स शुरू होंगी और टिकट बुकिंग से लेकर रिफंड तक यात्रियों को क्या सुविधाएं मिलेंगी।
2 दिसंबर से शुरू होंगी जेद्दा के लिए फ्लाइट्स
एयर इंडिया एक्सप्रेस 2 दिसंबर 2026 से सऊदी अरब के जेद्दा के लिए फिर से फ्लाइट्स शुरू करने जा रही है। कंपनी शुरुआत में जेद्दा और मंगलुरु के बीच हर हफ्ते तीन फ्लाइट्स ऑपरेट करेगी। इससे इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को डायरेक्ट फ्लाइट का विकल्प मिलेगा। हालांकि, जेद्दा के लिए अतिरिक्त फ्लाइट्स कब शुरू होंगी, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है।
रियाद और दम्माम के यात्रियों को करना होगा इंतजार
एयरलाइन के मुताबिक, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स 31 दिसंबर 2026 तक रद्द रहेंगी। ऐसे में इन दोनों शहरों के लिए टिकट बुक करा चुके यात्रियों को सफर के दूसरे विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं। कंपनी लगातार वहां के हालात पर नजर रख रही है।
बिना अतिरिक्त शुल्क के बदल सकेंगे टिकट
जिन यात्रियों की जेद्दा, रियाद या दम्माम की फ्लाइट्स रद्द हुई हैं, उन्हें सीट उपलब्ध होने पर एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क के टिकट रीशेड्यूल करने की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा उन यात्रियों के लिए है, जिन्होंने 27 नवंबर या उससे पहले 31 दिसंबर तक की यात्रा के लिए टिकट बुक कराया था।
14 जनवरी तक पूरी करनी होगी यात्रा
यात्री भारत और सऊदी अरब या बहरीन के किसी भी ऐसे एयरपोर्ट के बीच टिकट रीबुक करा सकते हैं, जहां एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट्स चल रही हैं। हालांकि, यात्रियों को अपनी नई यात्रा 14 जनवरी 2027 तक पूरी करनी होगी।
टिकट कैंसिल कराने पर मिलेगा पूरा रिफंड
जो यात्री अब सफर नहीं करना चाहते हैं, वे टिकट कैंसिल कराकर पूरा रिफंड ले सकते हैं। रीबुकिंग और रिफंड से जुड़ी मदद के लिए यात्री एयरलाइन के हेल्पलाइन नंबर +91 124 6935600 पर कॉल कर सकते हैं या सिटी बुकिंग ऑफिस जा सकते हैं।
एयरपोर्ट जाने से पहले चेक करें फ्लाइट स्टेटस
एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें। साथ ही नई यात्रा का प्लान बनाने से पहले सीट की उपलब्धता और रिफंड की जानकारी कंपनी से ले लें।
क्यों रद्द की गई थीं फ्लाइट्स?
सऊदी अरब के शहरों और इंफ्रास्ट्रक्चर पर हाल में हुए हूती मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। इसके चलते कई एयरलाइंस ने सऊदी अरब के लिए अपनी फ्लाइट्स रद्द कर दी हैं या उनकी संख्या कम कर दी है।