'देश के 40% प्रदूषण के लिए मैं जिम्मेदार'... नितिन गडकरी ने ऐसा क्यों कहा?

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली में आयोजित CII बायोएनर्जी समिट में प्रदूषण और इथेनॉल को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने देश के 40% वायु प्रदूषण के लिए खुद को जिम्मेदार बताया। साथ ही आरोप लगाया कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के खिलाफ पैसे देकर अभियान चलाया गया था। आखिर गडकरी ने ऐसा क्यों कहा और पेट्रोल-डीजल के विकल्प पर क्या योजना बताई? जानिए पूरी खबर।

Advertisement
प्रदूषण और इथेनॉल को लेकर नितिन गडकरी का बड़ा बयान, तेल आयात लॉबी पर लगाए गंभीर आरोप। (फोटो: AI Generated Image)
प्रदूषण और इथेनॉल को लेकर नितिन गडकरी का बड़ा बयान, तेल आयात लॉबी पर लगाए गंभीर आरोप। (फोटो: AI Generated Image)

In Short

  • नितिन गडकरी ने कहा कि देश के 40% वायु प्रदूषण के लिए वह जिम्मेदार हैं
  • इथेनॉल के खिलाफ पेड कैंपेन चलाने का आरोप, तेल आयात से जुड़े हित समूहों पर उठाए सवाल
  • पेट्रोल-डीजल के विकल्प के तौर पर इथेनॉल, हाइड्रोजन और बायोडीजल पर दिया जोर

By Shakshi:

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देश में बढ़ते प्रदूषण और इथेनॉल को लेकर बड़ा बयान दिया है। दिल्ली में आयोजित 14वें CII बायोएनर्जी समिट में गडकरी ने कहा कि देश के 40% वायु प्रदूषण के लिए वह जिम्मेदार हैं। उन्होंने बढ़ती गाड़ियों की संख्या को प्रदूषण की बड़ी वजह बताया। साथ ही दावा किया कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के खिलाफ जानबूझकर पैसे देकर अभियान चलाया गया था।

गाड़ियां बढ़ेंगी तो प्रदूषण भी बढ़ेगा

गडकरी ने कहा कि देश में सड़कों का नेटवर्क बेहतर हो रहा है और लोग ज्यादा गाड़ियां खरीद रहे हैं। इससे ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री को फायदा हो रहा है, लेकिन सड़कों पर गाड़ियों की संख्या बढ़ने से धुआं और प्रदूषण भी बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास के साथ गाड़ियों की मांग बढ़ना स्वाभाविक है। ऐसे में प्रदूषण कम करने के लिए पेट्रोल और डीजल के विकल्प तलाशना जरूरी है।

इथेनॉल के खिलाफ पेड कैंपेन का आरोप

गडकरी ने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर हुए विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने आरोप लगाया कि दो-तीन महीने पहले इथेनॉल के खिलाफ पैसे देकर अभियान चलाया गया था। इसमें दावा किया जा रहा था कि इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल से गाड़ियां खराब हो रही हैं।

गडकरी ने कहा, 'अब किसी की गाड़ी खराब नहीं हो रही है। गाड़ी ठीक है।'

उन्होंने आरोप लगाया कि तेल आयात से जुड़े हित समूह इथेनॉल के इस्तेमाल का विरोध कर रहे हैं, ताकि उनका कारोबार प्रभावित न हो।

हालांकि, गडकरी ने अपने आरोपों के समर्थन में किसी विशेष कंपनी या संगठन का नाम नहीं लिया।

पेट्रोल-डीजल के विकल्प पर जोर

गडकरी ने कहा कि प्रदूषण और तेल आयात पर निर्भरता कम करने के लिए इथेनॉल, मेथेनॉल, बायोडीजल और हाइड्रोजन जैसे वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देना जरूरी है।

उन्होंने देश में 3,000 नए गोबरधन प्लांट लगाने की योजना का भी जिक्र किया।

इसके अलावा उन्होंने इथेनॉल से विमान ईंधन बनाने, कार्बन डाइऑक्साइड से यूरिया तैयार करने और DME के इस्तेमाल से LPG आयात घटाने की संभावनाओं पर बात की।

गडकरी के मुताबिक, वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल से प्रदूषण कम करने के साथ देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिल सकती है।

Read more!
Advertisement