क्रैश टेस्ट में अव्वल रही नई रेनॉल्ट डस्टर! BNCAP से मिली 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग
डस्टर की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इसे भारत में दोबारा लॉन्च किए जाने से पहले एक बड़े भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है। कंपनी ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा के मामले में वह किसी भी तरह का समझौता करने के मूड में नहीं है।

Renault Duster Crash Test: रेनॉल्ट इंडिया (Renault India) की सबसे मशहूर एसयूवी 'रेनॉल्ट डस्टर' के नए मॉडल को भारत एनकैप (BNCAP) क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। रेनॉल्ट ग्रुप की इस एसयूवी ने एडल्ट और चाइल्ड, दोनों ही सुरक्षा कैटेगरी में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
डस्टर की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इसे भारत में दोबारा लॉन्च किए जाने से पहले एक बड़े भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है। कंपनी ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा के मामले में वह किसी भी तरह का समझौता करने के मूड में नहीं है।
सुरक्षा के मामले में अव्वल रही नई डस्टर
भारत एनकैप के टेस्टिंग में नई डस्टर का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा। एडल्ट ऑक्युपेंट प्रोटेक्शन में इसने 32 में से 30.49 अंक और बच्चों की सुरक्षा (चाइल्ड ऑक्युपेंट प्रोटेक्शन) में 49 में से 45 अंक हासिल किए हैं।
सबसे अच्छी बात यह है कि यह 5-स्टार रेटिंग डस्टर के किसी एक ऊंचे मॉडल के लिए नहीं, बल्कि पूरी रेंज पर लागू होती है। रेनॉल्ट ग्रुप इंडिया के सेल्स और मार्केटिंग उपाध्यक्ष फ्रांसिस्को हिडाल्गो-मार्क्स ने बताया कि डस्टर अपने मजबूत डिजाइन और बेहतरीन हैंडलिंग के लिए जानी जाती है, लेकिन अब यह 5-स्टार रेटिंग और 7 साल की वारंटी के साथ ग्राहकों के लिए और भी भरोसेमंद विकल्प बन गई है।
इंजीनियरिंग और मजबूती का तालमेल
नई डस्टर को खास आरजीएमपी (RGMP) प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है, जो सड़क पर बेहतर पकड़ और मजबूती देता है। रेनॉल्ट इंडिया के इंजीनियरिंग प्रमुख डॉ. वी विक्रमन ने बताया कि इस सफलता के पीछे जमीन पर की गई कड़ी मेहनत है।
उन्होंने कहा कि डस्टर को भारतीय सड़कों की स्थिति को ध्यान में रखकर कई क्रैश टेस्ट और सिमुलेशन से गुजारा गया था। बॉडी स्ट्रक्चर से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा प्रणालियों तक, हर हिस्से को बारीकी से जांचा गया है ताकि दुर्घटना की स्थिति में सवार लोग पूरी तरह सुरक्षित रहें।
35 सेफ्टी फीचर्स मिलेंगे स्टैंडर्ड
रेनॉल्ट ने नई डस्टर में सुरक्षा को केवल ऊंचे वेरिएंट तक सीमित नहीं रखा है। इस एसयूवी के सभी वेरिएंट्स में 35 सेफ्टी फीचर्स स्टैंडर्ड यानी शुरू से ही मिलेंगे।
इसमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), हिल होल्ड और हिल डिसेंट कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और सभी यात्रियों के लिए 3-पॉइंट सीट बेल्ट शामिल हैं। इसके अलावा, गाड़ी में 17 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) भी दिए गए हैं, जिनमें अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल और लेन कीप असिस्ट जैसे आधुनिक फीचर्स शामिल हैं।