Royal Enfield Himalayan 750 की धमाकेदार एंट्री! कंपनी ने पहली बार दिया 743cc इंजन, मिलेंगे ये 5 खास फीचर्स
Royal Enfield New Bikes: रॉयल एनफील्ड ने बाइक प्रेमियों को बड़ा सरप्राइज दिया है। कंपनी ने अपनी दो नई 750cc बाइक्स Himalayan 750 और Continental GT 750 से पर्दा उठा दिया है। नई Himalayan में 743cc का दमदार इंजन और कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी ने एक नई इलेक्ट्रिक बाइक भी पेश की है। जानिए इन बाइक्स की खासियत।

In Short
- Royal Enfield ने EICMA 2026 में Himalayan 750 और Continental GT 750 पेश कीं।
- Himalayan 750 में 743cc इंजन, 5 राइडिंग मोड और क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलेंगे।
- कंपनी ने नई इलेक्ट्रिक बाइक Flying Flea S6 और लिमिटेड एडिशन Shotgun 650 भी दिखाई।
रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) ने इटली के मिलान में आयोजित EICMA 2026 मोटर शो में अपनी दो नई दमदार बाइक्स Himalayan 750 और Continental GT 750 से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने पहली बार 750cc सेगमेंट में कदम रखा है। इन दोनों बाइक्स के जरिए रॉयल एनफील्ड दुनियाभर के प्रीमियम बाइक बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। इसके अलावा कंपनी ने एक नई इलेक्ट्रिक बाइक और लिमिटेड एडिशन Shotgun 650 भी पेश की है।
Himalayan 750 में मिलेगा दमदार इंजन
नई Himalayan 750 कंपनी की पहली 750cc बाइक है। इसमें बिल्कुल नया 743cc एयर और ऑयल कूल्ड पैरेलल ट्विन इंजन दिया गया है, जो 5,000 rpm पर 63 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इस बाइक को लंबी दूरी की यात्रा और खराब रास्तों पर चलाने के लिए तैयार किया गया है।
इसमें पांच राइडिंग मोड, कॉर्नरिंग ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल और छह-एक्सिस IMU जैसे एडवांस फीचर्स मिलते हैं। बाइक में 17 लीटर का फ्यूल टैंक, 815mm सीट हाइट और 195 किलोग्राम तक वजन उठाने की क्षमता दी गई है।
यूरोप में इसकी बुकिंग 3 नवंबर से शुरू हो चुकी है। ग्राहक इसे कंपनी की वेबसाइट और डीलरशिप के जरिए बुक कर सकते हैं। बाइक अलग-अलग रंगों और दो तरह के व्हील ऑप्शन में उपलब्ध होगी।
Continental GT 750 भी हुई पेश
कंपनी ने अपनी मशहूर कैफे रेसर सीरीज की नई Continental GT 750 भी पेश की है। इसमें 743cc ट्विन सिलेंडर इंजन का ज्यादा पावरफुल वर्जन दिया गया है। कंपनी के मुताबिक यह अब तक की उसकी सबसे ज्यादा परफॉर्मेंस देने वाली प्रोडक्शन बाइक होगी।
इलेक्ट्रिक बाइक Flying Flea S6 की भी एंट्री
रॉयल एनफील्ड ने Flying Flea S6 नाम की नई इलेक्ट्रिक बाइक भी दिखाई है। यह स्क्रैम्बलर स्टाइल बाइक शहर की सड़कों के साथ कच्चे रास्तों पर भी चलने के लिए बनाई गई है। इसमें ऑफ-रोड राइडिंग मोड मिलेगा। कंपनी इसे 2027 की गर्मियों में लॉन्च करने की योजना बना रही है।
सिर्फ 100 लोगों को मिलेगी खास Shotgun 650
कंपनी ने Deus Ex Machina के साथ मिलकर Shotgun 650 'Son of a Gun' लिमिटेड एडिशन भी पेश किया है। अगले साल दुनियाभर में इसकी सिर्फ 100 यूनिट बनाई जाएंगी।
रॉयल एनफील्ड ने अपना नया 1901 अपैरल कलेक्शन और बदली हुई ब्रांड पहचान भी पेश की है। कंपनी अपनी 125वीं वर्षगांठ मना रही है। रॉयल एनफील्ड के CEO बी. गोविंदराजन के मुताबिक, पिछले 10 साल में Himalayan से दुनियाभर में 3.20 लाख से ज्यादा राइडर्स जुड़े हैं।