Royal Enfield में मिलेंगी 500 नौकरियां? ₹1,000 करोड़ निवेश की तैयारी, जानें पूरा प्लान

Royal Enfield इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल के बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। कंपनी ने तमिलनाडु सरकार के साथ 1,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश का समझौता किया है। यह रकम अगले सात वर्षों में खर्च की जाएगी। इससे नई नौकरियों के अवसर भी पैदा हो सकते हैं। जानिए कंपनी इस निवेश से क्या करने की तैयारी में है।

Advertisement
Royal Enfield का ₹1,000 करोड़ निवेश प्लान, 500 नौकरियों की उम्मीद (AI Image)
Royal Enfield का ₹1,000 करोड़ निवेश प्लान, 500 नौकरियों की उम्मीद (AI Image)

In Short

  • Royal Enfield ने तमिलनाडु सरकार के साथ ₹1,000 करोड़ के प्रस्तावित निवेश का समझौता किया
  • अगले सात वर्षों में EV टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग पर निवेश, 500 रोजगार के अवसरों की उम्मीद
  • Flying Flea C6 इलेक्ट्रिक बाइक लॉन्च कर चुकी कंपनी, पहले ₹958 करोड़ के विस्तार का किया था ऐलान

By Shakshi:

देश की प्रमुख टू-व्हीलर कंपनी Royal Enfield अब इलेक्ट्रिक बाइक्स के कारोबार को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी में है। कंपनी ने तमिलनाडु सरकार के साथ 1,000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एक समझौता (MoU) किया है। यह निवेश अगले सात वर्षों में किया जाएगा। कंपनी का मकसद इलेक्ट्रिक बाइक की टेक्नोलॉजी को बेहतर बनाना और मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को मजबूत करना है।

सात साल में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश

Royal Enfield ने 25 नवंबर को जारी बयान में बताया कि उसने तमिलनाडु सरकार के साथ एक गैर-बाध्यकारी समझौता किया है। इसके तहत कंपनी अगले सात वर्षों में राज्य में 1,000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रही है।

इस रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रोडक्ट डेवलपमेंट, नई टेक्नोलॉजी और जरूरत के मुताबिक मैन्युफैक्चरिंग सुविधाओं को बढ़ाने में किया जाएगा।

कंपनी के मुताबिक, इस निवेश से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 500 लोगों तक के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

इलेक्ट्रिक बाइक पर बढ़ रहा फोकस

Royal Enfield अपने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड Flying Flea के जरिए EV बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है।

कंपनी ने हाल ही में अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Flying Flea C6 को भारत, यूरोप और ब्रिटेन में लॉन्च किया है। इस ब्रांड के जरिए कंपनी अपने पारंपरिक डिजाइन को आधुनिक इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ रही है।

तमिलनाडु के वल्लम वडागल में Flying Flea की EV इनोवेशन लैब और मैन्युफैक्चरिंग सुविधा भी मौजूद है।

पहले भी किया था ₹958 करोड़ के निवेश का ऐलान

यह Royal Enfield का तमिलनाडु में पहला बड़ा निवेश नहीं है। फरवरी 2026 में कंपनी ने राज्य के चेय्यार प्लांट में उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए 958 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की थी।

इस विस्तार के बाद कंपनी की कुल सालाना उत्पादन क्षमता 20 लाख मोटरसाइकिल तक पहुंचने की उम्मीद है।

फिलहाल तमिलनाडु में Royal Enfield की चार मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, मुख्यालय और टेक्निकल सेंटर मौजूद हैं।

कंपनी ने क्या कहा?

Eicher Motors के मैनेजिंग डायरेक्टर और Royal Enfield के CEO बी गोविंदराजन ने कहा कि तमिलनाडु कई दशकों से कंपनी के इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग कारोबार का प्रमुख केंद्र रहा है।

उनके मुताबिक, नया निवेश राज्य के ऑटोमोबाइल सेक्टर और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के भविष्य के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दिखाता है।

इससे पहले Royal Enfield की पैरेंट कंपनी Eicher Motors तमिलनाडु सरकार के साथ 2012, 2019 और 2024 में भी निवेश समझौते कर चुकी है।

Read more!
Advertisement