BMW की नई सुपरबाइक M 1000 RR भारत में लॉन्च! दमदार इंजन के साथ मिलेंगे कई नए फीचर्स

BMW Motorrad ने भारतीय बाजार में अपनी नई सुपरबाइक M 1000 RR लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसके इंजन से लेकर डिजाइन और राइडिंग फीचर्स तक में कई बड़े बदलाव किए हैं। रेसिंग के शौकीनों के लिए इस बाइक में क्या कुछ खास है और कितनी रखी गई है कीमत? जानिए।

Advertisement

In Short

  • BMW M 1000 RR की एक्स-शोरूम कीमत 59.90 लाख रुपये है।
  • सुपरबाइक में मिलेगा 999cc का इंजन और 218bhp की पावर।
  • नए रेसिंग फीचर्स के साथ मिलेगी तीन साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी।

By Urvashi Raghav:

BMW Motorrad ने भारतीय बाजार में अपनी नई सुपरबाइक BMW M 1000 RR लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसकी एक्स-शोरूम कीमत 59.90 लाख रुपये रखी है। इस बाइक को पूरी तरह विदेश में तैयार करके भारत लाया जाएगा यानी यह कम्प्लीटली बिल्ट यूनिट के तौर पर उपलब्ध होगी। देशभर में BMW Motorrad के डीलरशिप पर इसकी बुकिंग शुरू हो गई है। नई बाइक ब्लैकस्टॉर्म मेटैलिक कलर और M-कलर ग्राफिक्स के साथ पेश की गई है। इसमें कंपनी ने इंजन, डिजाइन और इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स से जुड़े कई बदलाव किए हैं।

पहले से ज्यादा दमदार इंजन

नई BMW M 1000 RR में 999cc का इनलाइन फोर-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 218bhp की पावर जेनरेट करता है। यह पिछले मॉडल के मुकाबले 6hp ज्यादा पावरफुल है। कंपनी ने इंजन के सिलेंडर हेड, कम्बशन चैंबर और टाइटेनियम वाल्व में बदलाव किए हैं। इसके अलावा टाइटेनियम एग्जॉस्ट सिस्टम को भी अपडेट किया गया है। इन बदलावों का मकसद रेसिंग ट्रैक पर बाइक की परफॉर्मेंस को बेहतर बनाना है।

डिजाइन में किए गए बड़े बदलाव

नई सुपरबाइक में कार्बन फाइबर से बने M Winglets 3.0 दिए गए हैं। इसके साथ ही फ्रंट फेयरिंग को भी नए सिरे से डिजाइन किया गया है। इन बदलावों से तेज रफ्तार के दौरान बाइक का संतुलन बेहतर बनाए रखने और एक्सीलरेशन के समय इंजन की पावर का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी। कंपनी ने बाइक के फ्रेम और इंजन माउंट में भी बदलाव किए हैं।

मिलेंगे नए इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स

BMW ने इस सुपरबाइक में स्लाइड कंट्रोल और ब्रेक स्लाइड असिस्ट जैसे नए फीचर्स शामिल किए हैं। डायनामिक ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम में स्टीयरिंग एंगल सेंसर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। इससे रेसिंग ट्रैक पर एक्सीलरेशन और ब्रेकिंग के दौरान बाइक को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा रेसिंग ट्रैक के लिए नया स्लिक ABS Pro मोड भी दिया गया है। बाइक के थ्रॉटल का रोटेशन एंगल घटाकर 58 डिग्री कर दिया गया है।

स्टैंडर्ड मिलेगा M Competition पैकेज

नई BMW M 1000 RR में M Competition पैकेज स्टैंडर्ड मिलेगा। इसमें M कार्बन व्हील्स, अतिरिक्त कार्बन कंपोनेंट्स, 220 ग्राम हल्का फुटरेस्ट सिस्टम और DLC कोटिंग वाली M Endurance चेन शामिल हैं। इसके साथ M GPS Laptrigger का एक्टिवेशन कोड भी मिलेगा।

तीन साल की मिलेगी वारंटी

कंपनी भारत में इस सुपरबाइक पर तीन साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी दे रही है। ग्राहक चाहें तो वारंटी को चौथे और पांचवें साल तक बढ़वा सकते हैं। इसके अलावा साल के 365 दिन चौबीसों घंटे रोडसाइड असिस्टेंस की सुविधा भी मिलेगी।

Read more!
Advertisement