भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में उतरने जा रही VinFast! 50 डीलर्स से मिलाया हाथ, इन राज्यों पर नजर
इलेक्ट्रिक कारों के बाद अब VinFast भारतीय टू-व्हीलर बाजार में बड़ा कदम उठाने जा रही है। कंपनी ने इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करने की तैयारी तेज कर दी है और कई डीलर्स के साथ समझौता भी किया है। आखिर किन शहरों में खुलेंगे शोरूम और कौन-सा स्कूटर भारत आएगा? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- इलेक्ट्रिक कारों के बाद अब भारतीय इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में एंट्री की तैयारी कर रही VinFast।
- कंपनी ने 50 से ज्यादा डीलर पार्टनर्स के साथ समझौता किया, 34 शहरों में शोरूम खोलने की योजना।
- दिल्ली-NCR समेत 15 राज्यों में नेटवर्क बढ़ाने का प्लान, स्कूटर के मॉडल का अभी खुलासा नहीं।
भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में अपनी पहचान बनाने के बाद अब वियतनाम की ऑटोमोबाइल कंपनी विनफास्ट (VinFast) इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करने की योजना बना रही है। इसके लिए विनफास्ट ने 50 से ज्यादा डीलर पार्टनर्स के साथ समझौता किया है। कंपनी का लक्ष्य देश के 15 राज्यों में अपना डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क तैयार करना है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि कंपनी भारत में कौन-सा इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करेगी।
50 से ज्यादा डीलर्स के साथ हुआ समझौता
विनफास्ट ने भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में एंट्री करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने 50 से ज्यादा इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल डीलर पार्टनर्स के साथ लेटर ऑफ इंटेंट साइन किया है। यह समझौता वियतनाम में कंपनी के हाई फोंग मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स में हुआ।
इस दौरान भारतीय डीलर्स के प्रतिनिधि कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का दौरा करने पहुंचे थे। इस समझौते के तहत विनफास्ट भारत के 34 शहरों में 50 से ज्यादा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर शोरूम खोलने की योजना बना रही है।
दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों पर कंपनी की नजर
विनफास्ट भारत के उन बाजारों पर खास ध्यान दे रही है, जहां इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की मांग ज्यादा है। इनमें दिल्ली-एनसीआर, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे बड़े बाजार शामिल हैं।
कंपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री के लिए अलग डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क तैयार करेगी। यानी इलेक्ट्रिक कारों के मौजूदा कारोबार से अलग टू-व्हीलर्स के लिए नए शोरूम और डीलर नेटवर्क पर काम किया जाएगा।
भारतीय बाजार को लेकर क्या बोली कंपनी?
विनफास्ट ई-स्कूटर ओवरसीज मार्केट की मैनेजिंग डायरेक्टर वो थी कैम् तू (जैस्मिन) ने कहा कि भारत कंपनी की ग्लोबल ग्रोथ स्ट्रैटेजी के सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में शामिल है।
उन्होंने कहा कि भारतीय पार्टनर्स के साथ हुआ यह समझौता कंपनी की लंबी अवधि की प्रतिबद्धता को दिखाता है। विनफास्ट को भारतीय बाजार के बड़े आकार और यहां मौजूद संभावनाओं पर पूरा भरोसा है।
भारत में पहले से बेच रही तीन इलेक्ट्रिक कारें
विनफास्ट भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में पहले से मौजूद है। सितंबर में कंपनी ने 2,964 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री की थी। इसके साथ ही कंपनी भारत में चौथी सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक कारें बेचने वाली कंपनी बन गई।
फिलहाल कंपनी के भारतीय पोर्टफोलियो में VF 6, VF 7 और MPV 7 शामिल हैं। इनमें दो इलेक्ट्रिक SUV और एक इलेक्ट्रिक MPV है। अब कंपनी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहती है। हालांकि, भारत में लॉन्च होने वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर के मॉडल को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।