Mahindra Scorpio Pikup का 14 अगस्त को होगा डेब्यू, SUV वाला लुक और 4WD से मचाएगी पिकअप सेगमेंट में हलचल
कंपनी 14 अगस्त को इस लाइफस्टाइल पिकअप ट्रक का ग्लोबल डेब्यू करेगी। खास बात यह है कि यह सिर्फ Scorpio N का पिकअप वर्जन नहीं होगी, बल्कि इसे अलग डिजाइन, बड़ा लोड बेड और ज्यादा प्रीमियम केबिन के साथ तैयार किया गया है।

In Short
- Mahindra Scorpio Pikup का ग्लोबल डेब्यू 14 अगस्त को होगा, जिसमें SUV जैसा डिजाइन और बड़ा कार्गो बेड मिलेगा।
- प्रीमियम केबिन में बड़ी टचस्क्रीन, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और ADAS जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है।
- 4WD सिस्टम के साथ डीजल इंजन मिलने की उम्मीद है, जिसमें Normal, Mud-Rut और Sand जैसे ड्राइव मोड दिए जा सकते हैं।
Mahindra Scorpio Pikup: महिंद्रा अपनी नई Scorpio Pikup को लेकर बड़ा दांव खेलने जा रही है। कंपनी 14 अगस्त को इस लाइफस्टाइल पिकअप ट्रक का ग्लोबल डेब्यू करेगी। खास बात यह है कि यह सिर्फ Scorpio N का पिकअप वर्जन नहीं होगी, बल्कि इसे अलग डिजाइन, बड़ा लोड बेड और ज्यादा प्रीमियम केबिन के साथ तैयार किया गया है।
कंपनी ने करीब 40 सेकंड का टीजर जारी कर इसकी पहली आधिकारिक झलक भी दिखा दी है। नई Scorpio Pikup उसी Global Pik Up Concept पर आधारित है, जिसे महिंद्रा ने 2023 में पेश किया था।
SUV जैसा लुक, पीछे बड़ा कार्गो बेड
टीजर में Scorpio Pikup का डबल-कैब डिजाइन नजर आता है। यानी इसमें आगे और पीछे यात्रियों के बैठने की जगह होगी, जबकि पीछे सामान रखने के लिए बड़ा कार्गो बेड मिलेगा।
फ्रंट डिजाइन भी Scorpio N से अलग रखा गया है। इसमें पतले LED हेडलैंप के साथ L-शेप LED DRL दिए गए हैं। बंपर में वर्टिकल LED फॉग लैंप और बड़ी ग्रिल मिलती है। ग्रिल पर हेक्सागोनल डिजाइन और महिंद्रा का लोगो दिया गया है। फ्रंट में कैमरा भी नजर आता है, जिससे संकेत मिलता है कि इसमें 360 डिग्री कैमरा मिल सकता है।
पीछे की तरफ C-शेप LED टेल लाइट और टेलगेट पर बड़े अक्षरों में Mahindra की बैजिंग दिखाई देती है। नए डिजाइन के अलॉय व्हील भी इसके रफ एंड टफ लुक को बढ़ाते हैं।
पिकअप लेकिन केबिन SUV जैसा
Scorpio Pikup की सबसे बड़ी खासियत सिर्फ इसका लोड बेड नहीं, बल्कि इसका केबिन भी हो सकता है। टीजर में बड़ी पोर्ट्रेट टचस्क्रीन, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील नजर आता है। इसके अलावा डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और अलग ड्राइव मोड सेलेक्टर भी दिखाई देता है।
नई पिकअप में Scorpio N के कई प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसमें लेवल 2 ADAS, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, वायरलेस चार्जिंग, वेंटिलेटेड सीटें, पावर्ड फ्रंट सीट और ड्राइवर ड्राउजिनेस डिटेक्शन जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं।
Scorpio N के प्लेटफॉर्म पर होगी तैयार
नई Pikup को Scorpio N के प्लेटफॉर्म पर बनाया जा रहा है। हालांकि, सामान रखने के लिए बड़ा कार्गो बेड देने के कारण इसका व्हीलबेस Scorpio N से ज्यादा लंबा होगा। इसका फायदा यह होगा कि पिकअप में SUV जैसी ऑफ-रोड क्षमता के साथ ज्यादा सामान ढोने की सुविधा भी मिलेगी।
शुरुआत में इसके डबल-कैब वर्जन के आने की उम्मीद है। बाद में कंपनी कमर्शियल इस्तेमाल के लिए इसका ज्यादा बेसिक और यूटिलिटी फोकस्ड वर्जन भी ला सकती है।
डीजल इंजन और 4WD मिलने की उम्मीद
महिंद्रा ने फिलहाल इंजन के फाइनल स्पेसिफिकेशन नहीं बताए हैं। हालांकि, Scorpio Pikup में कंपनी का mHawk डीजल इंजन मिलने की उम्मीद है।इसे 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ पेश किया जा सकता है।
4WD सिस्टम इस पिकअप की बड़ी ताकत होगा। इसमें अलग-अलग रास्तों के हिसाब से Normal, Grass-Gravel-Snow, Mud-Rut और Sand जैसे ड्राइव मोड मिलने की पुष्टि पहले ही की जा चुकी है। यानी इसका फोकस सिर्फ शहर में चलने पर नहीं, बल्कि खराब रास्तों और ऑफ-रोड ड्राइविंग पर भी रहेगा।
14 अगस्त को होगा बड़ा खुलासा
Mahindra Scorpio Pikup का ग्लोबल डेब्यू 14 अगस्त को होगा। इसी दौरान कंपनी इसके इंजन, साइज, वेरिएंट और किन देशों में इसे बेचा जाएगा, इससे जुड़ी अहम जानकारी साझा कर सकती है।
इस पिकअप के जरिए महिंद्रा सिर्फ Scorpio ब्रांड का दायरा नहीं बढ़ा रही, बल्कि ग्लोबल लाइफस्टाइल पिकअप मार्केट में भी अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी कर रही है। अब सबसे बड़ी नजर इसकी कीमत और भारतीय बाजार में लॉन्च टाइमलाइन पर रहेगी।