कॉलेज की उम्र में करोड़ों का बिजनेस! 18 वर्ष के 'Gen Z' रेहान मंसूरी लगाएंगे ₹80 करोड़ का सेमीकंडक्टर प्लांट

महज 18 साल की उम्र में अहमदाबाद के रेहान मंसूरी ने सेमीकंडक्टर सेक्टर में बड़ा कदम उठाया है। उनका स्टार्टअप Micronex गुजरात में ₹80 करोड़ की फैक्ट्री लगाने की तैयारी कर रहा है। यहां चिप पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले कंपोनेंट बनाए जाएंगे। आखिर इतनी कम उम्र में रेहान को यह बिजनेस शुरू करने का आइडिया कैसे आया और आगे क्या है उनकी योजना?

Advertisement
18 साल के युवा उद्यमी ने गुजरात के ₹1.4 लाख करोड़ के सेमीकंडक्टर सेक्टर में रखा कदम।
18 साल के युवा उद्यमी ने गुजरात के ₹1.4 लाख करोड़ के सेमीकंडक्टर सेक्टर में रखा कदम।

In Short

  • 18 साल के रेहान मंसूरी गुजरात में ₹80 करोड़ की फैक्ट्री लगा रहे हैं।
  • मई 2027 तक उत्पादन शुरू होने और 250 नौकरियां मिलने की उम्मीद है।
  • Micronex की योजना हर साल 50 करोड़ लीड फ्रेम बनाने की है।

By Shakshi:

आमतौर पर 18 साल की उम्र में युवा अपनी पढ़ाई और करियर के बारे में सोच रहे होते हैं। लेकिन अहमदाबाद के रहने वाले रेहान मंसूरी ने इस उम्र में सेमीकंडक्टर सेक्टर में कदम रख दिया है। उन्होंने Micronex नाम से स्टार्टअप शुरू किया है, जो गुजरात में ₹80 करोड़ के शुरुआती निवेश से फैक्ट्री लगाने की तैयारी कर रहा है।

गुजरात के साणंद में लगेगी फैक्ट्री

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, रेहान मंसूरी की कंपनी Micronex गुजरात के साणंद में सेमीकंडक्टर चिप की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले लीड फ्रेम (Lead Frame) बनाएगी।

फैक्ट्री का निर्माण शुरू हो चुका है और मई 2027 तक उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। पहले चरण में कंपनी हर साल 50 करोड़ लीड फ्रेम बनाने की योजना पर काम कर रही है। फैक्ट्री शुरू होने के बाद करीब 250 लोगों को सीधे रोजगार मिलने की संभावना है।

क्या होता है लीड फ्रेम?

लीड फ्रेम धातु से बना एक पतला ढांचा होता है, जो सेमीकंडक्टर चिप को अपनी जगह पर रखने और उसे बाहरी इलेक्ट्रॉनिक सर्किट से जोड़ने में मदद करता है।

Micronex की योजना 0.1 से 0.25 मिलीमीटर मोटाई वाले कॉपर अलॉय लीड फ्रेम बनाने की है। शुरुआत में कंपनी का फोकस पावर इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर पर रहेगा। बाद में कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकॉम सेक्टर में भी विस्तार करने की योजना है।

Kaynes Semicon के साथ हुआ समझौता

Micronex ने नई दिल्ली में आयोजित Semicon India 2026 के दौरान Kaynes Semicon के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस समझौते से कंपनी को सेमीकंडक्टर निर्माताओं तक अपने उत्पाद पहुंचाने का मौका मिल सकता है। इसके अलावा Micronex की योजना India Semiconductor Mission 2.0 के तहत आवेदन करने की भी है।

रेहान मंसूरी के मुताबिक, उन्हें भारत की सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन में एक कमी नजर आई थी। इसी को देखते हुए उन्होंने देश में ही लीड फ्रेम बनाने का फैसला किया, ताकि चिप बनाने वाली कंपनियों की आयात पर निर्भरता और सामान मंगाने में लगने वाला समय कम हो सके।

कनाडा की 12 साल की बच्ची ने भी शुरू किया AI स्टार्टअप

कम उम्र में टेक्नोलॉजी बिजनेस शुरू करने का एक और उदाहरण कनाडा की माना जंपाला हैं। ब्रिटिश कोलंबिया की रहने वाली 12 साल की माना ने नवंबर 2025 में Voxa नाम से AI आधारित रिसेप्शनिस्ट सर्विस शुरू की।

यह सर्विस कारोबारियों के फोन कॉल का जवाब देने, अपॉइंटमेंट बुक करने और ग्राहकों से बातचीत करने में मदद करती है।

माना ने पहले Scratch के जरिए प्रोग्रामिंग सीखी और बाद में खुद Python सीखना शुरू किया। उन्होंने अपने प्रोजेक्ट की कोडिंग में ChatGPT और Anthropic के Claude की भी मदद ली।

इस तरह रेहान मंसूरी और माना जंपाला जैसे युवा उद्यमियों की पहल दिखाती है कि कम उम्र में भी जटिल टेक्नोलॉजी से जुड़े कारोबार शुरू किए जा रहे हैं।

Read more!
Advertisement