लग्जरी कारों के शौकीनों के लिए खुशखबरी! भारत में आई BMW की नई इलेक्ट्रिक MINI Cooper

BMW ग्रुप ने भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक MINI Cooper SE लॉन्च कर दी है। शानदार डिजाइन, दमदार बैटरी और आधुनिक टेक्नोलॉजी से लैस इस कार में कई खास फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी ग्राहकों को आकर्षक फाइनेंस प्लान भी ऑफर कर रही है। जानें इसकी कीमत और खासियतें।

Advertisement

In Short

  • नई इलेक्ट्रिक MINI Cooper SE की कीमत 53.90 लाख रुपये है।
  • सिंगल चार्ज में 402 किलोमीटर की रेंज और 218 hp की पावर मिलेगी।
  • महज 30 मिनट में बैटरी 10 से 80 फीसदी तक चार्ज हो सकेगी।

By Shraddha Shukla:

भारत में इलेक्ट्रिक कारों का बाजार लगातार बढ़ रहा है। ऑटो कंपनियां भी ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए मॉडल लॉन्च कर रही हैं। इसी कड़ी में BMW ग्रुप ने अपनी नई ऑल इलेक्ट्रिक MINI Cooper SE भारतीय बाजार में उतार दी है। कंपनी ने इस कार में अपने पुराने डिजाइन को बरकरार रखते हुए कई आधुनिक फीचर्स शामिल किए हैं। आइए जानते हैं इसकी कीमत, रेंज, डिजाइन, फीचर्स और फाइनेंस प्लान के बारे में।

कितनी है कार की कीमत?

नई MINI Cooper SE की एक्स-शोरूम कीमत 53.90 लाख रुपये रखी गई है। यह कार केवल फेवर्ड ट्रिम में उपलब्ध होगी। इसे पूरी तरह विदेश में बनाकर भारत लाया जाएगा (CBU)। देशभर में MINI के ऑथराइज्ड डीलर्स पर इसकी बुकिंग शुरू हो गई है। कंपनी इसकी डिलीवरी भी तुरंत शुरू करेगी। कीमत में GST शामिल है, लेकिन रोड टैक्स, TCS, RTO चार्ज और इंश्योरेंस अलग से देना होगा।

402 किलोमीटर की मिलेगी रेंज

कार में 54.2 kWh की बैटरी दी गई है, जो WLTP टेस्ट के मुताबिक सिंगल चार्ज में 402 किलोमीटर की रेंज देती है। इसकी इलेक्ट्रिक मोटर 218 hp की पावर और 330 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। कार महज 6.7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। वहीं, 95 kW DC फास्ट चार्जिंग से बैटरी को 30 मिनट में 10 से 80 फीसदी तक चार्ज किया जा सकता है।

तीन कलर ऑप्शन में उपलब्ध

कार ओशन वेव ग्रीन, ब्रिटिश रेसिंग ग्रीन और चिली रेड कलर में उपलब्ध होगी। इसमें गोल LED हेडलाइट्स, ऑक्टागोनल फ्रंट ग्रिल, 17 इंच के अलॉय व्हील्स, फ्लश डोर हैंडल, पैनोरमिक ग्लास रूफ और शार्क फिन एंटीना दिया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

स्मार्टफोन से खोल सकेंगे कार

कार में गोल OLED डिस्प्ले, MINI ऑपरेटिंग सिस्टम 9, वॉयस असिस्टेंट, डिजिटल की प्लस, हेड-अप डिस्प्ले, वायरलेस चार्जिंग, फिशआई कैमरा, हार्मन कार्डन साउंड सिस्टम, एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो जैसे फीचर्स मिलेंगे। इसके अलावा स्पोर्ट्स सीट्स, एंबियंट लाइटिंग और MINI एक्सपीरियंस मोड्स भी दिए गए हैं। इंटीरियर में रिसाइकल्ड फैब्रिक का इस्तेमाल किया गया है।

सेफ्टी के लिए मिलेंगे ये फीचर्स

कार में लेवल-2 ADAS, फ्रंट कॉलिजन वॉर्निंग, लेन डिपार्चर वॉर्निंग, रिवर्सिंग असिस्टेंट, पार्किंग असिस्टेंट, क्रूज कंट्रोल, एयरबैग्स, ABS, ब्रेक असिस्ट, रियर व्यू कैमरा और टायर प्रेशर इंडिकेटर जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं।

EMI पर भी मिलेगा फायदा

MINI 360 डिग्री फाइनेंस प्लान के तहत सामान्य बैंक लोन के मुकाबले 40 फीसदी कम EMI और पांच साल तक का एश्योर्ड बायबैक ऑप्शन मिलेगा। कार पर अनलिमिटेड किलोमीटर के साथ दो साल की वारंटी और 24x7 रोडसाइड असिस्टेंस मिलेगी। सर्विस पैकेज 4 साल से 10 साल तक और 2 लाख किलोमीटर तक उपलब्ध हैं। वारंटी को भी अधिकतम 10 साल तक बढ़ाया जा सकता है।

BMW ग्रुप इंडिया के प्रेसिडेंट और CEO हरदीप सिंह बरार को उम्मीद है कि नई इलेक्ट्रिक MINI Cooper अपने आधुनिक डिजाइन, दमदार परफॉर्मेंस और डिजिटल फीचर्स के जरिए भारत में नए ग्राहकों को आकर्षित करेगी।

Read more!
Advertisement