टाटा पंच ईवी का फेसलिफ्ट मॉडल फरवरी के इस दिन हो सकता है लॉन्च, हो सकते हैं ये बदलाव - Details

हाल ही में टाटा ने पंच के पेट्रोल वर्जन (ICE) को अपडेट किया था, जिसके बाद अब इलेक्ट्रिक वर्जन की बारी है। इस नए अपडेट में कार के लुक्स और फीचर्स पर खास काम किया गया है।

Advertisement
Tata Punch.ev

By Gaurav Kumar:

टाटा मोटर्स अपनी पॉपुलर एसयूवी, पंच ईवी (Punch EV) को एक नए अवतार में पेश करने की पूरी तैयारी कर चुकी है। खबरों के मुताबिक कंपनी आगामी 20 फरवरी 2026 को टाटा पंच ईवी का फेसलिफ्ट मॉडल पेश कर सकती है।

हाल ही में टाटा ने पंच के पेट्रोल वर्जन (ICE) को अपडेट किया था, जिसके बाद अब इलेक्ट्रिक वर्जन की बारी है। इस नए अपडेट में कार के लुक्स और फीचर्स पर खास काम किया गया है।

बाहर से कितनी बदलेगी पंच ईवी?

डिजाइन की बात करें तो नई पंच ईवी काफी हद तक हालिया पेट्रोल पंच से प्रेरित होगी, लेकिन अपनी इलेक्ट्रिक पहचान को बनाए रखेगी। टाटा मोटर्स के डिजाइनर्स ने इसके फ्रंट फेसिया को नया लुक दिया है, जिसमें बंद ग्रिल और स्लीक एलईडी हेडलाइट्स शामिल हैं।

पीछे की तरफ कनेक्टेड एलईडी टेल-लैंप्स और नया बम्पर इसे मॉडर्न टच देंगे। साथ ही, अलॉय व्हील्स का नया डिजाइन इसे पुराने मॉडल से अलग खड़ा करेगा। हालांकि, कार की लंबाई-चौड़ाई में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

केबिन और फीचर्स में बड़ा बदलाव

टाटा मोटर्स के प्रोडक्ट मैनेजर केबिन को पहले से ज्यादा प्रीमियम बनाने पर ध्यान दे रहे हैं। अब इसमें 12.3 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है, जिसके साथ हरमन कार्डन का साउंड सिस्टम होगा।

इसके अलावा, यात्रियों के आराम के लिए बेहतर कुशनिंग और थाई सपोर्ट वाली सीटें दी जाएंगी। 360-डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड सीट्स, वायरलेस चार्जिंग और सनरूफ जैसे फीचर्स इस छोटी एसयूवी को लग्जरी फील देंगे।

बैटरी और रेंज का गणित

फिलहाल पंच ईवी दो बैटरी पैक ऑप्शन में आती है- 25kWh (265 किमी रेंज) और 35kWh (365 किमी रेंज)। उम्मीद है कि कंपनी इन ऑप्शन को बरकरार रखेगी।

हालांकि, ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि टाटा अपनी पुरानी रणनीति को दोहराते हुए टॉप मॉडल में थोड़ा बड़ा बैटरी पैक दे सकती है, जिससे इसकी रेंज और बढ़ जाए। 

कीमत और मुकाबला

इन नए फीचर्स और अपडेट्स के बाद पंच ईवी की कीमतों में थोड़ी बढ़ोतरी तय मानी जा रही है। अभी बाजार में मौजूद टाटा पंच ईवी की शुरुआती कीमत 9.99 लाख रुपये है, जो टॉप मॉडल के लिए 14.44 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है।

बाजार में इसका सीधा मुकाबला सिट्रोएन eC3 से होगा। पंच ईवी फेसलिफ्ट के लॉन्च के बाद टाटा मोटर्स का अगला बड़ा धमाका 'सिएरा' का इलेक्ट्रिक वर्जन होगा, जिसे लेकर भी बाजार में काफी उत्साह है।

Read more!
Advertisement