आठवें वेतन आयोग में पेंशन बढ़ाने की उठी मांग, नए फॉर्मूले से कितना होगा फायदा?
आठवें वेतन आयोग से केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी उम्मीदें हैं। कर्मचारी संगठनों ने आयोग के सामने दो ऐसी अहम मांगें रखी हैं, जिनके मंजूर होने पर पेंशन में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है। जानिए नए फॉर्मूले से कितनी बढ़ सकती है पेंशन और कब होगा फैसला।

In Short
- कर्मचारी संगठनों ने बेसिक सैलरी का 67% पेंशन के तौर पर देने की मांग रखी है।
- 3.83 फिटमेंट फैक्टर मंजूर होने पर न्यूनतम बेसिक सैलरी 68,940 रुपये हो सकती है।
- आठवें वेतन आयोग को मई 2027 तक अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपनी हैं।
आठवें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की सिफारिशों का इंतजार कर रहे केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए आने वाले महीने काफी अहम रहने वाले हैं। आयोग के सामने अलग-अलग कर्मचारी संगठनों ने सैलरी और पेंशन से जुड़ी कई मांगें रखी हैं। इनमें कुछ मांगें ऐसी हैं, जिनके पूरा होने से रिटायर्ड कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव आ सकता है। आइए जानते हैं कि ये मांगें क्या हैं और इनके पूरा होने पर पेंशन कितनी बढ़ सकती है।
पेंशन बढ़ाने को लेकर क्या हैं मांगें?
नेशनल काउंसिल ऑफ जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) ने आखिरी बेसिक सैलरी के 50% की जगह 67% पेंशन देने की मांग की है। इसके अलावा फैमिली पेंशन को 30% से बढ़ाकर 50% करने का प्रस्ताव रखा है। वहीं भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) ने सभी केंद्रीय कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) फिर से लागू करने की मांग की है। ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉइज फेडरेशन (AIDEF) और भारत पेंशनर्स समाज ने भी पेंशन नियमों में बदलाव के प्रस्ताव दिए हैं।
नए फॉर्मूले से कितनी बढ़ेगी पेंशन?
मौजूदा ओल्ड पेंशन स्कीम के तहत आखिरी बेसिक सैलरी या पिछले 10 महीनों की औसत सैलरी में से जो ज्यादा होती है, उसके 50% के आधार पर पेंशन तय होती है। सातवें वेतन आयोग के तहत लेवल-10 के कर्मचारी की न्यूनतम बेसिक सैलरी 56,100 रुपये है। इस हिसाब से उसकी बेसिक पेंशन 28,050 रुपये बनती है। अगर 67% पेंशन की मांग स्वीकार होती है तो यह बढ़कर 37,587 रुपये हो सकती है।
फिटमेंट फैक्टर बढ़ाने की भी मांग
छठे वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 1.86 था, जिसे सातवें वेतन आयोग में बढ़ाकर 2.57 किया गया था। इसके चलते न्यूनतम बेसिक सैलरी 7,000 रुपये से बढ़कर 18,000 रुपये हो गई थी। अब कर्मचारी संगठन 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रहे हैं। इसके मंजूर होने पर न्यूनतम बेसिक सैलरी करीब 51,000 रुपये बढ़कर 68,940 रुपये हो सकती है।
दोनों मांगें पूरी हुईं तो कितनी मिलेगी पेंशन?
लेवल-10 की 56,100 रुपये की न्यूनतम बेसिक सैलरी आमतौर पर ग्रुप-A और कुछ ग्रुप-B पदों पर लागू होती है। अगर 3.83 फिटमेंट फैक्टर मंजूर होता है तो इस लेवल की बेसिक सैलरी बढ़कर 2,14,863 रुपये हो सकती है। इसके साथ ही 67% पेंशन वाला फॉर्मूला लागू होने पर मासिक बेसिक पेंशन करीब 1,43,958 रुपये हो सकती है।
मई 2027 तक रिपोर्ट सौंपने की डेडलाइन
केंद्र सरकार ने नवंबर 2025 में आठवें वेतन आयोग का गठन किया था। आयोग को अपनी सिफारिशें सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है, जिसकी डेडलाइन मई 2027 में पूरी होगी। हालांकि, पेंशन और सैलरी के ये कैलकुलेशन प्रस्तावित मांगों पर आधारित हैं। वास्तविक बढ़ोतरी आयोग की सिफारिशों और केंद्र सरकार के अंतिम फैसले पर निर्भर करेगी।