नई Toyota Fortuner की टेस्टिंग शुरू! बदले हुए लुक और शानदार फीचर्स के साथ आ सकती है SUV
टोयोटा अपनी पॉपुलर SUV फॉर्च्यूनर को नए अवतार में लाने की तैयारी कर रही है. हाल ही में इस कार को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है. नई फॉर्च्यूनर के डिजाइन और केबिन में कई बड़े बदलाव हो सकते हैं. जानिए इसमें कौन से नए फीचर्स मिलेंगे और भारत में कब होगी एंट्री.

In Short
- नई टोयोटा फॉर्च्यूनर को थाईलैंड में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है.
- एसयूवी के एक्सटीरियर और इंटीरियर में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
- नई फॉर्च्यूनर में हाईटेक फीचर्स मिल सकते हैं, 2027 में लॉन्च होने की उम्मीद है.
टोयोटा अपनी पॉपुलर एसयूवी फॉर्च्यूनर को नए अवतार में लाने की तैयारी कर रही है. हाल ही में इस कार को थाईलैंड में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है. नई फॉर्च्यूनर में डिजाइन से लेकर इंटीरियर तक कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. आइए जानते हैं इस एसयूवी में क्या कुछ नया मिलने वाला है और यह कब तक लॉन्च हो सकती है.
टोयोटा अपनी गाड़ियों को लगातार अपडेट कर रही है. कंपनी ने हाल ही में ग्लांजा को अपडेट किया है. इसके बाद पॉपुलर 7-सीटर एमपीवी इनोवा हायक्रॉस के अपडेटेड मॉडल को भी टेस्टिंग के दौरान देखा गया था. अब कंपनी की चर्चित एसयूवी फॉर्च्यूनर की नई तस्वीरें सामने आई हैं. इस कार को थाईलैंड में टेस्ट करते हुए देखा गया है. हालांकि, टेस्टिंग के दौरान एसयूवी पूरी तरह से कैमोफ्लॉज यानी कवर से ढकी हुई थी, लेकिन इसके बावजूद डिजाइन से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई हैं.
नई फॉर्च्यूनर का लुक कितना बदलेगा?
नई टोयोटा फॉर्च्यूनर में सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट डिजाइन में देखने को मिल सकता है. सामने आई तस्वीरों के मुताबिक, एसयूवी का अगला हिस्सा पहले से ज्यादा बोल्ड और शार्प होगा. इसमें बड़ी सेंट्रल ग्रिल मिलेगी, जिसमें मेश पैटर्न देखने को मिल सकता है.
इसके अलावा अपर ग्रिल और हेडलाइट्स का डिजाइन भी बदला हुआ नजर आएगा. नई फॉर्च्यूनर का फ्रंट लुक काफी हद तक नई टोयोटा हाइलक्स जैसा हो सकता है.
साइड डिजाइन में क्या होगा खास?
कार के साइड डिजाइन की भी कुछ झलक सामने आई है. इसमें बड़ा बोनट, ऊंचा केबिन और अच्छा ग्राउंड क्लियरेंस देखने को मिल सकता है. इसके अलावा एसयूवी में बड़े व्हील आर्च, साइड स्टेप्स और मल्टी-स्पोक व्हील्स भी नजर आए हैं.
हालांकि, कार के दरवाजे, मिरर और पिछले हिस्से पर कवर लगा होने की वजह से डिजाइन की पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है.
इंटीरियर में मिल सकते हैं ये नए फीचर्स
नई फॉर्च्यूनर के केबिन में भी बड़े बदलाव होने की उम्मीद है. इसका डैशबोर्ड पहले से ज्यादा मॉडर्न हो सकता है. इसमें बड़ा इंफोटेनमेंट डिस्प्ले, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और नए कनेक्टिविटी फीचर्स मिल सकते हैं.
इसके अलावा कार में पैनोरोमिक सनरूफ और फ्रंट में ADAS मॉड्यूल भी दिया जा सकता है. हालांकि, इन फीचर्स को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
इंजन और लॉन्चिंग को लेकर क्या है अपडेट?
नई फॉर्च्यूनर में मौजूदा 2.8 लीटर डीजल इंजन मिलने की उम्मीद है. यह एसयूवी नई हाइलक्स वाले प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकती है और इसकी स्टाइलिंग भी उसी से मिलती-जुलती होगी.
लॉन्चिंग की बात करें तो नई टोयोटा फॉर्च्यूनर 2027 में बाजार में आ सकती है. हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च डेट की पुष्टि नहीं की है. इससे पहले टोयोटा दिसंबर में भारत में अपडेटेड इनोवा हायक्रॉस लॉन्च कर सकती है.