बड़ी गाड़ियों का बढ़ा क्रेज, SUV डिमांड ने दी ऑटो सेक्टर को रफ्तार; अगस्त में बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर

भारतीय ऑटो बाजार ने अगस्त 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। कार, SUV, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर सभी सेगमेंट में बिक्री में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली। SUV की मजबूत मांग, बेहतर फाइनेंस सुविधा और ग्राहकों के बढ़ते भरोसे ने इंडस्ट्री को रफ्तार दी। SIAM के आंकड़े बताते हैं कि अगस्त में कई सेगमेंट ने अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया।

Advertisement
कारों की बिक्री ने तोड़ा रिकॉर्ड!
कारों की बिक्री ने तोड़ा रिकॉर्ड!

In Short

  • अगस्त 2026 में पैसेंजर व्हीकल बिक्री 4.39 लाख यूनिट रही, जिसमें 36.5% की सालाना ग्रोथ दर्ज हुई।
  • SUV यानी यूटिलिटी व्हीकल सेगमेंट सबसे मजबूत रहा, बिक्री में करीब 39% की बढ़ोतरी देखने को मिली।
  • टू-व्हीलर बिक्री 20.35 लाख यूनिट तक पहुंची, स्कूटर सेगमेंट ने सबसे तेज रफ्तार दिखाई।

By Shakshi:

भारत का ऑटोमोबाइल बाजार सिर्फ पटरी पर नहीं लौट रहा, बल्कि तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। अगस्त 2026 में ऑटो इंडस्ट्री ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने कंपनियों के साथ-साथ पूरे बाजार के लिए नई उम्मीद जगा दी है। कार, SUV, थ्री-व्हीलर और टू-व्हीलर सेगमेंट में ग्राहकों की खरीदारी ने नया रिकॉर्ड बनाया। SIAM के मुताबिक, अगस्त 2026 में पैसेंजर व्हीकल्स, थ्री-व्हीलर्स और टू-व्हीलर्स की बिक्री अब तक की सबसे ज्यादा रही।

अगस्त में देश में कुल ऑटो प्रोडक्शन 31,57,822 यूनिट रहा। वहीं घरेलू बाजार में पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री 4,39,309 यूनिट तक पहुंच गई। थ्री-व्हीलर की बिक्री 93,764 यूनिट और टू-व्हीलर की बिक्री 20,34,698 यूनिट रही।

SUV का जलवा, ग्राहकों ने छोड़ी छोटी कारों की राह?

ऑटो बाजार की सबसे बड़ी कहानी SUV की बढ़ती लोकप्रियता है। भारतीय ग्राहक अब सिर्फ किफायती कार नहीं, बल्कि ज्यादा स्पेस, बेहतर फीचर्स और मजबूत रोड प्रेजेंस वाली गाड़ियों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

अप्रैल-अगस्त 2026 के दौरान यूटिलिटी व्हीकल्स यानी SUV सेगमेंट की घरेलू बिक्री 13,62,527 यूनिट रही, जो पिछले साल की समान अवधि के 10,42,436 यूनिट के मुकाबले 30.7 फीसदी ज्यादा है। वहीं पैसेंजर कारों की बिक्री 6,11,968 यूनिट रही, जिसमें 24.9 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अगस्त महीने में भी SUV की मांग साफ दिखाई दी। यूटिलिटी व्हीकल्स की बिक्री 2,50,084 यूनिट रही, जो पिछले साल अगस्त के 1,79,613 यूनिट से 39.2 फीसदी ज्यादा है। पैसेंजर कारों की बिक्री भी 1,12,011 यूनिट रही, जिसमें 23.8 फीसदी की वृद्धि हुई।

