Ola Electric के स्कूटरों में लगेगी मेड इन इंडिया बैटरी! FY27 तक लागत पर कंपनी ने किया दावा

Ola Electric अपने इलेक्ट्रिक स्कूटरों को लेकर बड़ा बदलाव करने जा रही है। कंपनी अब खुद बनाई गई बैटरी सेल का इस्तेमाल करने की तैयारी में है, जिससे लागत घटने की उम्मीद है। वहीं, भाविश अग्रवाल ने बिक्री के पुराने मॉडल को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है। जानिए पूरी योजना।

Advertisement

In Short

  • Ola Electric अपने इलेक्ट्रिक स्कूटरों में खुद की बनाई LFP बैटरी सेल लगाने की तैयारी में है।
  • कंपनी का दावा है कि बैटरी सेल की 85% प्रोडक्शन यील्ड पर लागत में 10 से 15% की बचत हो सकती है।
  • Ola Electric दिसंबर 2026 तक अपने D2C स्टोर बंद करके डीलरशिप मॉडल अपनाने की तैयारी में है।

By Gungun Mishra:

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी Ola Electric अब अपने स्कूटरों में खुद की बनाई बैटरी सेल इस्तेमाल करने की तैयारी कर रही है। भाविश अग्रवाल की अगुवाई वाली कंपनी का प्लान चालू वित्त वर्ष के आखिर तक अपनी सब्सिडियरी Ola Cell Technologies में बनी लिथियम आयरन फॉस्फेट सेल को इलेक्ट्रिक स्कूटरों में लगाना है। कंपनी का दावा है कि इससे बाहर से बैटरी सेल खरीदने पर होने वाले खर्च को कम किया जा सकेगा।

कब से इस्तेमाल होंगी अपनी बैटरी सेल?

Ola Electric ने शेयरधारकों को लिखे पत्र में बताया कि उसकी LFP बैटरी टेक्नोलॉजी तैयार है। कंपनी इस तिमाही से इसका उत्पादन बढ़ाना शुरू कर रही है।

कंपनी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026-27 की चौथी तिमाही यानी Q4 FY27 के आखिर तक LFP सेल का प्रोडक्शन यील्ड करीब 70% पहुंच जाएगा। इसके बाद इन सेल का इस्तेमाल अपने इलेक्ट्रिक वाहनों में शुरू किया जाएगा। वहीं, वित्त वर्ष 2027-28 की पहली तिमाही तक यील्ड 90% पहुंचने की उम्मीद है।

बैटरी बनाने से कितनी होगी बचत?

कंपनी के मुताबिक, जब बैटरी सेल की प्रोडक्शन यील्ड 70% होगी, तब खुद बनाई गई सेल की लागत बाहर से खरीदी गई सेल के बराबर होगी। वहीं, 85% यील्ड पर कंपनी को बाहर से सेल खरीदने के मुकाबले करीब 10 से 15% की बचत हो सकती है।

यह कदम ऐसे समय उठाया जा रहा है, जब भारत में बैटरी सेल का आयात तेजी से बढ़ रहा है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान बैटरी सेल का आयात सालाना आधार पर 103% बढ़कर 28,454 करोड़ रुपये पहुंच गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर

70% वाहनों में लगेंगी LFP सेल

भाविश अग्रवाल ने कंपनी की एनालिस्ट कॉल में बताया कि वित्त वर्ष 2027-28 में ऑटोमोबाइल बिजनेस के लिए 2 से 3 GWh बैटरी सेल क्षमता की जरूरत होगी।

कंपनी का अनुमान है कि उसके करीब 70% ऑटो बिजनेस में LFP सेल और बाकी 30% में NMC सेल इस्तेमाल होंगी। NMC सेल के उत्पादन में फिलहाल यील्ड 70% से कुछ ऊपर है, जिसे बढ़ाकर 90% करने का लक्ष्य रखा गया है।

बिक्री के मॉडल पर Ola Electric का बड़ा यू-टर्न

बैटरी उत्पादन के साथ Ola Electric ने अपनी बिक्री की रणनीति भी बदल दी है। कंपनी अब डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (D2C) मॉडल छोड़कर डीलरशिप मॉडल अपना रही है।

कंपनी ने 1 नवंबर से अपने D2C स्टोर्स पर नई बुकिंग बंद कर दी है। दिसंबर 2026 तक सभी कंपनी के मालिकाना हक वाले स्टोर बंद करने की योजना है।

Ola Electric ने 4 सितंबर को अपने पहले डीलर स्टोर खोले थे। 8 नवंबर तक कंपनी के 255 डीलर पार्टनर और 319 स्टोर हो चुके थे। दिसंबर तक 450 और मार्च 2027 तक 700 स्टोर खोलने का लक्ष्य है।

कंपनी का कहना है कि डीलर मॉडल से उसका वर्किंग कैपिटल साइकल बेहतर हुआ है, क्योंकि डीलर ऑर्डर देते समय ही वाहनों का भुगतान करते हैं और स्टॉक अपने पास रखते हैं।

Read more!
Advertisement