अडानी की दो कंपनियां लाएंगी पब्लिक बॉन्ड; जुटाएंगी 2,000 करोड़ रुपये! जानें क्या है पूरा प्लान

गौतम अडानी के नेतृत्व वाले अडानी ग्रुप की दो कंपनियां पब्लिक बॉन्ड के जरिए कम से कम 2,000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी कर रही हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कदम से सुस्त पड़े घरेलू बॉन्ड मार्केट को रफ्तार मिल सकती है। जानें कब जारी हो सकते हैं ये बॉन्ड।

Advertisement
AI Generated Image

By BT बाज़ार डेस्क:

गौतम अडानी के नेतृत्व वाले अडानी ग्रुप की दो कंपनियां घरेलू बॉन्ड मार्केट से बड़ी रकम जुटाने की तैयारी कर रही हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) और अडानी पावर (Adani Power) पब्लिक बॉन्ड जारी कर कम से कम 2,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही हैं। इन कंपनियों के इस कदम से सुस्त पड़े घरेलू पब्लिक बॉन्ड मार्केट को भी रफ्तार मिल सकती है.

कब जारी हो सकते हैं बॉन्ड?

ब्लूमबर्ग ने मामले से जुड़े लोगों के हवाले से बताया कि, दोनों कंपनियां स्थानीय बॉन्ड अरेंजर्स के साथ काम कर रही हैं। इनमें से एक कंपनी दिसंबर के अंत तक और दूसरी मार्च में बॉन्ड जारी कर सकती है। दोनों कंपनियों की अलग-अलग 1,000 से 2,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। 

सुस्त पड़ा है पब्लिक बॉन्ड मार्केट

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के आंकड़ों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में अब तक भारतीय कंपनियों ने पब्लिक बॉन्ड के जरिए 4,840 करोड़ रुपये जुटाए हैं। वहीं, पिछले पूरे वित्त वर्ष में यह आंकड़ा 11,340 करोड़ रुपये था।

भारत में कॉरपोरेट बॉन्ड की बिक्री में पब्लिक इश्यू की हिस्सेदारी काफी कम है। ज्यादातर कंपनियां प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए रकम जुटाती हैं। हालांकि, पब्लिक बॉन्ड मार्केट का विस्तार होने से कंपनियों को फंड जुटाने के नए विकल्प मिलेंगे और संस्थागत निवेशकों के अलावा अन्य निवेशकों तक भी उनकी पहुंच बढ़ेगी।

एक घंटे में पूरा भर गया था बॉन्ड इश्यू

अडानी एंटरप्राइजेज का यह चौथा पब्लिक बॉन्ड इश्यू होगा। कंपनी ने पहली बार सितंबर 2024 में पब्लिक बॉन्ड जारी किया था। इसी साल जनवरी में कंपनी का 1,000 करोड़ रुपये का पब्लिक बॉन्ड इश्यू एक घंटे के भीतर पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। इन बॉन्ड की मैच्योरिटी अवधि दो, तीन और पांच साल थी, जबकि इन पर 8.60% से 8.90% तक यील्ड मिल रही थी।

Read more!
Advertisement