Volkswagen Mission Efficiency: 3 विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली इस इलेक्ट्रिक कार ने बढ़ाई ऑटो सेक्टर की धड़कन

Volkswagen ने EV टेक्नोलॉजी में नया मुकाम हासिल करने वाली Mission Efficiency पेश की है। यह कार अपनी शानदार एयरोडायनामिक्स, कम ऊर्जा खपत और लंबी रेंज के लिए चर्चा में है। आखिर कैसे इस इलेक्ट्रिक कार ने बनाए तीन वर्ल्ड रिकॉर्ड और क्या हैं इसके खास फीचर्स, जानिए पूरी कहानी।

Advertisement

In Short

  • Volkswagen Mission Efficiency ने 0.158 Cd ड्रैग कोएफिशिएंट के साथ बनाया एयरोडायनामिक रिकॉर्ड
  • EV ने 1,278 किलोमीटर की लंबी यात्रा में दिखाई शानदार एनर्जी एफिशिएंसी
  • सोलर रूफ और प्रोडक्शन-रेडी टेक्नोलॉजी के साथ तैयार किया गया खास प्रोटोटाइप

By Gungun Mishra:

Volkswagen ने अपनी नई इलेक्ट्रिक कार प्रोटोटाइप Mission Efficiency को पेश किया है। कंपनी का दावा है कि यह कार एयरोडायनामिक डिजाइन और कम ऊर्जा खपत के मामले में नए रिकॉर्ड स्थापित करती है। MEB+ प्लेटफॉर्म पर आधारित इस कार ने प्रोडक्शन-रेडी टेक्नोलॉजी के साथ तीन वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं।

इस कार की सबसे खास बात इसका 0.158 Cd ड्रैग कोएफिशिएंट है। Volkswagen के मुताबिक, यह सड़क पर चलने के लिए तैयार सबसे ज्यादा एयरोडायनामिक कार है। इसके डिजाइन में कम फ्रंटल एरिया, स्लिम बॉडी और कई एयरोडायनामिक बदलाव किए गए हैं, जिससे तेज रफ्तार पर भी कम ऊर्जा खर्च होती है।

1,278 किलोमीटर की यात्रा में दिखाया दम

Mission Efficiency ने एक टेस्ट में 6.48kWh/100km की ऊर्जा खपत दर्ज की। यह टेस्ट 68kmph की स्थिर रफ्तार पर किया गया था, जिसमें एयर कंडीशनिंग और दूसरे इलेक्ट्रिकल फीचर्स बंद रखे गए थे।

वहीं, असली सड़क परिस्थितियों में इस कार ने जर्मनी के Wolfsburg से ऑस्ट्रिया के Vienna तक 1,278.36 किलोमीटर की दूरी तय की। इस सफर में कार की ऊर्जा खपत 6.89kWh/100km (चार्जिंग लॉस के बिना) और 7.51kWh/100km (चार्जिंग लॉस के साथ) रही।

इस लंबी यात्रा के दौरान कार की 54.9kWh बैटरी को सिर्फ एक बार चार्ज किया गया। Vienna पहुंचने के बाद भी इसमें करीब 164 किलोमीटर की रेंज बची हुई थी। इस सफर में कार की औसत स्पीड 67.72kmph और अधिकतम स्पीड 138kmph रही।

डिजाइन में किए गए कई बदलाव

Mission Efficiency का डिजाइन पूरी तरह से हवा के दबाव को कम करने पर केंद्रित है। कार की लंबाई 4,775mm और ऊंचाई सिर्फ 1,392mm है। इसमें 2+2 सीटिंग लेआउट दिया गया है।

कार में छोटे 2.08 वर्गमीटर फ्रंटल एरिया के साथ एक्टिव कूलिंग फ्लैप्स, कवर किए गए रियर व्हील्स, पूरी तरह कवर अंडरबॉडी, फ्रेमलेस विंडो और फ्लश डोर हैंडल दिए गए हैं।

Volkswagen का कहना है कि 80kmph से ऊपर की स्पीड पर एयरोडायनामिक सुधार का असर ज्यादा दिखता है। कंपनी के अनुसार, Mission Efficiency हाई स्पीड पर स्टैंडर्ड ID. Polo के मुकाबले 30 फीसदी से ज्यादा कम ऊर्जा इस्तेमाल करती है।

प्रोडक्शन टेक्नोलॉजी पर आधारित है कार

Volkswagen ने बताया कि Mission Efficiency किसी महंगी या अलग तरह की तकनीक पर आधारित शोकेस मॉडल नहीं है। इसमें आने वाली ID. Polo से लिया गया 99kW (135bhp) इलेक्ट्रिक मोटर और हाई-वोल्टेज बैटरी इस्तेमाल की गई है।

कार में प्रोडक्शन-आधारित सस्पेंशन और ब्रेकिंग सिस्टम भी दिए गए हैं। इसके अलावा रियर एक्सल में AUMOVIO के साथ विकसित नया इलेक्ट्रोमैकेनिकल ब्रेक सिस्टम लगाया गया है, जो घर्षण को कम करने और एनर्जी रिकवरी को बेहतर बनाने में मदद करता है।

सोलर रूफ से मिलेगी अतिरिक्त रेंज

Mission Efficiency में 370W का फोटोवोल्टिक सिस्टम भी दिया गया है, जो ग्लास रूफ और बूट लिड में लगाया गया है। Volkswagen के अनुसार, मौसम और जगह के हिसाब से यह सिस्टम रोजाना 30 किलोमीटर तक की अतिरिक्त रेंज दे सकता है।

कार के अंदर वजन कम रखने के लिए हल्के मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है। इसमें पारंपरिक इंफोटेनमेंट सिस्टम और स्पीकर की जगह स्मार्टफोन या टैबलेट और पोर्टेबल Bluetooth स्पीकर का इस्तेमाल किया गया है।

इसके बावजूद कार में 481 लीटर का लगेज स्पेस दिया गया है। पीछे की सीटों के नीचे और बॉडी के किनारों में भी अतिरिक्त स्टोरेज मिलता है। Volkswagen का कहना है कि Mission Efficiency दिखाती है कि बड़े पैमाने पर बनने वाली EVs में भी एफिशिएंसी को और बेहतर किया जा सकता है। यह कार कंपनी की 2013 में लॉन्च हुई अल्ट्रा-एफिशिएंट Volkswagen XL1 से प्रेरित है।

Read more!
Advertisement