भारत आ रही है 128 साल पुरानी बाइक कंपनी! TVS ने लगाए करोड़ों रुपये, नई 450cc बाइक भी पेश
Norton 450 Urban India Launch: भारत के बाइक बाजार में जल्द एक और ब्रिटिश ब्रांड की एंट्री होने वाली है। TVS Motor की Norton Motorcycles ने अपनी नई 450 Urban बाइक पेश की है। इसमें 454cc इंजन, 47 PS पावर और कई एडवांस फीचर्स मिलते हैं। कंपनी भारत और अमेरिका में कारोबार शुरू करने की तैयारी कर रही है। जानिए पूरा प्लान।

In Short
- TVS Motor के मालिकाना हक वाली Norton अगले कुछ महीनों में भारत और अमेरिका में एंट्री की तैयारी कर रही है।
- नई Norton 450 Urban में 454cc इंजन, 47 PS पावर और 8 इंच की TFT टचस्क्रीन मिलेगी।
- TVS ने Norton को दोबारा मजबूत बनाने के लिए 20 करोड़ पाउंड से ज्यादा का निवेश किया है।
भारतीय टू-व्हीलर कंपनी TVS Motor के मालिकाना हक वाली ब्रिटिश बाइक निर्माता Norton Motorcycles अब भारत में एंट्री करने की तैयारी कर रही है। कंपनी आने वाले कुछ महीनों में भारत और अमेरिका के बाजार में कदम रखने वाली है। इसी बीच इटली के मिलान में आयोजित EICMA 2026 मोटर शो में कंपनी ने अपनी नई Norton 450 Urban बाइक से पर्दा उठाया है। इसमें 454cc का दमदार इंजन और कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं।
Norton 450 Urban में क्या है खास?
Norton ने पहली बार 450cc सेगमेंट में कदम रखा है। कंपनी की नई Norton 450 Urban में 454cc का लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन 47 PS की पावर और 45 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है।
बाइक में एल्युमिनियम फ्रेम, कॉर्नरिंग ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल और 8 इंच की TFT टचस्क्रीन जैसे फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी इसे दो वेरिएंट में पेश करेगी। इस बाइक को खासतौर पर शहर में चलाने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
भारत में कब होगी Norton की एंट्री?
Norton ने बताया है कि वह आने वाले कुछ महीनों में भारत और अमेरिका में अपना कारोबार शुरू करने की तैयारी कर रही है। हालांकि, भारत में लॉन्च की सटीक तारीख और नई बाइक की कीमत का अभी खुलासा नहीं किया गया है।
कंपनी फिलहाल 10 देशों में कारोबार कर रही है और उसके 50 से ज्यादा रिटेल आउटलेट हैं। आने वाले समय में Norton अपने नेटवर्क को 200 से ज्यादा आउटलेट तक पहुंचाना चाहती है। कंपनी का लक्ष्य दुनियाभर में हर साल करीब 20,000 बाइक्स बेचने का है।
TVS ने Norton पर खर्च किए करोड़ों रुपये
TVS Motor ने साल 2020 में ब्रिटिश कंपनी Norton को खरीदा था। इसके बाद कंपनी को दोबारा मजबूत बनाने के लिए 20 करोड़ पाउंड से ज्यादा का निवेश किया गया है।
इस निवेश से ब्रिटेन के सोलिहल में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट और हेडक्वार्टर को विकसित किया गया है। साथ ही कर्मचारियों की संख्या में 25 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
Norton की ये बाइक्स भी होंगी बाजार में
Norton की Manx R और Atlas बाइक्स का प्रोडक्शन शुरू हो चुका है और यूरोप में ग्राहकों को इनकी डिलीवरी भी मिल रही है। वहीं, Manx और Atlas GT भी जल्द इस लाइनअप में शामिल होंगी।
1898 में शुरू हुई Norton अब स्पोर्ट्स, नेकेड और एडवेंचर टूरिंग सेगमेंट में अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहती है।