महिंद्रा की पहली CNG SUV की दिखी झलक! इस दिन होगी लॉन्च, जानें कितनी हो सकती है कीमत
CNG कार खरीदने की सोच रहे लोगों के लिए महिंद्रा जल्द एक नया विकल्प लेकर आ रही है। कंपनी की पहली फैक्ट्री-फिटेड CNG SUV लॉन्च से पहले टेस्टिंग के दौरान नजर आई है। इसका मुकाबला Tata Nexon और Maruti Brezza से होगा। जानिए इसकी संभावित कीमत, इंजन और खास फीचर्स।

In Short
- महिंद्रा अपनी पहली फैक्ट्री-फिटेड CNG SUV XUV 3XO CNG को 15 अक्टूबर 2026 को लॉन्च करने की तैयारी में है।
- नई SUV को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, इसमें 1.2-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है।
- XUV 3XO CNG की संभावित शुरुआती कीमत 8.50 लाख रुपये हो सकती है, इसका मुकाबला Nexon और Brezza CNG से होगा।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और माइलेज की चिंता के बीच अब लोग सीएनजी गाड़ियों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसी बढ़ती डिमांड को देखते हुए महिंद्रा एंड महिंद्रा भी सीएनजी कारों के बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी अपनी पहली फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी एसयूवी Mahindra XUV 3XO सीएनजी को 15 अक्टूबर 2026 को लॉन्च करने जा रही है। हाल ही में इस गाड़ी को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिससे इसके डिजाइन की पहली झलक सामने आई है।
टेस्टिंग के दौरान दिखी नई SUV की झलक
महिंद्रा XUV 3XO सीएनजी को हाल ही में पहाड़ी इलाकों में टेस्टिंग के दौरान देखा गया। इसका वीडियो एक व्लॉगर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। वीडियो में गाड़ी का पिछला हिस्सा बिना किसी खास कवर के दिखाई दे रहा है।
डिजाइन की बात करें तो यह एसयूवी काफी हद तक अपने पेट्रोल और डीजल मॉडल जैसी दिखती है। इसमें रूफ रेल्स, रियर स्पॉयलर, XUV 3XO की बैजिंग और दोनों टेललैंप को जोड़ने वाली लाइट स्ट्रिप दी गई है। इसके अलावा ब्लैक बंपर, सिल्वर स्किड प्लेट और रिफ्लेक्टर्स भी नजर आते हैं। पीछे की विंडस्क्रीन पर लगा सीएनजी स्टिकर इसका सबसे बड़ा बदलाव है।
कैसा होगा इंजन और गियरबॉक्स?
फिलहाल XUV 3XO के पेट्रोल मॉडल में 1.2-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के दो विकल्प मिलते हैं। पहला इंजन 111hp की पावर और 200Nm का टॉर्क देता है, जबकि दूसरा 131hp की पावर और 230Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
उम्मीद है कि कंपनी सीएनजी मॉडल में 111hp वाला MPFI इंजन इस्तेमाल कर सकती है। हालांकि, गियरबॉक्स को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पेट्रोल मॉडल में 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलते हैं। वहीं, सीएनजी टैंक की क्षमता और उसकी जगह का खुलासा भी नहीं हुआ है।
कितनी हो सकती है कीमत?
महिंद्रा XUV 3XO की मौजूदा एक्स-शोरूम कीमत 7.79 लाख रुपये से 15.04 लाख रुपये के बीच है। आमतौर पर सीएनजी मॉडल पेट्रोल वेरिएंट से करीब 70 हजार से 1 लाख रुपये महंगे होते हैं। ऐसे में नई XUV 3XO सीएनजी की शुरुआती कीमत लगभग 8.50 लाख रुपये हो सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी आधिकारिक कीमत नहीं बताई है।
Nexon और Brezza से होगा मुकाबला
लॉन्च के बाद महिंद्रा XUV 3XO सीएनजी का सीधा मुकाबला टाटा नेक्सन सीएनजी और मारुति ब्रेजा सीएनजी से होगा। नेक्सन सीएनजी की शुरुआती कीमत 8.35 लाख रुपये और ब्रेजा सीएनजी की 9.40 लाख रुपये एक्स-शोरूम है।
माइलेज की बात करें तो नेक्सन सीएनजी के लिए करीब 18 किमी/किग्रा और ब्रेजा सीएनजी के लिए 26 किमी/किग्रा तक का दावा किया जाता है। ऐसे में महिंद्रा के लिए कीमत के साथ बेहतर माइलेज देना भी बड़ी चुनौती होगी।