धड़ाधड़ बिक रही MG की ये इलेक्ट्रिक कार, अब नए अवतार में हुई लॉन्च; मिलेंगे गजब के फीचर्स
MG Motor ने अपनी पॉपुलर इलेक्ट्रिक कार Windsor EV का नया Indulge Edition लॉन्च कर दिया है। 17.89 लाख रुपये की कीमत वाली इस कार में प्रीमियम इंटीरियर, नया कलर और पीछे बैठे यात्रियों के लिए खास स्क्रीन मिलेगी। जानिए इसके फीचर्स, बैटरी और सिंगल चार्ज में कितनी मिलेगी रेंज।

In Short
- MG Windsor EV Indulge Edition 17.89 लाख रुपये में लॉन्च।
- नए एडिशन में प्रीमियम इंटीरियर और रूफ-माउंटेड स्क्रीन मिलेगी।
- 38kWh बैटरी के साथ सिंगल चार्ज में 332KM की रेंज का दावा।
एमजी मोटर (MG Motor) ने अपनी पॉपुलर इलेक्ट्रिक कार MG Windsor EV को नए अवतार में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसका नया Indulge Edition पेश किया है, जिसमें पहले से ज्यादा कम्फर्ट और कन्वीनियंस फीचर्स दिए गए हैं। इस स्पेशल एडिशन में नया एक्सटीरियर कलर, प्रीमियम सीट अपहोल्स्ट्री और कई नए केबिन फीचर्स मिलते हैं। हालांकि, यह कार सिर्फ 38kWh बैटरी पैक के साथ उपलब्ध होगी।
कितनी है MG Windsor EV Indulge की कीमत?
MG Windsor EV Indulge Edition की एक्स-शोरूम कीमत 17.89 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी ने इस स्पेशल एडिशन को शैडो गोल्ड एक्सटीरियर कलर में पेश किया है।
कार में 18 इंच के ब्लैक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। इसके अलावा इंडल्ज बैजिंग भी मिलती है, जो इसे स्टैंडर्ड मॉडल से अलग पहचान देती है।
एक्सटीरियर में क्या हुआ बदलाव?
नई Windsor EV Indulge Edition में एलईडी लाइटिंग, बॉडी क्लैडिंग, ऑल-ब्लैक रूफ और ब्लैक्ड-आउट आउटसाइड रियर व्यू मिरर (ORVMs) मिलते हैं।
कंपनी ने इसके साथ कई एक्सेसरीज भी देने की बात कही है। इनमें रियर सनशेड्स, 3D मैट्स, क्रोम ग्रिल एक्सेंट्स, बंपर कॉर्नर प्रोटेक्टर्स, बॉडी साइड मोल्डिंग और लेदर की-कवर शामिल हैं।
केबिन में मिलेंगे ये खास फीचर्स
MG Windsor EV के नए एडिशन में ब्लैक और टैन कलर की लेदर सीट अपहोल्स्ट्री दी गई है। फ्रंट सीटों के हेडरेस्ट पर Indulge की ब्रांडिंग मिलेगी।
कार की सबसे खास बात रूफ-माउंटेड फ्लिप-डाउन स्क्रीन है, जिसे पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए दिया गया है। इसके अलावा स्पेशल एडिशन थीम वाली कुशनिंग और नेक पिलो भी मिलेंगे।
कार में पहले की तरह 15.6 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा। बाकी फीचर्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
बैटरी और रेंज कितनी मिलेगी?
MG Windsor EV Indulge Edition केवल 38kWh बैटरी पैक के साथ आएगी। इसका इलेक्ट्रिक मोटर 134 bhp की पावर और 200 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है।
कंपनी के दावे के मुताबिक, यह इलेक्ट्रिक कार एक बार फुल चार्ज होने पर 332 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है। हालांकि, इसमें बड़े बैटरी पैक का विकल्प नहीं मिलेगा।
80 हजार से ज्यादा ग्राहकों ने खरीदी कार
MG Windsor EV भारतीय बाजार में कंपनी की पॉपुलर इलेक्ट्रिक कारों में शामिल है। अब तक इसे 80 हजार से ज्यादा ग्राहक खरीद चुके हैं।
नए Indulge Edition के जरिए कंपनी ने उन ग्राहकों को ज्यादा फीचर्स देने की कोशिश की है, जो बेहतर केबिन कम्फर्ट और अलग लुक वाली इलेक्ट्रिक कार चाहते हैं।