सितंबर में Maruti Suzuki की बंपर बिक्री! बिकीं 2.36 लाख गाड़ियां, SUV ने दिखाई ताकत
मारुति सुजुकी के लिए सितंबर 2026 बिक्री के लिहाज से शानदार रहा। कंपनी की कुल बिक्री 2.36 लाख गाड़ियों के पार पहुंच गई। खास बात यह रही कि एसयूवी और यूटिलिटी व्हीकल सेगमेंट ने जबरदस्त रफ्तार दिखाई। जानिए घरेलू बाजार से लेकर निर्यात तक कंपनी की बिक्री के आंकड़े कैसे रहे।

In Short
- सितंबर में Maruti Suzuki की कुल बिक्री 24% बढ़कर 2,36,013 यूनिट पर पहुंची।
- घरेलू पैसेंजर व्हीकल बिक्री 37% बढ़ी, कंपनी ने 1,81,838 गाड़ियां बेचीं।
- SUV और यूटिलिटी व्हीकल सेगमेंट में 62% की जोरदार बढ़ोतरी, बिक्री 78,911 यूनिट रही।
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki के लिए सितंबर 2026 शानदार रहा। कंपनी की गाड़ियों की बिक्री में जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खास तौर पर SUV और यूटिलिटी व्हीकल्स ने कंपनी की बिक्री को रफ्तार दी है। सितंबर में Maruti Suzuki की कुल बिक्री 2.36 लाख यूनिट के पार पहुंच गई, जबकि घरेलू बिक्री में करीब 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
घरेलू बिक्री 30 फीसदी बढ़ी
Maruti Suzuki की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में कंपनी ने घरेलू बाजार में कुल 1,91,794 यूनिट वाहनों की बिक्री की। इसमें दूसरी ऑटो कंपनियों यानी OEMs को की गई बिक्री भी शामिल है।
पिछले साल सितंबर में यह आंकड़ा 1,47,461 यूनिट था। यानी सालाना आधार पर घरेलू बिक्री में करीब 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
एक्सपोर्ट को शामिल करने के बाद कंपनी की कुल बिक्री सितंबर में 2,36,013 यूनिट रही। सितंबर 2025 में यह आंकड़ा 1,89,665 यूनिट था। इस तरह कुल बिक्री में करीब 24 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पैसेंजर व्हीकल बिक्री 37% बढ़ी
घरेलू बाजार में कंपनी ने सितंबर में 1,81,838 पैसेंजर व्हीकल बेचे। पिछले साल इसी महीने 1,32,820 यूनिट की बिक्री हुई थी। यानी इस सेगमेंट में बिक्री 37 फीसदी बढ़ी है।
मिनी, कॉम्पैक्ट और मिड-साइज कारों की बिक्री 91,887 यूनिट रही, जबकि सितंबर 2025 में यह आंकड़ा 74,090 यूनिट था। इस कैटेगरी में Alto, Baleno, Celerio, Ciaz, Dzire, Ignis, S-Presso, Swift और WagonR शामिल हैं।
SUV ने बिक्री को दी तेज रफ्तार
मारुति सुजुकी के लिए सबसे तेज ग्रोथ यूटिलिटी व्हीकल सेगमेंट में देखने को मिली। सितंबर में कंपनी ने 78,911 यूटिलिटी व्हीकल बेचे, जबकि पिछले साल इसी महीने 48,695 यूनिट की बिक्री हुई थी। यानी बिक्री में 62 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
इस सेगमेंट में Brezza, Ertiga, XL6, e-Vitara, Fronx, Grand Vitara, Jimny, Victoris और Invicto शामिल हैं।
एक्सपोर्ट में भी बढ़ोतरी
लाइट कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में कंपनी ने सितंबर में 3,414 यूनिट बेचे। पिछले साल यह आंकड़ा 2,891 यूनिट था। यानी बिक्री 18 फीसदी बढ़ी।
वहीं कंपनी का एक्सपोर्ट करीब 5 फीसदी बढ़ा है। सितंबर में Maruti Suzuki ने 44,219 यूनिट एक्सपोर्ट किए, जबकि पिछले साल सितंबर में 42,204 यूनिट एक्सपोर्ट हुए थे।
छह महीने में 11 लाख से ज्यादा बिक्री
अप्रैल से सितंबर के छह महीनों के दौरान Maruti Suzuki ने कुल 11,46,523 वाहन बेचे हैं। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी की कुल बिक्री 8,71,276 यूनिट रही थी।