Suzuki Ignis अब इलेक्ट्रिक अवतार में! नई कार के फीचर्स और डिजाइन में क्या है खास?
Suzuki ने अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट कार Ignis को नए इलेक्ट्रिक अवतार में पेश कर दिया है। नई Ignis EV में बदला हुआ डिजाइन, आधुनिक केबिन और खास इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म दिया गया है। कंपनी का दावा है कि इसे शहर की सड़कों पर आरामदायक ड्राइविंग के लिए तैयार किया गया है। लेकिन इसकी बिक्री कब शुरू होगी और भारत में लॉन्चिंग को लेकर क्या जानकारी है? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- Suzuki ने 25 नवंबर को नई Ignis EV पेश की, यूरोप में 2027 की गर्मियों से बिक्री शुरू होगी।
- कार में नया HEARTECT-e प्लेटफॉर्म, LFP बैटरी और कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक पावरट्रेन मिलेगा।
- Ignis EV का टर्निंग रेडियस 4.5 मीटर है, भारत में लॉन्चिंग की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
Suzuki Ignis Electric: जापानी कार कंपनी Suzuki ने अपनी नई इलेक्ट्रिक कार All-New Ignis से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने 25 नवंबर को इस कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार का वर्ल्ड प्रीमियर किया। नई Ignis को खास तौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया गया है, जो पेट्रोल कार छोड़कर इलेक्ट्रिक कार खरीदना चाहते हैं। इसकी बिक्री यूरोप और दूसरे बाजारों में 2027 की गर्मियों से चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी।
नए डिजाइन के साथ आएगी Ignis EV
नई Suzuki Ignis में कॉम्पैक्ट बॉडी के साथ मॉडर्न डिजाइन दिया गया है। कार में फ्लोटिंग रूफ, आकर्षक शोल्डर लाइन और डिजिटल नंबरों से प्रेरित LED लाइटिंग मिलती है।
केबिन में रैपअराउंड डैशबोर्ड, चौड़ा डिस्प्ले पैनल और खास डिजाइन वाली स्टोरेज ट्रे दी गई है। कंपनी ने छोटे आकार के बावजूद केबिन को आरामदायक और उपयोगी बनाने पर ध्यान दिया है।
नई बैटरी और इलेक्ट्रिक मोटर
Suzuki Ignis EV में नया इलेक्ट्रिक पावरट्रेन दिया गया है। इसमें मोटर, इन्वर्टर और रिडक्शन गियर को एक हल्की eAxle यूनिट में जोड़ा गया है।
कार में LFP यानी लिथियम आयरन फॉस्फेट बैटरी मिलती है। कंपनी के मुताबिक, इसे सुरक्षा और लंबी उम्र को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। हालांकि, बैटरी क्षमता और ड्राइविंग रेंज की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
शहर में चलाना होगा आसान
नई Ignis को Suzuki के HEARTECT-e इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। इसमें बैटरी को फ्लोर के नीचे लगाया गया है, जिससे केबिन में ज्यादा जगह मिलती है।
कार का न्यूनतम टर्निंग रेडियस 4.5 मीटर है। इससे तंग सड़कों और शहर के ट्रैफिक में कार मोड़ना आसान होगा।
आरामदायक सफर के लिए खास तकनीक
Ignis EV में इलेक्ट्रिक कारों के लिए तैयार सस्पेंशन, रीजनरेटिव-हाइड्रोलिक ब्रेकिंग और इलेक्ट्रिक ब्रेक बूस्टर मिलता है।
कुछ वेरिएंट में आसान ऑपरेशन वाला पेडल भी दिया जाएगा। कंपनी ने यूरोप समेत कई बाजारों की सड़कों पर कार की टेस्टिंग की है।
Suzuki के प्रेसिडेंट तोशिहिरो सुजुकी के मुताबिक, नई Ignis में छोटे आकार, बेहतर ऊर्जा दक्षता और आरामदायक ड्राइविंग पर जोर दिया गया है। फिलहाल कंपनी ने भारत में इसकी लॉन्चिंग और कीमत को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।