Toyota Innova Hycross: अब पेट्रोल की जगह 100% एथेनॉल से दौड़ेगी इनोवा, गडकरी ने बता दिया कब होगी लॉन्च

पेट्रोल और डीजल की बढ़ती जरूरत के बीच अब भारत में 100% एथेनॉल से चलने वाली कारों का रास्ता खुल रहा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नवंबर में Toyota Innova Hycross का फ्लेक्स फ्यूल मॉडल लॉन्च करने का ऐलान किया है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या एथेनॉल से कार चलाना पेट्रोल के मुकाबले सस्ता पड़ेगा और माइलेज पर कितना असर होगा?

Advertisement
अब 100% एथेनॉल से चलेगी इनोवा, नवंबर में लॉन्च होगा फ्लेक्स फ्यूल मॉडल
अब 100% एथेनॉल से चलेगी इनोवा, नवंबर में लॉन्च होगा फ्लेक्स फ्यूल मॉडल

In Short

  • नवंबर में लॉन्च होगी Toyota Innova Hycross की फ्लेक्स फ्यूल कार, 100% बायोएथेनॉल से चल सकेगी।
  • Tata, Mahindra, Hyundai और Maruti Suzuki भी एथेनॉल से चलने वाली कारें लाने की तैयारी में हैं।
  • दिल्ली के चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर E85 फ्यूल 82 रुपये प्रति लीटर, लेकिन माइलेज को लेकर सवाल बरकरार।

By Shakshi:

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि नवंबर में Toyota Innova Hycross का फ्लेक्स फ्यूल मॉडल लॉन्च किया जाएगा। यह कार 100% बायोएथेनॉल से चल सकेगी। नई दिल्ली में KPMG के ENRich 2026 सम्मेलन में गडकरी ने कहा कि वह पिछले डेढ़ साल से इस कार के पायलट मॉडल का इस्तेमाल कर रहे हैं।

कई कंपनियां लाने की तैयारी में फ्लेक्स फ्यूल कारें

गडकरी के मुताबिक, Tata Motors, Mahindra, Toyota, Maruti Suzuki और Hyundai जैसी कंपनियां 100% एथेनॉल से चलने वाली कारें लाने की तैयारी कर रही हैं। इससे पहले जून 2026 में Maruti Suzuki ने WagonR Bioflex लॉन्च की थी। हालांकि, अब तक इसकी सिर्फ 20 यूनिट बिकी हैं। वहीं, Hero MotoCorp जुलाई से अब तक 8,145 फ्लेक्स फ्यूल मोटरसाइकिलें बेच चुकी है।

E85 पेट्रोल की कीमत कितनी है?

सरकार ने दिल्ली के चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर E85 फ्यूल उपलब्ध कराया है। इसमें 85% एथेनॉल और 15% पेट्रोल होता है। इसकी कीमत 82 रुपये प्रति लीटर रखी गई है।

हालांकि, जानकारों का कहना है कि एथेनॉल में पेट्रोल के मुकाबले करीब एक तिहाई कम ऊर्जा होती है। ऐसे में गाड़ी का माइलेज कम हो सकता है। देशभर में 2025 से E20 लागू होने के बाद भी कई लोगों ने माइलेज घटने की शिकायत की थी।

तेल आयात पर हर साल 22 लाख करोड़ रुपये खर्च

गडकरी ने बताया कि भारत हर साल करीब 22 लाख करोड़ रुपये का जीवाश्म ईंधन आयात करता है। सरकार इस खर्च को कम करने के लिए एथेनॉल और दूसरे वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने कहा कि देश में करीब 4 करोड़ चार पहिया और 20 करोड़ दोपहिया वाहन E20 ईंधन इस्तेमाल कर रहे हैं। गडकरी के मुताबिक, दिल्ली के वायु प्रदूषण में जीवाश्म ईंधन की हिस्सेदारी करीब 40% है।

पराली से बनेगी बायो-CNG, डीजल पर भी चल रहा ट्रायल

गडकरी ने बताया कि सरकार GOBARdhan योजना के तहत पराली और कृषि कचरे से बायो-CNG बनाने पर काम कर रही है। इस योजना के लिए 23,731 करोड़ रुपये रखे गए हैं।

सरकार का लक्ष्य 3,000 CBG प्लांट लगाना है, जिनमें से 280 शुरू हो चुके हैं। गडकरी के मुताबिक, पांच टन पराली से एक टन बायो-CNG बनाई जा सकती है।

इसके अलावा ARAI में डीजल में 15% तक आइसोब्यूटेनॉल मिलाने का ट्रायल चल रहा है। इसकी रिपोर्ट का इंतजार है।

Read more!
Advertisement