5-स्टार सेफ्टी और 328 लीटर बूट स्पेस... ग्राहकों की पसंद बन रही मारुति की ये CNG SUV

भारतीय बाजार में सीएनजी कारों की बढ़ती मांग के बीच मारुति सुजुकी की ब्रेजा फेसलिफ्ट ने बिक्री के मामले में शानदार प्रदर्शन किया है। अक्टूबर में इसकी बिक्री में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। आखिर नई ब्रेजा सीएनजी में क्या बदलाव किए गए हैं और कितनी है इसकी कीमत?

Advertisement

In Short

  • अक्टूबर 2026 में मारुति ब्रेजा सीएनजी की बिक्री में 139 फीसदी का उछाल आया है।
  • देश में सीएनजी कारों की बिक्री में सालाना आधार पर 21.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
  • नई ब्रेजा सीएनजी में 328 लीटर का बूट स्पेस दिया गया है और इसकी कीमत 9.45 लाख रुपये से शुरू होती है।

By Sonam:

भारतीय बाजार में सीएनजी कारों की मांग लगातार बढ़ रही है। अक्टूबर 2026 में देशभर में करीब 1.24 लाख सीएनजी कारों की बिक्री हुई है। सालाना आधार पर इस सेगमेंट की बिक्री में 21.3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सीएनजी कारों के बाजार में मारुति सुजुकी का दबदबा बरकरार है। वहीं, कंपनी की हाल ही में लॉन्च हुई ब्रेजा फेसलिफ्ट सीएनजी को भी ग्राहकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। बिक्री में ग्रोथ के मामले में ब्रेजा सीएनजी इस सेगमेंट में सबसे आगे रही है।

ब्रेजा सीएनजी की बिक्री में 139 फीसदी का उछाल

अक्टूबर 2026 में मारुति सुजुकी ने ब्रेजा सीएनजी की 8,725 यूनिट्स बेची हैं। पिछले साल इसी महीने में इसकी 3,657 यूनिट्स बिकी थीं। इस तरह सालाना आधार पर कार की बिक्री में 139 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। अक्टूबर में सबसे ज्यादा बिकने वाली सीएनजी कारों की लिस्ट में ब्रेजा पांचवें स्थान पर रही है।

सीएनजी कारों के बाजार में मारुति का दबदबा

अक्टूबर 2025 में भारतीय बाजार में करीब 1.02 लाख सीएनजी कारों की बिक्री हुई थी। इस साल अक्टूबर में यह आंकड़ा बढ़कर 1.24 लाख तक पहुंच गया है। पिछले साल के मुकाबले इस बार 21,859 ज्यादा सीएनजी कारें बिकी हैं।

ऑटो पंडित्ज के मुताबिक, अक्टूबर में मारुति सुजुकी ने 83,539 सीएनजी कारों की बिक्री की है। वहीं, टाटा मोटर्स 19,978 कारों की बिक्री के साथ दूसरे स्थान पर रही है। हुंडई ने 12,386 सीएनजी कारें बेची हैं और कंपनी तीसरे स्थान पर रही है।

Image Credit : Aaj Tak

नई ब्रेजा सीएनजी में क्या है खास?

मारुति सुजुकी ब्रेजा फेसलिफ्ट सीएनजी के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें पहले की तरह 1.5 लीटर का पेट्रोल-सीएनजी इंजन मिलता है, जो 86 से 89 बीएचपी की पावर और 121.5 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 6 स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन मिलता है।

कार में सबसे बड़ा बदलाव सीएनजी टैंक को लेकर किया गया है। नई ब्रेजा में अंडरबॉडी सीएनजी टैंक दिया गया है। इसकी वजह से ग्राहकों को सामान रखने के लिए 328 लीटर का बूट स्पेस मिलता है।

सेफ्टी फीचर्स और कीमत

नई मारुति सुजुकी ब्रेजा को भारत एनकैप में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। कार में 6 एयरबैग और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) समेत कई सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं।

ब्रेजा सीएनजी तीन वेरिएंट्स LXI CNG, VXI CNG और ZXI CNG में उपलब्ध है। इसके सीएनजी वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 9.45 लाख रुपये से शुरू होकर 11.80 लाख रुपये तक जाती है।

Read more!
Advertisement