Royal Enfield Himalayan 750 होगी कंपनी की सबसे बड़ी ADV, एग्जॉस्ट नोट ने खींचा ध्यान
Royal Enfield की आने वाली Himalayan 750 एक बार फिर चर्चा में है। इस बार बाइक के दमदार एग्जॉस्ट नोट ने लोगों का ध्यान खींचा है। 750cc पैरेलल ट्विन इंजन वाली यह बाइक कंपनी की सबसे बड़ी ADV मोटरसाइकिल होगी। इसमें नया डिजाइन, एडवांस फीचर्स और बेहतर टूरिंग क्षमता मिलने की उम्मीद है।

In Short
- Himalayan 750 का डीप और मस्कुलर एग्जॉस्ट नोट वीडियो में आया सामने।
- बाइक में नया 750cc पैरेलल ट्विन इंजन मिलने की उम्मीद।
- क्रूज कंट्रोल, TFT स्क्रीन और एडवांस सस्पेंशन जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।
Royal Enfield की आने वाली Himalayan 750 एक बार फिर चर्चा में है। इस बार बाइक के डिजाइन या फीचर्स नहीं बल्कि इसके दमदार एग्जॉस्ट नोट ने लोगों का ध्यान खींचा है। ऑनलाइन सामने आए एक नए वीडियो में इस बड़ी एडवेंचर बाइक को चलते हुए देखा गया है, जिसमें इसके इंजन की गहरी और भारी आवाज सुनाई दे रही है।
वीडियो में बाइक का एग्जॉस्ट साउंड लो-पिच और ज्यादा मस्कुलर नज़र आ रहा है। आइडल पर इसकी आवाज काफी डीप सुनाई देती है और रेव करने पर यह और ज्यादा दमदार हो जाती है। मौजूदा Royal Enfield 650cc ट्विन-सिलेंडर मॉडल्स की तुलना में Himalayan 750 का एग्जॉस्ट नोट ज्यादा भारी और बेस वाला लग रहा है।
750cc पैरेलल ट्विन इंजन के साथ आएगी Himalayan 750
Royal Enfield Himalayan 750 में कंपनी का नया 750cc पैरेलल-ट्विन इंजन मिलने की उम्मीद है। यह इंजन मौजूदा 650cc ट्विन-सिलेंडर प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकता है, लेकिन इसमें इंटरनल पार्ट्स और ट्यूनिंग में बदलाव किए जाएंगे।
इसी वजह से इसका परफॉर्मेंस और एग्जॉस्ट साउंड मौजूदा 648cc इंजन से अलग हो सकते हैं। कंपनी इस नए इंजन की टेस्टिंग Continental GT 750, Interceptor 750 और Himalayan 750 जैसे मॉडल्स में कर रही है।
नई Himalayan 750 में ट्विन एग्जॉस्ट की जगह सिंगल अपस्वेप्ट एग्जॉस्ट दिया गया है। टू-इन-वन एग्जॉस्ट सेटअप भी बाइक की अलग आवाज का एक कारण हो सकता है।
Royal Enfield की सबसे बड़ी ADV बाइक होगी
Himalayan 750 कंपनी की सबसे बड़ी एडवेंचर बाइक बनने वाली है। यह मौजूदा Himalayan 450 के ऊपर पोजिशन की जाएगी। कंपनी ने इसका प्री-प्रोडक्शन मॉडल Ladakh में आयोजित Himalayan Base Camp इवेंट में भी दिखाया था।
डिजाइन की बात करें तो नई बाइक Himalayan 450 से काफी बड़ी नज़र आती है। इसमें बड़ा फ्रंट फेयरिंग, ज्यादा मजबूत टैंक एक्सटेंशन और ऊंचा विंडस्क्रीन दिए जा सकते हैं।
बाइक में 19-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर अलॉय व्हील मिलने की उम्मीद है। वहीं, कुछ टेस्ट मॉडल्स में क्रॉस-स्पोक व्हील्स भी देखे गए हैं।
नई Himalayan 750 को कंपनी एक डेडिकेटेड चेसिस के साथ तैयार कर रही है। बाइक में पीछे की तरफ मोनोशॉक सस्पेंशन दिया जाएगा। इसके अलावा इसमें इनवर्टेड फ्रंट फोर्क्स और रिमोटली एडजस्टेबल रियर शॉक जैसे हार्डवेयर मिलने की उम्मीद है, जिससे लंबी दूरी और ऑफ-रोड राइडिंग में बेहतर कंट्रोल मिल सकेगा।
ब्रेकिंग के लिए बाइक में आगे ट्विन डिस्क ब्रेक और पीछे सिंगल डिस्क ब्रेक दिए जाएंगे। यह सेटअप Himalayan 750 को ज्यादा पावरफुल इंजन के साथ बेहतर स्टेबिलिटी और सेफ्टी देने में मदद करेगा।
मिलेंगे एडवांस फीचर्स
Royal Enfield Himalayan 750 को लंबी दूरी की एडवेंचर राइडिंग को ध्यान में रखकर तैयार कर रही है। इसमें क्रूज कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है।
TFT स्क्रीन में स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और नेविगेशन फीचर दिए जा सकते हैं। इसके अलावा बाइक में कई राइडिंग मोड्स भी मिलने की संभावना है।
पावर और लॉन्च डिटेल्स
Royal Enfield ने अभी तक Himalayan 750 के पावर आउटपुट की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका इंजन करीब 50-55 bhp पावर और 60-65 Nm टॉर्क जनरेट कर सकता है। इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलने की संभावना है।
Royal Enfield Himalayan 750 का ग्लोबल डेब्यू EICMA 2026 में नवंबर के दौरान हो सकता है। इसके बाद भारत में इसे 2027 की पहली तिमाही में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।
फिलहाल सामने आया एग्जॉस्ट वीडियो इस बात का संकेत देता है कि Himalayan 750 कंपनी की मौजूदा 650cc बाइक्स से ज्यादा दमदार और अलग आवाज के साथ आने वाली है। हालांकि, प्रोडक्शन मॉडल में अंतिम एग्जॉस्ट ट्यूनिंग थोड़ी अलग हो सकती है।