Maruti Suzuki की हर दूसरी कार होगी CNG वाली? Swift, Dzire और Baleno के नए मॉडल लॉन्च

Maruti Suzuki ने Swift, Dzire और Baleno के नए CNG ऑटोमैटिक वेरिएंट लॉन्च किए हैं। कंपनी को उम्मीद है कि उसकी कुल बिक्री में CNG कारों की हिस्सेदारी 50% तक पहुंच सकती है। जानिए इन तीनों मॉडल की कीमत, माइलेज और बढ़ती मांग के बीच कंपनी के सामने क्या चुनौती है।

Advertisement
मारुति सुजुकी ने 18 सितंबर को Swift, Dzire और Baleno के ऑटोमैटिक वेरिएंट लॉन्च कर अपनी S-CNG लाइनअप का विस्तार किया।
मारुति सुजुकी ने 18 सितंबर को Swift, Dzire और Baleno के ऑटोमैटिक वेरिएंट लॉन्च कर अपनी S-CNG लाइनअप का विस्तार किया।

In Short

  • Maruti Suzuki को अपनी कुल बिक्री में CNG कारों की हिस्सेदारी 50% तक पहुंचने की उम्मीद
  • Swift, Baleno और Dzire के नए CNG ऑटोमैटिक वेरिएंट की शुरुआती कीमत ₹7.92 लाख से
  • कंपनी के मुताबिक Dzire S-CNG AMT देती है 36.47 किलोमीटर प्रति किलोग्राम का माइलेज

By Shakshi:

देश की बड़ी कार कंपनी Maruti Suzuk इंडिया लिमिटेड को उम्मीद है कि आने वाले समय में उसकी कुल बिक्री में CNG गाड़ियों की हिस्सेदारी 50% तक पहुंच सकती है। कंपनी ने Swift, Dzire और Baleno के नए CNG ऑटोमैटिक वेरिएंट लॉन्च किए हैं। हालांकि, कंपनी ने इस लक्ष्य तक पहुंचने की कोई समय-सीमा नहीं बताई है।

अभी 43% है CNG गाड़ियों की हिस्सेदारी

मारुति सुजुकी के सेल्स और मार्केटिंग के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी ने कहा कि अगर कंपनी को पर्याप्त सप्लाई मिलती है, तो CNG गाड़ियों की हिस्सेदारी 50% तक पहुंचने की पूरी उम्मीद है।

फिलहाल मारुति सुजुकी की कुल बिक्री में CNG गाड़ियों की हिस्सेदारी 43% है। बनर्जी के मुताबिक, कंपनी हर महीने करीब 80,000 CNG गाड़ियां बेचती है और भारत के CNG कार बाजार में उसकी हिस्सेदारी लगभग 70% है।

देश में भी CNG गाड़ियों की मांग बढ़ रही है। कुल पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री में इनकी हिस्सेदारी अगस्त 2025 के 26% से बढ़कर अगस्त 2026 में 32% हो गई है।

Swift, Dzire और Baleno के नए CNG ऑटोमैटिक मॉडल

मारुति सुजुकी ने शुक्रवार को अपनी S-CNG लाइनअप में तीन नए ऑटोमैटिक वेरिएंट शामिल किए। इनकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमतें इस प्रकार हैं:

मारुति सुजुकी ने Swift S-CNG AMT को ₹7.92 लाख, Baleno S-CNG AMT को ₹8.32 लाख और Dzire S-CNG AMT को ₹8.53 लाख की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया है।

कंपनी के मुताबिक, Dzire S-CNG AMT का माइलेज 36.47 किलोमीटर प्रति किलोग्राम है। मारुति का दावा है कि यह अपनी कैटेगरी में भारत की सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली सेडान है। वहीं, Swift S-CNG AMT का माइलेज 35.34 किलोमीटर और Baleno S-CNG AMT का 34.47 किलोमीटर प्रति किलोग्राम है।

बिना क्लच दबाए बदल सकेंगे गियर

तीनों गाड़ियों में 1.2-लीटर Z12E इंजन और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स दिया गया है। इससे ड्राइवर को बार-बार क्लच दबाने की जरूरत नहीं होगी। गाड़ी अपने आप गियर बदल सकती है और ड्राइवर चाहे तो बिना क्लच पैडल के मैनुअली भी गियर बदल सकता है।

बढ़ती मांग के बीच सप्लाई की चुनौती
मारुति सुजुकी के मुताबिक, ज्यादा माइलेज और कम प्रदूषण के कारण ग्राहक CNG गाड़ियां पसंद कर रहे हैं। कंपनी की S-CNG बिक्री में साल की पहली तिमाही में सालाना आधार पर 58% की बढ़ोतरी हुई। जुलाई में कंपनी ने रिकॉर्ड 83,000 CNG गाड़ियां बेचीं।

हालांकि, बनर्जी ने माना कि फिलहाल कंपनी की CNG गाड़ियां बनाने की क्षमता सीमित है और सप्लाई चिंता का विषय है। मारुति सुजुकी ने CNG, इलेक्ट्रिक और स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड गाड़ियों की कुल बिक्री करीब 10 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

Read more!
Advertisement