7-सीटर सीएनजी कार खरीदने वालों के लिए दो नए ऑप्शन, किआ ने लॉन्च की कारेन्स और क्लैविस
किआ ने भारत में अपनी पहली फैक्टरी फिटेड सीएनजी कारें लॉन्च कर दी हैं। कंपनी ने 7-सीटर कारेन्स और कारेन्स क्लैविस के सीएनजी वेरिएंट की कीमतों का ऐलान किया है। दोनों कारों में 1.5 लीटर का इंजन मिलेगा। जानिए इनकी कीमत, माइलेज और बूट स्पेस से जुड़ी पूरी जानकारी।

In Short
- किआ ने भारत में अपनी पहली फैक्टरी फिटेड सीएनजी कारेन्स और कारेन्स क्लैविस लॉन्च कर दी हैं।
- कारेन्स सीएनजी की कीमत 12.12 लाख रुपये और क्लैविस सीएनजी की शुरुआती कीमत 12.39 लाख रुपये है।
- दोनों कारों में 1.5 लीटर का इंजन और 6-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स मिलेगा।
किआ ने भारतीय बाजार में अपनी पहली फैक्टरी फिटेड सीएनजी कारें लॉन्च कर दी हैं। कंपनी ने किआ कारेन्स और कारेन्स क्लैविस के सीएनजी वेरिएंट की कीमतों का ऐलान किया है। किआ पिछले कई दिनों से इन कारों को टीज कर रही थी और सोरेंटो की लॉन्चिंग के साथ इन्हें पेश किया गया था। अब सीएनजी वाली 7-सीटर कार खरीदने वालों को मारुति सुजुकी अर्टिगा, एक्सएल-6 और टोयोटा रुमियन के अलावा दो नए विकल्प मिल गए हैं।
कितनी है कारेन्स और क्लैविस सीएनजी की कीमत?
किआ कारेन्स सीएनजी की कीमत 12.12 लाख रुपये रखी गई है। यह सिर्फ प्रीमियम (ओ) वेरिएंट में मिलेगी। वहीं कारेन्स क्लैविस सीएनजी की शुरुआती कीमत 12.39 लाख रुपये है। इसे एचटीई और एचटीई (ओ) वेरिएंट में खरीदा जा सकता है। क्लैविस के एचटीई (ओ) सीएनजी वेरिएंट की कीमत 13.35 लाख रुपये है।
तीनों सीएनजी वेरिएंट की कीमत इनके पेट्रोल मैन्युअल वेरिएंट के मुकाबले 1 लाख रुपये ज्यादा है।
दूसरी 7-सीटर सीएनजी कारों से कितनी अलग है कीमत?
बाजार में मौजूद मारुति सुजुकी अर्टिगा सीएनजी की कीमत 10.94 लाख रुपये से 12 लाख रुपये के बीच है। टोयोटा रुमियन सीएनजी की एक्स शोरूम कीमत 11.69 लाख रुपये है। वहीं मारुति सुजुकी एक्सएल-6 सीएनजी की एक्स शोरूम कीमत 12.61 लाख रुपये है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: नई Mahindra Thar से 22 सितंबर को उठेगा पर्दा, जानें लुक से फीचर्स तक क्या होगा नया
अब इस सेगमेंट में कारेन्स और क्लैविस सीएनजी भी शामिल हो गई हैं।
इंजन और माइलेज की क्या है जानकारी?
किआ कारेन्स और क्लैविस सीएनजी में 1.5 लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन दिया गया है। यह इंजन 96 एचपी की पावर और 123 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। दोनों कारों में 6-स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन मिलेगा।
कंपनी ने फिलहाल इन कारों के माइलेज का आधिकारिक आंकड़ा नहीं बताया है। हालांकि सीएनजी वेरिएंट से 22 से 25 किलोमीटर प्रति किलोग्राम तक माइलेज मिलने का अनुमान है।
सीएनजी टैंक के बाद कितना मिलेगा बूट स्पेस?
फैक्टरी फिटेड सीएनजी टैंक लगने के बाद कार में 116 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। सीएनजी वेरिएंट में स्पेयर व्हील भी दिया गया है।
किआ के मुताबिक, कंपनी ने इन कारों के सस्पेंशन को दोबारा ट्यून किया है और फ्रंट डिस्क ब्रेक को अपडेट किया है। इसके अलावा दोनों सीएनजी कारों का डिजाइन और फीचर्स इनके पेट्रोल वर्जन जैसे ही हैं।