29KM के माइलेज के साथ आ रही नई डस्टर! 21 हजार में बुकिंग शुरू, इस दिन होगी लॉन्च

भारतीय बाजार में रेनो डस्टर अब नए हाइब्रिड अवतार में एंट्री करने वाली है। कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है और माइलेज का भी खुलासा कर दिया है। नई डस्टर हाइब्रिड कई पॉपुलर एसयूवी को टक्कर देगी। जानिए इसकी लॉन्च डेट, इंजन, माइलेज और संभावित कीमत से जुड़ी जानकारी।

Advertisement

In Short

  • रेनो डस्टर हाइब्रिड 17 अक्टूबर को होगी लॉन्च, ₹21,000 में बुकिंग शुरू।
  • नई डस्टर हाइब्रिड का ARAI सर्टिफाइड माइलेज 29KM प्रति लीटर।
  • 1.8 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ मिलेगी 160 PS की दमदार पावर।

By Gungun Mishra:

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में मिडसाइज एसयूवी सेगमेंट में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस सेगमेंट में हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टॉस, टाटा सिएरा, मारुति ग्रैंड विटारा, टोयोटा हायराइडर, होंडा एलिवेट, टेकटॉन और रेनो डस्टर जैसी गाड़ियां एक-दूसरे को टक्कर दे रही हैं। इस साल लॉन्च हुई रेनो डस्टर की शुरुआती दो महीने में अच्छी बिक्री हुई थी, लेकिन इसके बाद इसकी सेल्स लगातार घट रही है। अब कंपनी डस्टर का हाइब्रिड वर्जन लाने की तैयारी में है, जो बेहतर माइलेज के साथ बाजार में उतरेगा।

17 अक्टूबर को लॉन्च होगी डस्टर हाइब्रिड

रेनो ने मार्च में ही डस्टर हाइब्रिड (Renault Duster Hybrid) का ऐलान कर दिया था। हालांकि, उस समय इसे लॉन्च नहीं किया गया था। अब कंपनी 17 अक्टूबर को इस नई एसयूवी को लॉन्च करने वाली है। इसकी बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। ग्राहक 9 अक्टूबर से महज 21,000 रुपये देकर डस्टर हाइब्रिड बुक कर सकते हैं। बुकिंग कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या ऑथराइज्ड डीलरशिप के जरिए की जा सकती है।

एक लीटर पेट्रोल में चलेगी 29 किलोमीटर

नई रेनो डस्टर हाइब्रिड की सबसे बड़ी खासियत इसका माइलेज होगा। कंपनी के मुताबिक, इसका ARAI सर्टिफाइड माइलेज 29 किलोमीटर प्रति लीटर है। वहीं, मौजूदा डस्टर के 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन का क्लेम्ड माइलेज 19.4 किलोमीटर प्रति लीटर और 1.3 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन का माइलेज 17.7 किलोमीटर प्रति लीटर है।

यानी हाइब्रिड मॉडल मौजूदा दोनों पेट्रोल वर्जन के मुकाबले ज्यादा माइलेज देगा। हालांकि, सड़क पर असल में कितना माइलेज मिलेगा, इसका पता लॉन्चिंग के बाद ही चलेगा।

Image Credit: AAJ TAK

ग्रैंड विटारा और हायराइडर को देगी टक्कर

माइलेज के मामले में डस्टर हाइब्रिड का सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा हाइब्रिड और टोयोटा अर्बन क्रूजर हायराइडर हाइब्रिड से होगा। इन दोनों एसयूवी का क्लेम्ड माइलेज 27.97 किलोमीटर प्रति लीटर है। वहीं, डस्टर हाइब्रिड का दावा 29 किलोमीटर प्रति लीटर का है।

कितना पावरफुल होगा इंजन?

रेनो डस्टर हाइब्रिड में 1.8 लीटर पेट्रोल इंजन मिलेगा। इसके साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर और 1.4kWh की बैटरी दी जाएगी। यह पूरा सेटअप मिलकर 160 PS की पावर जनरेट करेगा। हाइब्रिड मॉडल आने के बाद ग्राहकों को डस्टर लाइनअप में तीन इंजन विकल्प मिलेंगे।

कितनी होगी नई डस्टर हाइब्रिड की कीमत?

कंपनी डस्टर हाइब्रिड को डीजल मॉडल के विकल्प के तौर पर पेश कर रही है। पुरानी डस्टर की बिक्री में डीजल इंजन की बड़ी भूमिका रही थी, लेकिन नई डस्टर में डीजल इंजन नहीं मिलता है।

फिलहाल रेनो डस्टर की एक्स-शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये से 18.69 लाख रुपये के बीच है। हालांकि, हाइब्रिड वर्जन की कीमत का खुलासा अभी नहीं किया गया है।

Read more!
Advertisement