त्योहारी सीजन में TVS का धमाका! सस्ती कीमत पर लॉन्च की नई Radeon, मिलेंगे ये खास फीचर्स
त्योहारी सीजन में TVS ने अपनी पॉपुलर बाइक Radeon को नए अवतार में लॉन्च किया है। इस बार बाइक में कई ऐसे बदलाव किए गए हैं, जो इसे पहले से ज्यादा आकर्षक बनाते हैं। कीमत में भी बदलाव हुआ है। जानिए नई Radeon के फीचर्स, माइलेज और तीनों वेरिएंट्स की कीमत।

In Short
- TVS Radeon 2026 लॉन्च, कीमत ₹67,100 से शुरू।
- नई बाइक में ऑल-LED लाइटिंग और नए कलर ऑप्शन।
- 109.7cc इंजन के साथ 69.3 kmpl माइलेज का दावा।
त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही टीवीएस मोटर कंपनी ने अपनी पॉपुलर कम्यूटर मोटरसाइकिल TVS Radeon का 2026 एडिशन लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस बार बाइक के लुक और फीचर्स में कुछ बदलाव किए हैं। नई रेडियॉन में ऑल-एलईडी लाइटिंग, नए ग्राफिक्स और नए कलर ऑप्शन दिए गए हैं। हालांकि, इंजन और बाकी फीचर्स पहले जैसे ही रखे गए हैं।
त्योहारों के दौरान गाड़ियों की बिक्री बढ़ती है। ऐसे में कंपनी ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए रेडियॉन का अपडेटेड मॉडल पेश किया है। आइए जानते हैं कि इस बाइक की कीमत कितनी है और इसमें क्या कुछ नया मिलेगा।
TVS Radeon 2026 की कीमत कितनी है?
नई टीवीएस रेडियॉन को कंपनी ने तीन वेरिएंट्स में लॉन्च किया है। इनमें बेस, डिजी-ड्रम और डिजी-डिस्क शामिल हैं। बाइक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 67,100 रुपये रखी गई है, जबकि टॉप वेरिएंट के लिए 73,100 रुपये खर्च करने होंगे।
बेस वेरिएंट की कीमत 67,100 रुपये, डिजी-ड्रम की 70,100 रुपये और डिजी-डिस्क की 73,100 रुपये है। खास बात यह है कि बेस वेरिएंट पहले के मुकाबले 1,250 रुपये महंगा हो गया है। वहीं, टॉप वेरिएंट डिजी-डिस्क की कीमत पहले से कम रखी गई है।
अब सभी वेरिएंट्स में मिलेगी LED लाइटिंग
नई रेडियॉन में सबसे अहम बदलाव इसकी लाइटिंग में किया गया है। कंपनी ने अब सभी वेरिएंट्स में एलईडी लाइटिंग स्टैंडर्ड कर दी है। बाइक में नया एलईडी हेडलैम्प दिया गया है, जो सिग्नेचर डीआरएल के साथ आता है।
इसके अलावा एलईडी टेललैम्प और एलईडी टर्न इंडिकेटर्स भी मिलेंगे। ब्रेकिंग की बात करें तो टॉप वेरिएंट डिजी-डिस्क में फ्रंट डिस्क ब्रेक दिया गया है। वहीं, बेस और डिजी-ड्रम वेरिएंट्स में ड्रम ब्रेक मिलेंगे।
नए ग्राफिक्स और कलर ऑप्शन
टीवीएस ने बाइक को फ्रेश लुक देने के लिए इसके ग्राफिक्स भी अपडेट किए हैं। बेस वेरिएंट में ब्लैक-ब्लू और ब्लैक-रेड कलर ऑप्शन मिलेंगे।
वहीं, डिजी-ड्रम और डिजी-डिस्क वेरिएंट्स में ब्लैक-ऑरेंज और रेड-ब्लैक कलर कॉम्बिनेशन दिए गए हैं। इन बदलावों के अलावा बाइक के बाकी फीचर्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इंजन और माइलेज में कितना दम?
नई टीवीएस रेडियॉन में पहले की तरह 109.7 सीसी का एयर और ऑयल कूल्ड इंजन मिलता है। यह इंजन 8 एचपी की पावर और 8.7 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है।
बाइक में 10 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है। कंपनी के दावे के मुताबिक, रेडियॉन का माइलेज 69.3 किलोमीटर प्रति लीटर है। इसके अलावा बाइक में यूएसबी चार्जिंग और कलर डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।