2 अप्रैल को Suzuki लॉन्च कर सकती है ये दमदार स्कूटर! स्प्लिट हेडलाइट और नए फीचर्स से मचाएगा धमाल

सुज़ुकी का नया बर्गमैन स्कूटर अपडेटेड डिजाइन और फीचर्स के साथ बाजार में हलचल मचा सकता है। 2 अप्रैल को लॉन्च होने वाला यह मॉडल प्रीमियम सेगमेंट में ग्राहकों को आकर्षित करने के साथ कंपनी की पकड़ और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकता है।

Advertisement
suzuki burgman 400
Suzuki Burgman 400 ग्लोबल मार्केट में बिकता है. (Photo: globalsuzuki.com)

By Gaurav Kumar:

भारतीय दोपहिया बाजार में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाली कंपनी सुजुकी (Suzuki) एक बड़ा धमाका करने की तैयारी में है। कंपनी ने सोशल मीडिया पर अपने एक नए प्रॉडक्ट का टीजर जारी किया है, जिससे ऑटो जगत में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि सुजुकी अपने लोकप्रिय स्कूटर 'बर्गमैन' (Burgman) का नया और अपडेटेड वर्जन 2 अप्रैल को भारत में लॉन्च करने वाली है।

ग्लोबल डिजाइन से प्रेरित होगा नया लुक

सुजुकी की ओर से जारी टीजर में स्कूटर के हेडलैम्प्स की झलक दिखाई गई है। इसमें 'स्प्लिट' डिजाइन वाली हेडलाइट्स नजर आ रही हैं, जो काफी हद तक बर्गमैन के ग्लोबल मॉडल 'बर्गमैन 400' से मिलती-जुलती हैं। ऑटोमोबाइल सेक्टर के जानकारों का मानना है कि कंपनी इस बार स्कूटर के लुक और डिजाइन में बड़ा बदलाव कर सकती है। याद दिला दें कि साल 2018 में पहली बार लॉन्च होने के बाद से बर्गमैन के डिजाइन में कोई बड़ा फेरबदल नहीं हुआ था, लेकिन अब यह नए अवतार में आने को तैयार है।

क्या होंगे नए फीचर्स और बदलाव?

सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान दिखे इस स्कूटर में कई नए फीचर्स की उम्मीद है। चर्चा है कि सुजुकी इसमें टीएफटी (TFT) डिस्प्ले वाला इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दे सकती है, जो आजकल ग्राहकों की पहली पसंद बना हुआ है।

इसके अलावा, स्कूटर में नया एग्जॉस्ट कवर (साइलेंसर गार्ड) भी देखने को मिल सकता है। सुजुकी ने पिछले साल अपने 'एक्सेस' (Access) स्कूटर को भी नए चेसिस और इंजन के साथ पेश किया था, इसलिए उम्मीद की जा रही है कि नए बर्गमैन में भी कुछ तकनीकी सुधार देखने को मिलेंगे।

पावर और कीमत 

इंजन की बात करें तो इसमें 125 सीसी का इंजन मिलने की संभावना है। यह इंजन 8 बीएचपी की पावर और 10 एनएम का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। वर्तमान में बाजार में बिक रहे बर्गमैन की शुरुआती कीमत लगभग 93,676 रुपये है, जबकि इसके टॉप 'स्ट्रीट ईएक्स' वेरिएंट की कीमत 1.08 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है।

नया मॉडल आने के बाद कीमतों में थोड़ा इजाफा देखा जा सकता है। सुजुकी के पोर्टफोलियो में यह स्कूटर एक प्रीमियम विकल्प के तौर पर अपनी जगह बनाए रखेगा।

Read more!
Advertisement