TVS Motor की सेल्स में जबरदस्त तेजी! सितंबर में लाखों गाड़ियां बिकीं, जानें किस सेगमेंट ने किया कमाल
सितंबर का महीना TVS Motor के लिए शानदार रहा। कंपनी की गाड़ियों की बिक्री में सालाना आधार पर मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई। खास बात यह है कि इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से लेकर एक्सपोर्ट तक कई सेगमेंट में डिमांड बढ़ी है। जानिए सितंबर और पूरी तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन कैसा रहा।

In Short
- सितंबर में TVS Motor ने कुल 6,72,790 गाड़ियां बेचीं
- इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की बिक्री सालाना आधार पर 110.45% बढ़ी
- तीसरी तिमाही में कंपनी का इंटरनेशनल बिजनेस 5.39 लाख यूनिट्स के पार पहुंचा
सितंबर का महीना टीवीएस मोटर कंपनी के लिए शानदार रहा है। कंपनी की गाड़ियों की बिक्री में मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिली है। सितंबर में कंपनी ने कुल 6,72,790 गाड़ियां बेची हैं। सालाना आधार पर कंपनी की बिक्री में 24.35 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई है। वहीं अगस्त के मुकाबले बिक्री 9.12 फीसदी बढ़ी है। इलेक्ट्रिक स्कूटर्स और एक्सपोर्ट में बेहतर प्रदर्शन से कंपनी की बिक्री को बड़ा सहारा मिला है।
सितंबर में 6.46 लाख टू-व्हीलर्स बिके
सितंबर में टीवीएस मोटर की टू-व्हीलर बिक्री 23.29 फीसदी बढ़कर 6,45,955 यूनिट्स पर पहुंच गई। घरेलू बाजार में कंपनी ने 4,82,073 टू-व्हीलर्स बेचे हैं। इसके अलावा कंपनी का प्रदर्शन एक्सपोर्ट मार्केट में भी बेहतर रहा है।
सितंबर में कंपनी की कुल टू-व्हीलर बिक्री में एक्सपोर्ट की हिस्सेदारी करीब एक चौथाई रही। कंपनी के टू-व्हीलर के साथ-साथ थ्री-व्हीलर सेगमेंट में भी बिक्री बढ़ी है।
तीसरी तिमाही में 19 लाख से ज्यादा गाड़ियां बिकीं
कैलेंडर ईयर 2026 की तीसरी तिमाही यानी जुलाई से सितंबर के दौरान टीवीएस मोटर ने कुल 19.19 लाख गाड़ियां बेची हैं। इस दौरान कंपनी की टू-व्हीलर बिक्री 18.40 लाख यूनिट्स से ज्यादा रही।
घरेलू बाजार में टू-व्हीलर्स की बिक्री में 24.05 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं एक्सपोर्ट में 34.37 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली। थ्री-व्हीलर बिजनेस को शामिल करने पर कंपनी का इंटरनेशनल बिजनेस 34.82 फीसदी बढ़कर 5.39 लाख यूनिट्स के पार पहुंच गया। कुल तिमाही बिक्री में एक्सपोर्ट की हिस्सेदारी 28.11 फीसदी रही।
इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की बिक्री में बड़ा उछाल
टीवीएस मोटर को इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की बढ़ती डिमांड का भी फायदा मिला है। आईक्यूब और ऑर्बिटर की बदौलत सितंबर में कंपनी ने 65,799 इलेक्ट्रिक स्कूटर्स बेचे। सालाना आधार पर इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की बिक्री में 110.45 फीसदी की ग्रोथ हुई है। अगस्त के मुकाबले बिक्री 10.67 फीसदी बढ़ी है।
कंपनी की कुल टू-व्हीलर बिक्री में इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की हिस्सेदारी 10.19 फीसदी रही। जुलाई से सितंबर की तिमाही में इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की बिक्री 132.71 फीसदी बढ़कर 1,86,186 यूनिट्स पर पहुंच गई।
थ्री-व्हीलर सेगमेंट में भी बढ़ी बिक्री
सितंबर में टीवीएस मोटर ने 26,835 थ्री-व्हीलर्स बेचे। सालाना आधार पर इस सेगमेंट की बिक्री में 56.55 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस तरह सितंबर में टू-व्हीलर, इलेक्ट्रिक स्कूटर, थ्री-व्हीलर और एक्सपोर्ट सभी मोर्चों पर कंपनी की बिक्री में बढ़ोतरी देखने को मिली है।