Kia Sorento Hybrid SUV: किआ की पहली हाइब्रिड एसयूवी से उठा पर्दा! प्री-बुकिंग शुरू, जानिए क्या होगा खास
किआ भारत में अपनी पहली हाइब्रिड एसयूवी सोरेंटो लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने इसका टीजर जारी कर प्री-बुकिंग भी शुरू कर दी है। दमदार डिजाइन और प्रीमियम फीचर्स वाली इस एसयूवी में क्या खास होगा और लॉन्च से पहले किन जानकारियों का इंतजार है, जानिए पूरी खबर।

In Short
- किआ ने भारत में अपनी पहली हाइब्रिड एसयूवी सोरेंटो का टीजर जारी कर प्री-बुकिंग शुरू कर दी है।
- इंडिया-स्पेक सोरेंटो में चौड़ा स्टांस, टू-लेयर लाइटिंग सेटअप और दमदार रोड प्रेजेंस देखने को मिलेगी।
- कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च डेट, कीमत, हाइब्रिड सिस्टम, बैटरी और माइलेज की जानकारी साझा नहीं की है।
Kia Sorento Hybrid SUV: भारत में हाइब्रिड एसयूवी की मांग लगातार बढ़ रही है और अब Kia भी इस सेगमेंट में बड़ा कदम रखने जा रही है। कंपनी ने अपनी पहली हाइब्रिड एसयूवी ऑल-न्यू सोरेंटो की आधिकारिक झलक दिखा दी है। इसके साथ ही प्री-बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। हालांकि लॉन्च डेट, कीमत और पूरी स्पेसिफिकेशन का अभी खुलासा नहीं किया गया है। अब सवाल यह है कि इस एसयूवी में क्या खास मिलने वाला है, आइए जानते हैं।
प्री-बुकिंग शुरू, लॉन्च का इंतजार
किआ इंडिया ने ऑल-न्यू सोरेंटो की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक इसे कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट या किआ डीलरशिप के जरिए बुक कर सकते हैं। कंपनी ने अभी लॉन्च की तारीख, कीमत और फीचर लिस्ट की जानकारी साझा नहीं की है। उम्मीद है कि बाजार में लॉन्च से पहले इन सभी बातों का खुलासा किया जाएगा।
टीजर में दिखा दमदार डिजाइन
कंपनी के टीजर में इंडिया-स्पेक सोरेंटो की पहली झलक देखने को मिली है। एसयूवी का सीधा और मजबूत बॉडी डिजाइन, चौड़ा स्टांस और उभरी हुई शोल्डर लाइन इसे शानदार रोड प्रेजेंस देती है।
फ्रंट में टू-लेयर लाइटिंग सेटअप दिया गया है। ऊपर की तरफ पूरी चौड़ाई में फैली हुई एलईडी लाइट सिग्नेचर नजर आती है, जबकि दूसरा लाइट क्लस्टर बंपर के नीचे की ओर लगाया गया है। टीजर में पूरी एसयूवी नहीं दिखाई गई, लेकिन इतना साफ है कि भारत में आने वाला मॉडल ग्लोबल डिजाइन को काफी हद तक बरकरार रखेगा।
दुनिया के 132 देशों में बिक चुकी है सोरेंटो
सोरेंटो को पहली बार साल 2002 में ग्लोबली पेश किया गया था। अब तक यह एसयूवी चार पीढ़ियों में आ चुकी है। किआ के मुताबिक, दुनिया के 132 देशों में इसकी 48 लाख से ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं। यही नहीं, 2024 और 2025 में भी सोरेंटो कंपनी के सबसे ज्यादा बिकने वाले तीन मॉडलों में शामिल रही।
भारत में पहली हाइब्रिड एसयूवी होगी
ग्लोबल मार्केट में सोरेंटो पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और प्लग-इन हाइब्रिड जैसे कई पावरट्रेन ऑप्शन के साथ उपलब्ध है। लेकिन भारत में किआ इसे अपनी पहली हाइब्रिड एसयूवी के रूप में लॉन्च करेगी।
फिलहाल कंपनी ने हाइब्रिड सिस्टम, बैटरी, परफॉर्मेंस या माइलेज से जुड़ी कोई जानकारी साझा नहीं की है। इन सभी टेक्निकल डिटेल्स का खुलासा लॉन्च के करीब किया जाएगा।
प्रीमियम एसयूवी सेगमेंट में बढ़ेगी चुनौती
सोरेंटो के जरिए किआ भारत में अपने इलेक्ट्रिफाइड व्हीकल पोर्टफोलियो का विस्तार करना चाहती है। कंपनी का मानना है कि बड़े, फीचर-लोडेड और बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी वाली प्री-मियम एसयूवी की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में सोरेंटो इस सेगमेंट में किआ की मौजूदगी को और मजबूत कर सकती है।