नई Toyota Innova HyCross लॉन्च! 85% एथेनॉल पर चलेगी, कीमत ₹19.99 लाख से शुरू

Toyota ने भारतीय बाजार में नई Innova HyCross Flex Hybrid लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती कीमत ₹19.99 लाख है और सबसे खास बात इसका ऐसा इंजन है, जो E20 से E85 तक के एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर चल सकता है। लेकिन क्या E85 पेट्रोल हर जगह मिलेगा और नई कार कितना माइलेज देगी? जानिए कीमत, वेरिएंट और बुकिंग से जुड़ी पूरी जानकारी।

Advertisement
Toyota Innova HyCross Flex Hybrid ₹19.99 लाख में लॉन्च
Toyota Innova HyCross Flex Hybrid ₹19.99 लाख में लॉन्च

In Short

  • Toyota Innova HyCross Flex Hybrid ₹19.99 लाख में लॉन्च, 26 नवंबर से शुरू होगी बुकिंग
  • नई कार E20 से E85 तक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर चलने में सक्षम, चार हाइब्रिड ग्रेड उपलब्ध
  • E20 पेट्रोल पर 22.58 KMPL माइलेज का दावा, टॉप वेरिएंट की कीमत ₹31.99 लाख

By Shakshi:

Toyota Innova HyCross Flex Hybrid: Toyota Kirloskar Motor ने भारतीय बाजार में नई Innova HyCross Flex Hybrid Electric Vehicle लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.99 लाख रुपये रखी गई है। इस कार की सबसे खास बात यह है कि यह E20 से लेकर E85 तक के एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर चल सकती है। कंपनी ने इसमें Flex-Fuel इंजन के साथ सेल्फ-चार्जिंग स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड टेक्नोलॉजी दी है। इसकी बुकिंग 26 नवंबर से शुरू होगी।

कितनी है नई Innova HyCross की कीमत?

नई Innova HyCross Flex Hybrid को चार ग्रेड G, GX, VX और ZX में पेश किया गया है। चुनिंदा वेरिएंट में सात और आठ सीटों का विकल्प मिलेगा।

G Hybrid के सात और आठ सीटर मॉडल की कीमत 19.99 लाख रुपये है। GX Hybrid के सात सीटर की कीमत 23.99 लाख और आठ सीटर की 24.04 लाख रुपये है।

VX Hybrid के सात सीटर की कीमत 28.79 लाख और आठ सीटर की 28.84 लाख रुपये रखी गई है। वहीं, टॉप ZX Hybrid सात सीटर की कीमत 31.99 लाख रुपये है। सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं।

E20 से E85 पेट्रोल पर चलेगी कार

नई Innova HyCross की सबसे बड़ी खासियत इसका Flex-Fuel इंजन है। यह 20 प्रतिशत से लेकर 85 प्रतिशत तक एथेनॉल मिले पेट्रोल पर चल सकता है।

Toyota Kirloskar Motor के कंट्री हेड और एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट विक्रम गुलाटी के मुताबिक, इस टेक्नोलॉजी से ग्राहकों को पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा बढ़ने पर भी परेशानी नहीं होगी।

E85 पेट्रोल नहीं मिला तो क्या होगा?

भारत में फिलहाल E85 पेट्रोल पंपों की उपलब्धता सीमित है। हालांकि, कंपनी का कहना है कि ग्राहकों को इसके लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है।

नई Innova HyCross सामान्य E20 पेट्रोल पर भी चल सकती है। भविष्य में E85 उपलब्ध होने पर ग्राहक उसका इस्तेमाल कर सकेंगे।

गुलाटी के मुताबिक, 2027 के आखिर तक देश में E85 उपलब्ध कराने वाले पेट्रोल पंपों की संख्या 5,000 तक पहुंच सकती है।

फिलहाल E85 पेट्रोल, E20 के मुकाबले करीब 20 रुपये सस्ता बताया गया है।

कितना माइलेज देगी नई Innova HyCross?

Toyota का दावा है कि नई Innova HyCross Flex Hybrid E20 पेट्रोल पर 22.58 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देती है।

हालांकि, कंपनी ने अभी E85 पेट्रोल पर मिलने वाले माइलेज का आंकड़ा जारी नहीं किया है। E85 पर इसका माइलेज E20 के मुकाबले कम रहने की संभावना है।

नई G और GX Hybrid ग्रेड जुड़ने से ग्राहकों के पास ज्यादा विकल्प होंगे। वहीं, मौजूदा GX पेट्रोल वेरिएंट की बिक्री भी जारी रहेगी।

Read more!
Advertisement