Tata और Jeep ने मिलाया हाथ! भारत में नई SUV बनाने की तैयारी, Sierra से होगा खास कनेक्शन

टाटा मोटर्स और स्टेलेंटिस ने अपनी पार्टनरशिप को आगे बढ़ाने के लिए नया समझौता किया है। इसके तहत जीप ब्रांड की नई SUV टाटा सिएरा के प्लेटफॉर्म पर तैयार हो सकती है। यह गाड़ी पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों अवतार में आ सकती है। जानिए इस साझेदारी से जुड़ी पूरी डिटेल।

Advertisement

In Short

  • टाटा मोटर्स और स्टेलेंटिस ने पार्टनरशिप बढ़ाने के लिए नया एग्रीमेंट साइन किया।
  • टाटा सिएरा के ARGOS प्लेटफॉर्म पर तैयार हो सकती है जीप की नई SUV।
  • नई SUV पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों अवतार में आ सकती है।

By Sonam:

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल और स्टेलेंटिस (Stellantis) ने अपनी पार्टनरशिप को आगे बढ़ाने के लिए नया एग्रीमेंट साइन किया है। इसके तहत दोनों कंपनियां प्रोडक्ट टेक्नोलॉजी, प्लेटफॉर्म और व्हीकल आर्किटेक्चर पर मिलकर काम करेंगी। हालांकि, अभी किसी खास गाड़ी को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन चर्चा है कि इस साझेदारी के तहत जीप (Jeep) ब्रांड की नई SUV तैयार हो सकती है।

टाटा सिएरा के प्लेटफॉर्म पर बनेगी नई SUV?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जीप की नई SUV टाटा सिएरा (Tata Sierra) के प्लेटफॉर्म पर तैयार की जा सकती है। इस गाड़ी का कोडनेम J1J बताया जा रहा है। अगर ऐसा होता है, तो जीप के पोर्टफोलियो में भारत में पूरी तरह तैयार होने वाली एक नई SUV शामिल हो सकती है।

कंपनी इस SUV को भारतीय बाजार के साथ-साथ ग्लोबल मार्केट में भी उतार सकती है। वहीं, टाटा मोटर्स को अपनी व्हीकल टेक्नोलॉजी और आर्किटेक्चर एक ग्लोबल ऑटोमोबाइल कंपनी के साथ शेयर करने का मौका मिलेगा। इस समझौते में टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी भी शामिल है।

दोनों कंपनियों की क्या है तैयारी?

एग्रीमेंट के तहत टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल अपनी प्रोडक्ट टेक्नोलॉजी और व्हीकल आर्किटेक्चर का एक्सेस स्टेलेंटिस को देगी। स्टेलेंटिस भारत में अपनी इंजीनियरिंग और डेवलपमेंट क्षमता का इस्तेमाल करके अलग-अलग ग्राहकों की जरूरतों के हिसाब से गाड़ियां तैयार करेगी।

इस साझेदारी के तहत गाड़ियों की मैन्युफैक्चरिंग फिएट इंडिया ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड में होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस समझौते से निकलने वाला पहला प्रोडक्ट एक मिड-साइज SUV हो सकता है।

पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों अवतार में आएगी?

माना जा रहा है कि नई SUV टाटा सिएरा के ARGOS आर्किटेक्चर पर आधारित होगी। इस प्लेटफॉर्म की खासियत है कि इस पर अलग-अलग साइज और पावरट्रेन वाली गाड़ियां तैयार की जा सकती हैं।

नई जीप SUV इंटरनल कंबशन इंजन और इलेक्ट्रिक, दोनों विकल्पों में आ सकती है। इसमें सिएरा वाले इंजन ऑप्शन मिलने की भी संभावना है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसके इंजन, फीचर्स या लॉन्च टाइमलाइन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

क्या सिएरा जैसी ही दिखेगी जीप की SUV?

सिएरा के प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने का मतलब यह नहीं है कि जीप की नई SUV उसी जैसी दिखेगी। यानी यह सिर्फ सिएरा की रीबैजिंग नहीं होगी।

जीप अपनी SUV को अलग बॉडी, एक्सटीरियर डिजाइन और केबिन के साथ पेश कर सकती है। इसके फीचर्स भी सिएरा से अलग हो सकते हैं। फिलहाल नई SUV को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

Read more!
Advertisement