अडाणी ग्रुप की बड़ी तैयारी, $2.5 Billion जुटाकर Ambuja-ACC के पुराने कर्ज को चुकाने का प्लान

अडानी ग्रुप एक बड़े फंड जुटाने की तैयारी में है। कंपनी करीब 2.5 अरब डॉलर का विदेशी कर्ज लेने की योजना बना रही है, जिसका इस्तेमाल सीमेंट कंपनियों की खरीद से जुड़े पुराने कर्ज को रीफाइनेंस करने में किया जाएगा। यह सौदा पूरा होने पर भारत का सबसे बड़ा विदेशी लोन बन सकता है।

Advertisement

In Short

  • अडानी ग्रुप 2.5 अरब डॉलर का कर्ज जुटाने की तैयारी में, सीमेंट कंपनियों की खरीद से जुड़े पुराने कर्ज को करेगा रीफाइनेंस।
  • Endeavour Trade and Investment करीब 1.5 अरब डॉलर और Adani Infra करीब 1 अरब डॉलर का लोन लेने की योजना बना रही है।
  • अगर यह डील पूरी होती है तो यह इस साल भारत का सबसे बड़ा विदेशी कर्ज सौदा बन सकता है।

By BT बाज़ार डेस्क:

अडानी ग्रुप एक बड़े विदेशी कर्ज सौदे की तैयारी कर रहा है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, एशिया के सबसे अमीर कारोबारी गौतम अडानी का समूह वैश्विक कर्जदाताओं से करीब 2.5 अरब डॉलर जुटाने की योजना बना रहा है। इस रकम का इस्तेमाल दो सीमेंट कंपनियों की खरीद से जुड़े पुराने कर्ज को रीफाइनेंस करने में किया जाएगा।

1.5 अरब डॉलर के ब्रिज लोन की तैयारी

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी परिवार के स्वामित्व वाली मॉरीशस स्थित कंपनी Endeavour Trade and Investment Ltd. करीब 1.5 अरब डॉलर का ब्रिज लोन लेने की योजना बना रही है।

इस लोन की अवधि 18 महीने से 24 महीने तक हो सकती है। इसकी कीमत अमेरिकी बेंचमार्क SOFR से करीब 150 बेसिस प्वाइंट ज्यादा हो सकती है। बाद में इस कर्ज को घरेलू बैंकों से मिलने वाले रुपये आधारित लोन के जरिए रीफाइनेंस किया जा सकता है।

एक अरब डॉलर का दूसरा कर्ज भी जुटाएगा ग्रुप

अडानी इंफ्रा (इंडिया) लिमिटेड भी करीब 1 अरब डॉलर का पांच साल का लोन जुटाने की तैयारी में है। यह कर्ज रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के एक्सटर्नल कमर्शियल बॉरोइंग विंडो के जरिए लिया जा सकता है।

इस लोन की कीमत SOFR से करीब 275 बेसिस प्वाइंट ज्यादा हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरी डील के पूरा होने पर यह इस साल भारत का सबसे बड़ा विदेशी कर्ज सौदा बन सकता है।

कई बड़े बैंकों से चल रही बातचीत

अडानी ग्रुप इस फाइनेंसिंग के लिए कई वैश्विक बैंकों से बातचीत कर रहा है। इनमें DBS Group Holdings, Mitsubishi UFJ Financial Group, Sumitomo Mitsui Banking Corporation और Standard Chartered जैसे बैंक शामिल हैं।
 

रिपोर्ट के अनुसार, बैंक अगले दो से तीन हफ्तों में इस सौदे पर हस्ताक्षर कर सकते हैं और लोन अक्टूबर के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।

सीमेंट कंपनियों की खरीद से जुड़ा है कर्ज

यह कर्ज अडानी ग्रुप द्वारा खरीदी गई दो भारतीय सीमेंट कंपनियों Ambuja Cements और ACC से जुड़े पुराने कर्ज को रीफाइनेंस करने के लिए लिया जा रहा है।

ग्रुप ने साल 2023 में इन कंपनियों के अधिग्रहण के लिए 3.5 अरब डॉलर की फंडिंग हासिल की थी। अब इस कर्ज को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर विदेशी और घरेलू बाजारों से फंड जुटाने की योजना बनाई जा रही है।

विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ाने की कोशिश

रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी ग्रुप की यह फंड जुटाने की योजना ऐसे समय में सामने आई है जब कंपनी भारत और विदेशों में अपने विस्तार को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

इससे पहले अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने भी टेमासेक और ब्लैकरॉक से जुड़े निवेशकों के समूह के जरिए करीब 1 अरब डॉलर जुटाने की घोषणा की थी।

Read more!
Advertisement