मारुति, महिंद्रा, हुंडई और किआ ने संभाली SUV की कमान

SUV सेगमेंट में बड़े खिलाड़ियों के बीच मुकाबला भी तेज रहा। अप्रैल-अगस्त 2026 में मारुति सुजुकी ने यूटिलिटी व्हीकल्स की 3,76,781 यूनिट बेचीं, जबकि महिंद्रा की बिक्री 2,94,050 यूनिट और हुंडई की 1,70,994 यूनिट रही। किआ ने भी 1,36,666 यूनिट की बिक्री दर्ज की।

बाइक्स और स्कूटर की मांग में भी जबरदस्त उछाल

अगर टू-व्हीलर बाजार की बात करें तो यहां भी ग्राहकों का भरोसा मजबूत दिखा। अप्रैल-अगस्त 2026 में टू-व्हीलर की कुल बिक्री 96,23,709 यूनिट रही, जो पिछले साल की 81,05,098 यूनिट बिक्री से 18.7 फीसदी ज्यादा है।

अगस्त में टू-व्हीलर बिक्री 20,34,698 यूनिट रही। इसमें स्कूटर सबसे तेज दौड़ा। स्कूटर की बिक्री 8,55,715 यूनिट रही, जो पिछले साल के मुकाबले 23.8 फीसदी ज्यादा है। मोटरसाइकिल की बिक्री 11,33,047 यूनिट रही, जिसमें 2.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

कंपनियों में Hero MotoCorp, Honda Motorcycle & Scooter India, TVS Motor, Bajaj Auto और Royal Enfield ने मजबूत प्रदर्शन किया। अप्रैल-अगस्त 2026 में Hero MotoCorp की टू-व्हीलर बिक्री 26,15,815 यूनिट, Honda की 24,07,304 यूनिट और TVS की 20,15,314 यूनिट रही।

थ्री-व्हीलर बाजार भी रफ्तार में

ऑटो सेक्टर की ग्रोथ कहानी में थ्री-व्हीलर सेगमेंट भी पीछे नहीं रहा। अप्रैल-अगस्त 2026 में थ्री-व्हीलर की कुल बिक्री 4,03,717 यूनिट रही, जो पिछले साल के 3,12,759 यूनिट से 29.1 फीसदी ज्यादा है।

अगस्त में पैसेंजर कैरियर थ्री-व्हीलर की बिक्री 78,680 यूनिट रही, जबकि गुड्स कैरियर की बिक्री 13,320 यूनिट तक पहुंच गई।

कौन से फैक्टर दे रहे हैं ऑटो बाजार को ताकत?

SIAM के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन के मुताबिक, ऑटो इंडस्ट्री फिलहाल मजबूत ग्रोथ फेज में है। बेहतर कंज्यूमर सेंटीमेंट, ग्रामीण बाजारों की मजबूती, आसान फाइनेंस सुविधा और वैकल्पिक ईंधन वाली गाड़ियों की बढ़ती मांग ने बाजार को सहारा दिया है। इसके अलावा आने वाला त्योहारी सीजन बिक्री को और बढ़ावा दे सकता है।

अप्रैल-अगस्त में भी शानदार प्रदर्शन

अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच देश में कुल ऑटो बिक्री 1,20,72,126 यूनिट रही, जो पिछले साल की समान अवधि के 1,00,11,896 यूनिट से 20.6 फीसदी ज्यादा है। कुल प्रोडक्शन 1,56,31,738 यूनिट रहा, जबकि एक्सपोर्ट 32,87,908 यूनिट दर्ज किया गया।

ऑटो सेक्टर के ये आंकड़े बताते हैं कि भारतीय ग्राहक अब सिर्फ वाहन खरीद नहीं रहे, बल्कि नई पीढ़ी की बड़ी, स्मार्ट और फीचर से भरपूर गाड़ियों की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं। SUV की बढ़ती मांग, टू-व्हीलर की मजबूती और त्योहारी सीजन की उम्मीदों के बीच ऑटो बाजार आने वाले महीनों में और तेज रफ्तार पकड़ सकता है।

Read more!
Advertisement