Tata Motors Electric Commercial Vehicles: 3,400 से ज्यादा EV ऑर्डर, कमर्शियल सेगमेंट में बढ़ा भरोसा
Tata Motors को 3,400 से अधिक electric commercial vehicles के ऑर्डर मिले हैं। इनमें SCV, ट्रक और बसें शामिल हैं, जिससे EV सेगमेंट में बढ़ता भरोसा दिखा।

In Short
- Tata Motors को 3,400+ इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल ऑर्डर, EV कारोबार में बढ़त
- कमर्शियल EV सेगमेंट में Tata Motors की रफ्तार तेज, 3,400 से ज्यादा ऑर्डर
- Tata Motors को बड़े EV ऑर्डर, लॉजिस्टिक्स से यात्री परिवहन तक बढ़ा भरोसा
- Tata Motors Electric CV बिजनेस में उछाल, कई सेक्टर से मिली बड़ी डिमांड
टाटा मोटर्स को माल ढुलाई और यात्री परिवहन से जुड़े अलग-अलग क्षेत्रों से 3,400 से अधिक इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल्स (ECV) के ऑर्डर मिले हैं। कंपनी के अनुसार इन ऑर्डरों में करीब 2,000 छोटे कमर्शियल वाहन और पिक-अप, करीब 900 ट्रक और करीब 500 बसें शामिल हैं। Tata Motors electric commercial vehicles के लिए मिले ये ऑर्डर ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स, FMCG, FMCD, शहर के भीतर आवागमन, सीमेंट, इस्पात, खनन, सड़क संचालन और इंटर-सिटी और इंट्रा-सिटी यात्री परिवहन जैसे क्षेत्रों में इस्तेमाल होंगे।
कंपनी ने कहा कि ऑर्डरों का यह पैमाना और विविधता इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल्स में ग्राहकों के बढ़ते भरोसे को दिखाता है। साथ ही यह पायलट प्रोजेक्ट्स से बड़े पैमाने पर परिचालन तैनाती की ओर बढ़ते बदलाव का भी संकेत है।
इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों की मांग कई सेक्टर में बढ़ी
टाटा मोटर्स का कहना है कि "कमर्शियल व्हीकल्स में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अब शुरुआती चरण से आगे निकल चुकी है और अलग-अलग उपयोगों और सेक्टरों में इसे व्यापक रूप से अपनाया जा रहा है। कंपनी इस समय कई कैटेगरी में इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही चार्जिंग, फाइनेंसिंग, फ्लीट मैनेजमेंट, अपटाइम एश्योरेंस और ऑपरेशनल ऑप्टिमाइजेशन जैसी सेवाएं भी दे रही है।"
पिछले एक साल में कंपनी ने विभिन्न परिचालन जरूरतों के हिसाब से अपने इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहन पोर्टफोलियो का विस्तार किया है। छोटे वाणिज्यिक वाहन और पिक-अप सेगमेंट में Ace Pro EV, Ace EV और Intra EV शामिल हैं। 7-12 टन कैटेगरी में Ultra EV रेंज उपलब्ध है। भारी माल ढुलाई के लिए Prima EV 55T ट्रैक्टर और Prima EV 28T टिपर पेश किए जा रहे हैं। यात्री परिवहन के लिए कंपनी Starbus EV और Ultra EV बस रेंज भी उपलब्ध कराती है।
बसों और इलेक्ट्रिक SCV सेगमेंट में मजबूत मौजूदगी
कंपनी के मुताबिक, उसके 3,800 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें पहले से कई शहरों में चल रही हैं और ये सामूहिक रूप से 55 करोड़ किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर चुकी हैं। छोटे कमर्शियल वाहन सेगमेंट में 17,000 से अधिक टाटा इलेक्ट्रिक SCV फिलहाल सड़कों पर चल रहे हैं। टाटा मोटर्स ने यह भी बताया कि उसने 14 से अधिक चार्जिंग प्वाइंट ऑपरेटरों के साथ साझेदारी की है। कंपनी बैंकों और गैर-बैंकिंग वित्त कंपनियों के साथ EV-केंद्रित फाइनेंसिंग समाधान दे रही है, अपने Fleet Edge फ्लीट मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म का विस्तार कर रही है और अपटाइम एश्योरेंस प्रोग्राम भी शुरू किए हैं।
शेयर पर क्या असर दिखा
सोमवार को शुरुआती कारोबार में TMCV का शेयर 0.47 प्रतिशत बढ़कर 404 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि, इस स्तर पर भी स्टॉक साल-दर-साल आधार पर 5.55 प्रतिशत नीचे है।