JSW Combat: Fortuner को देगी टक्कर! 1100 KM रेंज, 360 HP पावर, कितनी होगी कीमत?

भारतीय SUV बाजार में Toyota Fortuner को जल्द नई चुनौती मिल सकती है। JSW Motors अपनी पहली SUV Combat को दिसंबर में पेश करने की तैयारी कर रही है। इसमें प्लग-इन हाइब्रिड तकनीक, दमदार पावर और लंबी ड्राइविंग रेंज मिलने की उम्मीद है। लेकिन क्या इसके फीचर्स और संभावित कीमत ग्राहकों को आकर्षित कर पाएंगे? जानिए लॉन्च डेट से लेकर पूरी डिटेल।

Advertisement
JSW Combat में 1,100 KM तक की रेंज और 360 HP पावर मिलने की उम्मीद, दिसंबर में उठेगा पर्दा। (फोटो: jswmotorsindia.com)
JSW Combat में 1,100 KM तक की रेंज और 360 HP पावर मिलने की उम्मीद, दिसंबर में उठेगा पर्दा। (फोटो: jswmotorsindia.com)

In Short

  • JSW Combat का 4 दिसंबर 2026 को अनावरण होने की उम्मीद है।
  • प्लग-इन हाइब्रिड SUV में 360 HP पावर और 1,100 KM तक की कुल रेंज का दावा।
  • संभावित एक्स-शोरूम कीमत ₹40 लाख से ₹50 लाख, आधिकारिक घोषणा बाकी।

By Shakshi:

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एक नई SUV की एंट्री होने वाली है। JSW Motors अपनी पहली कार JSW Combat को दिसंबर 2026 में पेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने 3 और 4 दिसंबर के लिए आमंत्रण भेजे हैं और रिपोर्ट्स के मुताबिक, 4 दिसंबर को इस SUV से पर्दा उठ सकता है। खास बात यह है कि यह एक प्लग-इन हाइब्रिड SUV होगी, जिसकी कुल रेंज 1,100 किलोमीटर तक होने का दावा किया जा रहा है।

Toyota Fortuner समेत इन SUVs से मुकाबला

बोनट पर COMBAT की ब्रांडिंग के साथ सीधा और बॉक्सी डिजाइन वाला दमदार लुक। (फोटो: jswmotorsindia.com)

JSW Combat को Toyota Fortuner, Kia Sorento, MG Majestor और Skoda Kodiaq जैसी SUVs के संभावित प्रतिद्वंद्वी के तौर पर देखा जा रहा है। यह JSW Motors के अपने ब्रांड के तहत आने वाली पहली कार होगी। इसे चीन की ऑटो कंपनी Chery के साथ साझेदारी में तैयार किया जा रहा है। भारत में इसकी असेंबली महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित प्लांट में होगी।

कब होगी लॉन्च और कब शुरू होगी बिक्री?

JSW Combat में 4,785 mm लंबी बॉडी, 2,800 mm व्हीलबेस और 752 लीटर बूट स्पेस मिलता है। (फोटो: jswmotorsindia.com)

JSW Motors ने मार्च 2026 में देशभर में डीलरशिप के लिए आवेदन लेने शुरू किए थे। सितंबर में रिपोर्ट्स के जरिए सामने आया कि Chery Jetour T2 को भारत में Combat नाम से पेश किया जाएगा।

पहले इसे दिवाली के आसपास लॉन्च करने की योजना थी, लेकिन बाद में दिसंबर की तारीख सामने आई। अब 4 दिसंबर को इसके अनावरण की उम्मीद है। बिक्री दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 में शुरू हो सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी आधिकारिक कीमतों और बुकिंग की घोषणा नहीं की है।

1100 किलोमीटर की रेंज और 360 हॉर्सपावर की ताकत

JSW Combat में 90 किमी इलेक्ट्रिक और 1,100 किमी कुल रेंज का दावा, फास्ट चार्जिंग सिर्फ 27 मिनट में। (फोटो: jswmotorsindia.com)

