Skoda की इस इलेक्ट्रिक SUV ने सेफ्टी में बनाया रिकॉर्ड! क्रैश टेस्ट में मिले 5 स्टार, जानें क्या है खास

Skoda की इलेक्ट्रिक SUV Peaq ने सुरक्षा के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। Euro NCAP के क्रैश टेस्ट में इसे 5-स्टार रेटिंग मिली है। खास बात यह है कि SUV ने क्रैश प्रोटेक्शन में 94% स्कोर हासिल किया है। लेकिन इसकी सुरक्षा सिर्फ मजबूत बॉडी तक सीमित नहीं है। जानिए हादसे के दौरान और उसके बाद यात्रियों को सुरक्षित रखने के लिए इसमें क्या खास इंतजाम हैं।

Advertisement
Skoda Peaq Euro NCAP crash test
Skoda Peaq Euro NCAP crash test

In Short

  • Skoda Peaq को Euro NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली।
  • SUV ने क्रैश प्रोटेक्शन में रिकॉर्ड 94% स्कोर हासिल किया।
  • करीब 1,000 परिस्थितियों में ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम की टेस्टिंग हुई।

By Shakshi:

कार खरीदते समय माइलेज, कीमत और फीचर्स के साथ सेफ्टी भी लोगों की बड़ी प्राथमिकता बन गई है। इसी बीच Skoda की इलेक्ट्रिक SUV Peaq ने सुरक्षा के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। इस SUV को 2026 Euro NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। खास बात यह है कि इसने क्रैश प्रोटेक्शन कैटेगरी में 94% स्कोर हासिल किया, जो 2026 के नए असेसमेंट प्रोटोकॉल के तहत अब तक का सबसे ज्यादा स्कोर है।

क्रैश टेस्ट में कैसा रहा प्रदर्शन?

Euro NCAP ने Skoda Peaq Selection 90 के लेफ्ट-हैंड-ड्राइव वेरिएंट का परीक्षण किया। SUV ने चार अलग-अलग सेफ्टी कैटेगरी में प्रदर्शन किया।

सेफ्टी कैटेगरी

स्कोर

Crash Protection

94%

Post-Crash Safety

92%

Crash Avoidance

78%

Safe Driving

65%

Peaq पहली ऐसी कार बनी है, जिसने सभी निर्धारित क्रैश परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए पूरे अंक हासिल किए हैं।

पांच तरह के क्रैश टेस्ट में पूरे अंक

Skoda Peaq को पांच अलग-अलग क्रैश टेस्ट से गुजारा गया। इनमें सामने से टक्कर, साइड इम्पैक्ट और पीछे से टक्कर जैसी परिस्थितियां शामिल थीं।

इन परीक्षणों में कार ने वयस्क यात्रियों के साथ 6 और 10 साल के बच्चों की सुरक्षा के मामले में भी बेहतर प्रदर्शन किया।

SUV के 5-सीटर और 7-सीटर दोनों वर्जन चाइल्ड सीट इंस्टॉलेशन टेस्ट में सफल रहे। इनमें ISOFIX और i-Size चाइल्ड सीट लगाने की सुविधा मिलती है।

हादसे के बाद भी सुरक्षा का खास इंतजाम

Skoda Peaq में एडवांस eCall सिस्टम दिया गया है। दुर्घटना के दौरान कार का रेस्ट्रेंट सिस्टम सक्रिय होने पर यह अपने आप इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट भेज सकता है।

इसमें कार की लोकेशन, टक्कर के समय स्पीड और दुर्घटना से जुड़ी जरूरी जानकारी शामिल होती है।

इसके अलावा SUV में मल्टी-कॉलिजन ब्रेकिंग सिस्टम मिलता है, जो पहली टक्कर के बाद दूसरी टक्कर की गंभीरता कम करने में मदद करता है।

Peaq ने पानी में डूबने से जुड़े नए Euro NCAP टेस्ट भी पास किए हैं। परीक्षण में पानी में जाने के बाद दोनों आगे की साइड विंडो दो मिनट से ज्यादा समय तक काम करती रहीं।

ड्राइवर की हरकतों पर भी रखेगी नजर

Skoda Peaq में रियर-व्यू मिरर के पास एक इंटीरियर कैमरा दिया गया है। यह ड्राइवर की थकान, ध्यान भटकने और मोबाइल फोन इस्तेमाल करने जैसी गतिविधियों की निगरानी कर सकता है।

कार में ऐसा सिस्टम भी मिलता है, जो ड्राइवर और आगे बैठे यात्री के शरीर के आकार का पता लगाकर एयरबैग और सीट बेल्ट के सुरक्षा तंत्र को उसके अनुसार एडजस्ट करता है।

इसके अलावा SUV में हैप्टिक बटन और वॉयस कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं, जिससे ड्राइवर को बार-बार टचस्क्रीन इस्तेमाल करने की जरूरत कम पड़ती है।

करीब 1,000 परिस्थितियों में हुई टेस्टिंग

Euro NCAP ने SUV के ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम की जांच करीब 1,000 अलग-अलग परिस्थितियों में की। इनमें दूसरी कारों, दोपहिया वाहनों, साइकिल सवारों और पैदल चलने वालों से संभावित टक्कर जैसी स्थितियां शामिल थीं।

इन नतीजों के साथ Skoda Peaq ने 2026 के नए Euro NCAP सुरक्षा मानकों के तहत अपनी मजबूत क्रैश प्रोटेक्शन क्षमता दिखाई है। हालांकि, 5-स्टार रेटिंग का मतलब यह नहीं है कि किसी भी दुर्घटना में चोट लगने का जोखिम पूरी तरह खत्म हो जाता है।

Read more!
Advertisement