Tata Nexon का बदलेगा अंदाज! 18-इंच Alloy Wheels के साथ नए डिजाइन में आएगी ये एसयूवी
टाटा मोटर्स अपनी पॉपुलर नेक्सॉन को नए अवतार में लाने की तैयारी कर रही है। टेस्टिंग के दौरान इसके प्रोटोटाइप में कुछ ऐसे बदलाव नजर आए हैं, जो मौजूदा मॉडल से इसे अलग बना सकते हैं। डिजाइन से लेकर व्हील्स और फीचर्स तक क्या बदल सकता है और नई नेक्सॉन कब आएगी? जानिए।

In Short
- नई टाटा नेक्सॉन को टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है, जिसमें कर्व जैसे एलॉय व्हील्स दिखाई दिए हैं।
- नेक्स्ट जनरेशन नेक्सॉन के फ्रंट, रियर और साइड प्रोफाइल में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
- नई नेक्सॉन 2027 में लॉन्च होने वाली है, हालांकि कंपनी ने अभी लॉन्च डेट और फीचर्स की जानकारी नहीं दी है।
टाटा मोटर्स अपनी कारों के पोर्टफोलियो को लगातार अपडेट कर रही है। टाटा एरिस की लॉन्चिंग के बाद अब कंपनी अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट एसयूवी टाटा नेक्सॉन के नेक्स्ट जनरेशन मॉडल की टेस्टिंग में जुटी हुई है। नई नेक्सॉन को हाल में टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है। टेस्ट कार का ज्यादातर हिस्सा कैमोफ्लॉज से ढका हुआ था, लेकिन इसके बावजूद कुछ बदलावों की झलक देखने को मिली है।
नई Nexon में मिल सकते हैं बड़े एलॉय व्हील्स
लेटेस्ट स्पाई शॉट्स में नई टाटा नेक्सॉन के एलॉय व्हील्स ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है। टेस्टिंग के दौरान कार में टाटा कर्व जैसे एलॉय व्हील्स दिखाई दिए हैं। इसी वजह से माना जा रहा है कि कंपनी नई नेक्सॉन में 18 इंच के एलॉय व्हील्स दे सकती है। मौजूदा नेक्सॉन में 16 इंच के एलॉय व्हील्स मिलते हैं।
टाटा कर्व में कंपनी 18 इंच के एलॉय व्हील्स देती है और टेस्टिंग में नजर आए नेक्सॉन के एलॉय का डिजाइन भी कर्व जैसा ही दिखाई दिया है। हालांकि, टेस्टिंग मॉडल में लगे टायर का साइज साफ नजर नहीं आया है।
पहले भी ऐसा कर चुकी है Tata
टाटा मोटर्स पहले भी एक मॉडल के एलॉय व्हील्स को दूसरे मॉडल पर टेस्ट कर चुकी है। टाटा हैरियर की टेस्टिंग के दौरान कंपनी ने टाटा हेक्सा वाले एलॉय व्हील्स का इस्तेमाल किया था। बाद में हैरियर को 19 इंच के एलॉय व्हील्स के साथ लॉन्च किया गया था। हालांकि, हैरियर में मिलने वाले एलॉय व्हील्स का डिजाइन हेक्सा से अलग था।
डिजाइन में भी दिख सकते हैं बदलाव
नेक्स्ट जनरेशन टाटा नेक्सॉन के डिजाइन में भी कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कार के फ्रंट और रियर के साथ साइड प्रोफाइल को भी अपडेट किया जा सकता है। इसके अलावा रियर सीट पर हेडरूम को लेकर लोगों की शिकायत को कंपनी दूर कर सकती है। नई नेक्सॉन में कई नए लाइफस्टाइल फीचर्स भी जोड़े जा सकते हैं।
2027 में लॉन्च हो सकती है नई Nexon
टाटा की यह कॉम्पैक्ट एसयूवी 2027 में लॉन्च होने वाली है। कंपनी ने पहली बार नेक्सॉन को 2017 में लॉन्च किया था। नेक्सॉन पेट्रोल, डीजल, CNG और इलेक्ट्रिक अवतार में आती है। हालांकि, टाटा ने अभी नई नेक्सॉन की लॉन्च डेट या इसके फीचर्स को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
अगस्त में बढ़ी Nexon की बिक्री
नेक्सॉन टाटा के पोर्टफोलियो में दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार है। अगस्त 2026 में इसकी 18,431 यूनिट्स बिकी थीं, जबकि अगस्त 2025 में बिक्री 14,004 यूनिट्स रही थी। इस तरह सालाना आधार पर नेक्सॉन की बिक्री में 31.61 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।