Renault Duster Hybrid ने बढ़ाई Maruti और Toyota की टेंशन! कीमत से लेकर माइलेज तक, कौन सी SUV है बेहतर

भारतीय SUV बाजार में Renault Duster Hybrid की एंट्री से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। सामने हैं मारुति सुजुकी की ग्रैंड विटारा और विक्टोरिस के साथ टोयोटा हाइराइडर। लेकिन कीमत, इंजन की ताकत और माइलेज के मामले में कौन किस पर भारी पड़ता है? जानिए चारों SUVs की पूरी तुलना।

Advertisement

In Short

  • Renault Duster Hybrid भारत में 16.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुई है।
  • नई Duster Hybrid में 160bhp की पावर और 29kmpl माइलेज का दावा किया गया है।
  • Grand Vitara, Victoris और Hyryder से मुकाबला, जानें कीमत और माइलेज में कौन आगे।

By Gungun Mishra:

रेनो ने भारतीय बाजार में अपनी नई डस्टर हाइब्रिड लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 16.99 लाख रुपये रखी है। नई डस्टर हाइब्रिड का मुकाबला मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा, मारुति सुजुकी विक्टोरिस और टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर से होगा। खास बात यह है कि रेनो की इस एसयूवी में 160 बीएचपी की पावर मिलती है और कंपनी ने इसके 29 किलोमीटर प्रति लीटर माइलेज का दावा किया है। ऐसे में जानते हैं कि कीमत, इंजन और माइलेज के मामले में कौन सी एसयूवी आगे है।

कीमत के मामले में कौन सी एसयूवी है सस्ती?

रेनो डस्टर हाइब्रिड की एक्स-शोरूम कीमत 16.99 लाख रुपये से शुरू होकर 19.49 लाख रुपये तक जाती है। वहीं, मारुति सुजुकी विक्टोरिस हाइब्रिड की शुरुआती कीमत 16.43 लाख रुपये है, जो इन चारों एसयूवी में सबसे कम है।

मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा हाइब्रिड की कीमत 16.68 लाख रुपये से 19.77 लाख रुपये तक है। वहीं, टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर हाइब्रिड की शुरुआती कीमत 17.18 लाख रुपये दी गई है।

टॉप वेरिएंट की बात करें तो विक्टोरिस और हाइराइडर की कीमत 19.99 लाख रुपये तक जाती है। इस मुकाबले में डस्टर हाइब्रिड का टॉप वेरिएंट 19.49 लाख रुपये के साथ बाकी तीनों एसयूवी से सस्ता है।

इंजन और पावर में किसका दबदबा?

रेनो डस्टर हाइब्रिड में 1.8 लीटर का चार-सिलेंडर पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है। दोनों मिलकर 160 बीएचपी की पावर जनरेट करते हैं। इसका पेट्रोल इंजन 110 बीएचपी की पावर और 175 एनएम का टॉर्क देता है, जबकि इलेक्ट्रिक मोटर 50 बीएचपी की पावर और 208 एनएम का टॉर्क जनरेट करती है।

इसमें 8-स्पीड डीएचटी गियरबॉक्स और 1.4 किलोवाट-घंटे की बैटरी मिलती है।

वहीं, ग्रैंड विटारा, विक्टोरिस और हाइराइडर में 1.5 लीटर का तीन-सिलेंडर पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है। इनका कुल पावर आउटपुट 115 बीएचपी है। तीनों में ई-सीवीटी ट्रांसमिशन दिया गया है।

इस तरह डस्टर हाइब्रिड अपने तीनों प्रतिद्वंद्वियों से 45 बीएचपी ज्यादा पावरफुल है।

माइलेज में कौन सी एसयूवी सबसे आगे?

माइलेज के मामले में भी रेनो डस्टर हाइब्रिड आगे नजर आती है। कंपनी के मुताबिक, यह एसयूवी 29 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देती है।

वहीं, मारुति सुजुकी विक्टोरिस हाइब्रिड का दावा किया गया माइलेज 28.65 किलोमीटर प्रति लीटर है। ग्रैंड विटारा और टोयोटा हाइराइडर दोनों का माइलेज 27.97 किलोमीटर प्रति लीटर बताया गया है।

हालांकि, डस्टर और विक्टोरिस के माइलेज में ज्यादा अंतर नहीं है। असल सड़क पर माइलेज ट्रैफिक, ड्राइविंग स्टाइल और सड़क की स्थिति के हिसाब से बदल सकता है।

कुल मिलाकर, दिए गए आंकड़ों के अनुसार डस्टर हाइब्रिड पावर और माइलेज में आगे है, जबकि विक्टोरिस की शुरुआती कीमत सबसे कम है।

Read more!
Advertisement