Yamaha YZF-R2 vs R15 V4: 204cc इंजन से लेकर फीचर्स तक, जानिए कितनी अलग है नई R2
Yamaha YZF-R2 ने R15 V4 के ऊपर एक ज्यादा पावरफुल और फीचर-लोडेड विकल्प के तौर पर एंट्री की है। इसमें 204cc इंजन, ज्यादा पावर, riding modes और bidirectional quickshifter जैसे अपग्रेड मिलते हैं। लेकिन कीमत भी ज्यादा है, इसलिए सवाल है कि क्या यह R15 से बड़ा अपग्रेड साबित होती है।

In Short
- Yamaha YZF-R2 में 204cc इंजन मिलता है, जबकि R15 V4 में 155cc इंजन दिया गया है
- R2 ज्यादा पावर, riding modes और bidirectional quickshifter जैसे फीचर्स के साथ आती है
- बेस R2 और बेस R15 V4 की कीमत में करीब 55 हजार रुपये से ज्यादा का अंतर है
Yamaha ने भारत में अपनी नई YZF-R2 लॉन्च कर दी है। यह बाइक कंपनी की लोकप्रिय R15 V4 से ऊपर बैठती है और ज्यादा पावरफुल इंजन, नए फ्रेम और कई अतिरिक्त फीचर्स के साथ आती है। पहली नजर में दोनों बाइक्स का डिजाइन काफी हद तक एक जैसा लग सकता है, लेकिन इंजन, फीचर्स, चेसिस और कीमत में बड़ा अंतर है। नई Yamaha YZF-R2 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत दिल्ली में 2,30,500 रुपये है।
कीमत में कितना अंतर
Yamaha YZF-R2 के Metallic Black और Dark Bluish Grey वेरिएंट की कीमत 2,30,500 रुपये है। Matte White Pearl और Racing Blue की कीमत 2,39,500 रुपये है, जबकि टॉप-स्पेक R2 M Metallic Grey की कीमत 2,53,000 रुपये रखी गई है।
इसके मुकाबले R15 V4 की कीमत काफी कम है। इसका Metallic Black और Metallic Red वेरिएंट 1,74,850 रुपये में मिलता है। Dark Knight की कीमत 1,75,750 रुपये, MotoGP Edition की 1,76,050 रुपये और Matte Pearl White की कीमत 1,79,500 रुपये है। वहीं R15M Metallic Grey की कीमत 1,90,330 रुपये और R15M Icon Performance की कीमत 2,00,450 रुपये है। बेस R2 और बेस R15 के बीच करीब 55,650 रुपये का अंतर है।
डिजाइन में R9 की झलक
नई YZF-R2 को Yamaha की बड़ी इंटरनेशनल स्पोर्टबाइक R9 से डिजाइन इंस्पिरेशन मिला है। इसके फ्रंट हिस्से को नया रूप दिया गया है। इसमें नया LED हेडलाइट सेटअप और स्पोर्टी LED टर्न इंडिकेटर दिए गए हैं।
हालांकि R2 और R15 को साथ देखने पर दोनों का ओवरऑल डिजाइन काफी मिलता-जुलता नजर आता है। R2 का लुक ज्यादा प्रीमियम और बड़ी बाइक जैसा बनाने की कोशिश की गई है, लेकिन दोनों के बीच डिजाइन का अंतर उतना बड़ा नहीं है जितना इंजन और फीचर्स में देखने को मिलता है।
R2 में 204cc का बड़ा इंजन
दोनों बाइक्स के बीच सबसे बड़ा फर्क इंजन का है। Yamaha R15 V4 में 155cc का लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 18.4 PS की पावर और 14.2 Nm का टॉर्क देता है।
इसके मुकाबले नई YZF-R2 में 204cc का लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है। यह इंजन 26.5 PS की पावर और 19.1 Nm का टॉर्क पैदा करता है। यानी R2 को R15 के मुकाबले पावर और टॉर्क दोनों में बड़ा फायदा मिलता है।
दोनों बाइक्स में 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। हालांकि एक दिलचस्प अंतर यह है कि R15 में मिलने वाला VVA यानी Variable Valve Actuation सिस्टम R2 के इंजन में नहीं मिलता।
Quickshifter में भी R2 आगे