JSW Combat के भारतीय मॉडल में प्लग-इन हाइब्रिड तकनीक मिलने की उम्मीद है। इसमें 1.5 लीटर डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर और 18.4 kWh की बैटरी दी जा सकती है।

इस पावरट्रेन को 3-स्पीड डेडिकेटेड हाइब्रिड ट्रांसमिशन से जोड़ा जाएगा। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर मिलकर 360 हॉर्सपावर की पावर और 610 Nm का टॉर्क जनरेट कर सकते हैं।

इसकी इलेक्ट्रिक-ओनली रेंज करीब 90 किलोमीटर और पेट्रोल-इलेक्ट्रिक मोड में कुल रेंज 1,100 किलोमीटर तक होने का दावा है। ये आंकड़े परीक्षण परिस्थितियों पर आधारित हैं और वास्तविक ड्राइविंग में रेंज अलग हो सकती है।

चार्जिंग में कितना समय लगेगा?

JSW Combat में 18.4 kWh की बैटरी मिलने की उम्मीद है। दावा है कि 50 kW DC फास्ट चार्जर से बैटरी को 30 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 27 मिनट लगेंगे।

वहीं, 6.6 kW AC चार्जर से 30 से 100 प्रतिशत तक चार्ज होने में लगभग 3 घंटे लग सकते हैं। इसका मतलब है कि रोजाना कम दूरी तय करने वाले ग्राहक बैटरी चार्ज करके कई यात्राएं इलेक्ट्रिक मोड में कर सकेंगे।

खराब सड़कों पर भी दमदार प्रदर्शन का दावा

गीली, फिसलन भरी और खराब सड़कों के लिए कई ड्राइविंग मोड। (फोटो: jswmotorsindia.com)

JSW Combat को ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलने के लिहाज से भी तैयार किया जा रहा है। इसमें अलग-अलग ड्राइविंग मोड, हिल-स्टार्ट असिस्ट और हिल-डिसेंट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है।

SUV में 220 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस और 2,800 mm का व्हीलबेस बताया गया है। हालांकि, भारतीय मॉडल के फ्रंट-व्हील ड्राइव होने की उम्मीद है, जबकि ग्लोबल Jetour T2 में ऑल-व्हील ड्राइव का विकल्प भी उपलब्ध है।

केबिन में मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स

चौकोर LED हेडलाइट्स, 20 इंच के अलॉय व्हील्स और पीछे लगे स्पेयर टायर के साथ दमदार लुक। (फोटो: jswmotorsindia.com)

JSW Combat के केबिन में 15.6 इंच की बड़ी टचस्क्रीन और 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की उम्मीद है। इसके इंफोटेनमेंट सिस्टम में Snapdragon 8155 स्मार्ट कॉकपिट चिप का इस्तेमाल किया जा सकता है।

इसके अलावा वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, मेमोरी फंक्शन, 12-स्पीकर Sony साउंड सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, एंबिएंट लाइटिंग और 50W वायरलेस चार्जिंग जैसे फीचर्स भी मिल सकते हैं।

सुरक्षा के लिए ADAS और 540 डिग्री कैमरा

लेवल-2 ADAS, एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल और 540 डिग्री कैमरा जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स। (फोटो: jswmotorsindia.com)

सुरक्षा के लिहाज से JSW Combat में मजबूत स्टील बॉडी स्ट्रक्चर, छह एयरबैग और लेवल-2 ADAS जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल और 540 डिग्री कैमरा सिस्टम भी दिया जा सकता है। ये फीचर्स ड्राइविंग और पार्किंग के दौरान अतिरिक्त सहायता प्रदान करेंगे।

कितनी हो सकती है कीमत?

JSW Motors ने अभी Combat की आधिकारिक कीमत घोषित नहीं की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रीमियम SUV की अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत ₹40 लाख से ₹50 लाख के बीच हो सकती है। इस कीमत पर इसका मुकाबला Toyota Fortuner जैसी SUVs से होगा।

JSW Combat को 4 दिसंबर 2026 को पेश किए जाने की उम्मीद है। इसके अनावरण के दौरान भारतीय मॉडल के फीचर्स, कीमत और बुकिंग से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने आ सकती है।

Read more!
Advertisement