सिर्फ ₹4.69 लाख में खरीद सकेंगे टाटा की ईवी! कंपनी ने ग्राहकों के लिए किया ये खास इंतजाम

टाटा मोटर्स ने अपनी Battery-as-a-Service (BaaS) स्कीम का विस्तार करते हुए अब 6 इलेक्ट्रिक कारों को इसमें शामिल कर लिया है। इस स्कीम के तहत ग्राहक कम शुरुआती कीमत देकर EV खरीद सकते हैं, जबकि बैटरी के लिए अलग से फाइनेंसिंग करानी होगी। जानिए किस मॉडल की कितनी शुरुआती कीमत है और बैटरी पर कितना खर्च आएगा।

Advertisement
Tata की इलेक्ट्रिक कारों के लिए नई BaaS स्कीम, ₹4.69 लाख से शुरुआती कीमत
Tata की इलेक्ट्रिक कारों के लिए नई BaaS स्कीम, ₹4.69 लाख से शुरुआती कीमत

In Short

  • Tata की BaaS स्कीम में अब Tiago.ev, Punch.ev, Nexon.ev, Curvv.ev, Sierra.ev और Harrier.ev शामिल हैं।
  • इस स्कीम के तहत Tiago.ev की शुरुआती कीमत ₹4.69 लाख और Harrier.ev की ₹14.49 लाख रखी गई है।
  • - बैटरी का खर्च ₹2.60 से ₹5.90 प्रति किलोमीटर तक शुरू होता है, जिसका भुगतान अलग से करना होगा।

By Shakshi:

इलेक्ट्रिक कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए टाटा मोटर्स ने नया विकल्प पेश किया है। कंपनी की इलेक्ट्रिक वाहन इकाई Tata Passenger Electric Mobility ने अपनी Battery-as-a-Service (BaaS) स्कीम का विस्तार किया है। इस योजना के तहत ग्राहक अब कम शुरुआती कीमत देकर इलेक्ट्रिक कार खरीद सकते हैं। हालांकि, कार की बैटरी के लिए अलग से भुगतान करना होगा।

पहले यह सुविधा केवल Tiago.ev और Punch.ev के लिए उपलब्ध थी। अब कंपनी ने Nexon.ev, Curvv.ev, Sierra.ev और Harrier.ev को भी इस स्कीम में शामिल कर लिया है।

क्या है Battery-as-a-Service स्कीम?

BaaS स्कीम के तहत इलेक्ट्रिक कार और उसकी बैटरी की कीमत अलग-अलग कर दी जाती है। यानी ग्राहक को कार खरीदते समय बैटरी की पूरी कीमत एक साथ नहीं चुकानी पड़ती। इसके बजाय बैटरी के लिए अलग लोन लिया जा सकता है। कार और बैटरी की फाइनेंसिंग अलग-अलग अवधि के लिए कराई जा सकती है। बैटरी पर आने वाला खर्च उसकी क्षमता, डाउन पेमेंट और लोन की अवधि के आधार पर अलग-अलग हो सकता है।

किस इलेक्ट्रिक कार की कितनी होगी शुरुआती कीमत?

BaaS स्कीम के तहत Tiago.ev की शुरुआती कीमत ₹4.69 लाख रखी गई है, जबकि इसकी बैटरी का खर्च ₹2.60 प्रति किलोमीटर से शुरू होता है। वहीं, Punch.ev की शुरुआती कीमत ₹6.59 लाख है और इसका बैटरी खर्च भी ₹2.60 प्रति किलोमीटर से शुरू होता है।

इसके अलावा, Nexon.ev की शुरुआती कीमत ₹8.99 लाख और बैटरी खर्च ₹4.40 प्रति किलोमीटर से शुरू होता है। Curvv.ev की कीमत ₹10.99 लाख से शुरू होती है, जबकि बैटरी का खर्च ₹5 प्रति किलोमीटर से शुरू होता है।

इसी तरह Sierra.ev की शुरुआती कीमत ₹11.99 लाख रखी गई है और बैटरी खर्च ₹5.50 प्रति किलोमीटर से शुरू होता है। वहीं, Harrier.ev की शुरुआती कीमत ₹14.49 लाख है और इसकी बैटरी का खर्च ₹5.90 प्रति किलोमीटर से शुरू होता है।

हालांकि, ये सभी शुरुआती कीमतें बैटरी की अलग फाइनेंसिंग वाले मॉडल के तहत हैं। इसलिए इन्हें बैटरी सहित कार की कुल खरीद कीमत नहीं समझना चाहिए।

ग्राहकों को कैसे मिलेगा फायदा?

TATA.ev के चीफ कमर्शियल ऑफिसर विवेक श्रीवत्स ने कहा कि ग्राहक अब सिर्फ इलेक्ट्रिक कार के मॉडल ही नहीं, बल्कि उसे खरीदने और फाइनेंस कराने के तरीकों में भी ज्यादा विकल्प चाहते हैं। उन्होंने बताया कि BaaS स्कीम का विस्तार होने से ग्राहक पूरी कीमत देकर कार खरीदने या बैटरी की अलग फाइनेंसिंग कराने में से कोई एक विकल्प चुन सकते हैं। इसके लिए कंपनी ने कई फाइनेंस कंपनियों के साथ साझेदारी की है।

क्या कार के फीचर्स या मालिकाना हक पर पड़ेगा असर?

कंपनी के मुताबिक, BaaS स्कीम से कार के मालिकाना अनुभव, तकनीक या फीचर्स में कोई बदलाव नहीं होगा। फर्क केवल कार और बैटरी के भुगतान के तरीके में है।

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि बताई गई BaaS कीमतें प्रत्येक मॉडल के एंट्री-लेवल वेरिएंट पर लागू होती हैं। इन कीमतों की गणना रोजाना 60 किलोमीटर इस्तेमाल के आधार पर की गई है। हालांकि, Tiago.ev के लिए रोजाना 44 किलोमीटर इस्तेमाल का आधार रखा गया है।

अगर आसान शब्दों में कहें तो, इस स्कीम से टाटा की इलेक्ट्रिक कार खरीदते समय शुरुआती भुगतान कम हो सकता है, लेकिन बैटरी की फाइनेंसिंग का खर्च अलग से देना होगा। इसलिए ग्राहकों को कार खरीदने से पहले दोनों विकल्पों में आने वाले कुल खर्च की तुलना करनी चाहिए।

Read more!
Advertisement