नई R2 के मिड और टॉप वेरिएंट में bidirectional quickshifter मिलता है। इसका मतलब राइडर बिना क्लच इस्तेमाल किए ऊपर और नीचे दोनों तरफ गियर बदल सकता है।
इसके मुकाबले R15 के टॉप-स्पेक R15M वेरिएंट में केवल up-only quickshifter मिलता है। यानी बिना क्लच के गियर ऊपर किए जा सकते हैं, लेकिन नीचे करने के लिए सामान्य तरीके का इस्तेमाल करना पड़ता है।
तीन Riding Modes भी मिलेंगे
फीचर्स के मामले में भी नई YZF-R2 ज्यादा आगे दिखाई देती है। इसमें 5 इंच का TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल मिलता है, जिसमें Bluetooth connectivity और turn-by-turn navigation जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
R2 में Street, Sport और Rain नाम से तीन riding modes भी दिए गए हैं। R15 V4 में कोई riding mode नहीं मिलता। दोनों बाइक्स में Bluetooth connectivity, traction control और dual-channel ABS दिए गए हैं।
R2 M में adjustable brake और clutch levers के अलावा keyless ignition के लिए Smart Key भी दी गई है। इसके अलावा R2 के सभी तीन वेरिएंट में rider footpegs को adjust करने की सुविधा मिलती है, जो R15 में उपलब्ध नहीं है।
फ्रेम में हुआ बड़ा बदलाव
R15 लंबे समय से Yamaha के Deltabox frame के लिए पहचानी जाती रही है। लेकिन नई YZF-R2 में कंपनी ने Diamond Type frame का इस्तेमाल किया है।
दोनों बाइक्स में 37 mm inverted front fork और linked monoshock मिलता है। हालांकि टॉप-स्पेक R2 M में आगे और पीछे दोनों तरफ adjustable suspension दिया गया है। यह उन ग्राहकों के लिए खास हो सकता है जो बाइक को ट्रैक पर इस्तेमाल करना चाहते हैं और suspension setup को अपने हिसाब से बदलना चाहते हैं।
ब्रेक में भी R2 को अपग्रेड
दोनों बाइक्स में आगे 282 mm डिस्क और पीछे 220 mm डिस्क ब्रेक मिलता है। हालांकि R2 में फ्रंट पर Nissin का 4-piston caliper दिया गया है, जबकि R15 में 2-piston caliper मिलता है।
R2 का वजन वेरिएंट के हिसाब से 149 से 150 किलोग्राम है, जबकि R15 का कर्ब वेट 141 किलोग्राम है। यानी बड़ा इंजन और ज्यादा फीचर्स मिलने के साथ R2 कुछ भारी भी है।
सीट ऊंचाई में R2 थोड़ी नीचे
R2 की सीट ऊंचाई 810 mm है जबकि R15 की 815 mm है। दोनों बाइक्स का ground clearance 170 mm है। इस लिहाज से R2 की सीट R15 के मुकाबले 5 mm नीचे है, जबकि जमीन से बाइक के निचले हिस्से की दूरी दोनों में बराबर रहती है।
R2 या R15 किसे खरीदना ज्यादा सही
अगर बजट प्राथमिकता है और एक हल्की स्पोर्टबाइक के साथ 155cc इंजन और Yamaha का Deltabox frame चाहिए तो R15 V4 अभी भी मजबूत विकल्प बनी रहती है।
वहीं अगर खरीदार ज्यादा पावर, बड़ा इंजन, riding modes, बेहतर quickshifter और ज्यादा adjustment वाले फीचर्स चाहता है तो YZF-R2 बड़ा अपग्रेड बनकर सामने आती है। खास तौर पर R2 M में adjustable suspension, Smart Key और दूसरे अतिरिक्त फीचर्स इसे R15 के मुकाबले ज्यादा प्रीमियम बनाते हैं। लेकिन इसके लिए करीब 50 हजार रुपये से ज्यादा अतिरिक्त रकम भी खर्च करनी होगी।
नई YZF-R2 का सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारतीय खरीदार R15 से मिलने वाली अतिरिक्त पावर और फीचर्स के लिए यह प्रीमियम कीमत देने को तैयार होंगे, या फिर कम कीमत और हल्के पैकेज की वजह से R15 की लोकप्रियता बरकरार रहेगी।