Royal Enfield One Ride 2026: 60 देशों में गूंजेगी बाइकर्स की राइड, स्नो लेपर्ड संरक्षण पर रहेगा फोकस
Royal Enfield की सालाना ग्लोबल राइड One Ride 2026 इस बार बाइकिंग के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर आ रही है। 20 सितंबर को होने वाली इस राइड में 60 देशों के राइडर्स शामिल होंगे। कंपनी ने इस साल के अभियान को हिमालयी स्नो लेपर्ड के संरक्षण से जोड़ा है, जहां हर राइडर की भागीदारी एक खास योगदान देगी।

In Short
- Royal Enfield One Ride 2026 में 60 देशों के राइडर्स होंगे शामिल।
- अभियान इस बार स्नो लेपर्ड संरक्षण को समर्पित रहेगा।
- 1,600 से ज्यादा राइड्स के जरिए बाइकर्स जुड़ेंगे।
Royal Enfield की सालाना ग्लोबल राइड One Ride 2026 इस बार सिर्फ मोटरसाइकिलिंग का जश्न नहीं होगी, बल्कि हिमालय के दुर्लभ स्नो लेपर्ड (Snow Leopard) के संरक्षण का संदेश भी देगी। कंपनी 20 सितंबर को होने वाली इस राइड के जरिए दुनिया भर के राइडर्स को एक मिशन से जोड़ने की तैयारी कर रही है।
इस साल One Ride का थीम ‘Every Rider’ है।. Every Road. One Mission.’ रखा गया है। Royal Enfield के मुताबिक, 2026 एडिशन में 60 देशों में 1,600 से ज्यादा राइड्स आयोजित की जाएंगी। यह आयोजन कंपनी के 125 साल पूरे होने के मौके पर भी खास बन गया है।
हर राइडर की भागीदारी से स्नो लेपर्ड संरक्षण को मदद
Royal Enfield ने बताया कि इस बार One Ride से जुटाई गई भागीदारी को स्नो लेपर्ड संरक्षण अभियान से जोड़ा जाएगा। कंपनी हर शामिल होने वाले राइडर के योगदान के जरिए हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र में इस महत्वपूर्ण प्रजाति के संरक्षण प्रयासों को समर्थन देगी।
कंपनी की Royal Enfield Social Mission के तहत पहले से ही हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, उत्तराखंड, सिक्किम और जम्मू-कश्मीर में स्नो लेपर्ड के आवास क्षेत्रों को लेकर काम किया जा रहा है।
Royal Enfield के मुताबिक, उसके कम्युनिटी कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स 10,500 वर्ग किलोमीटर से ज्यादा स्नो लेपर्ड हैबिटेट क्षेत्र को कवर करते हैं। इसके अलावा 53 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कम्युनिटी कंजर्वेशन प्रोग्राम के तहत शामिल किया गया है।
भारत में करीब 718 स्नो लेपर्ड
स्नो लेपर्ड हिमालयी क्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाकों में पाए जाने वाले सबसे खास जीवों में शामिल है। Royal Enfield के अनुसार, भारत में इनकी अनुमानित संख्या करीब 718 है।
कंपनी का कहना है कि One Ride के जरिए भारत के बाहर होने वाली राइड्स में शामिल राइडर्स भी हिमालय में चल रहे संरक्षण प्रयासों में योगदान देंगे।
राइड में कैसे ले सकते हैं हिस्सा?
Royal Enfield One Ride 2026 में शामिल होने के लिए राइडर्स अपने नजदीकी Royal Enfield डीलरशिप के जरिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके अलावा राइडिंग क्लब और स्वतंत्र राइडर्स भी अपनी राइड आयोजित कर इस अभियान का हिस्सा बन सकते हैं।
One Ride की शुरुआत साल 2011 में हुई थी और तब से यह हर साल दुनिया भर के Royal Enfield राइडर्स को एक ही दिन एक साथ जोड़ने वाला बड़ा मोटरसाइकिलिंग इवेंट बन चुका है। इस बार बाइकिंग के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी इस ग्लोबल राइड का केंद्र रहेगा।