Auto Sales: कारों की रिकॉर्ड बिक्री! अक्टूबर में 5 लाख का आंकड़ा पार, जानें बाइक-स्कूटर का हाल

भारत के ऑटोमोबाइल बाजार ने अक्टूबर 2026 में बिक्री का नया रिकॉर्ड बना दिया है। पैसेंजर व्हीकल की बिक्री पहली बार किसी अक्टूबर महीने में 5 लाख यूनिट के पार पहुंच गई। वहीं, स्कूटर, बाइक और तिपहिया वाहनों की मांग में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। SIAM के ताजा आंकड़ों में कई चौंकाने वाले रुझान सामने आए हैं। जानिए किस सेगमेंट ने कितनी रफ्तार पकड़ी।

Advertisement
कारों की बिक्री ने रचा इतिहास!
कारों की बिक्री ने रचा इतिहास!

In Short

  • अक्टूबर में पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 12.4% बढ़कर रिकॉर्ड 5.19 लाख यूनिट पहुंची।
  • दोपहिया वाहनों की बिक्री 16.1% बढ़ी, स्कूटर की बिक्री में 31.6% का जबरदस्त उछाल।
  • तिपहिया वाहनों की बिक्री 25.7% बढ़ी, ऑटो एक्सपोर्ट में भी दोहरे अंकों की ग्रोथ।

By Shakshi:

भारत के ऑटोमोबाइल बाजार में अक्टूबर 2026 के दौरान जबरदस्त तेजी देखने को मिली। देश में पैसेंजर व्हीकल की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में पहली बार पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 5 लाख यूनिट के पार पहुंच गई। वहीं, दोपहिया और तिपहिया वाहनों की बिक्री में भी दोहरे अंकों की बढ़ोतरी दर्ज हुई।

कारों की बिक्री ने बनाया नया रिकॉर्ड

SIAM के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 12.4 फीसदी बढ़कर 5,19,060 यूनिट पहुंच गई। पिछले साल इसी महीने 4,61,614 यूनिट की बिक्री हुई थी।

यह किसी भी अक्टूबर महीने में पैसेंजर व्हीकल की अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री है। मजबूत मांग ने ऑटो कंपनियों को नया रिकॉर्ड बनाने में मदद की।

स्कूटर की बिक्री में 31.6% की छलांग

अक्टूबर में दोपहिया वाहनों की कुल बिक्री 16.1 फीसदी बढ़कर 25,77,810 यूनिट रही। अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 22,20,345 यूनिट था।

सबसे ज्यादा तेजी स्कूटर की बिक्री में दिखी। स्कूटर की बिक्री 31.6 फीसदी बढ़कर 10,96,756 यूनिट पहुंच गई। वहीं, मोटरसाइकिल की बिक्री 6.6 फीसदी बढ़कर 14,23,118 यूनिट रही। मोपेड की बिक्री भी 13 फीसदी बढ़कर 57,936 यूनिट पहुंच गई।

तिपहिया वाहनों की बिक्री भी बढ़ी

अक्टूबर में तिपहिया वाहनों की बिक्री 25.7 फीसदी बढ़कर 1,03,349 यूनिट रही, जबकि पिछले साल यह 82,190 यूनिट थी।

पैसेंजर कैरियर की बिक्री 26.9 फीसदी बढ़कर 86,218 यूनिट और गुड्स कैरियर की बिक्री 27.4 फीसदी बढ़कर 15,465 यूनिट पहुंच गई। हालांकि, ई-रिक्शा की बिक्री 22.3 फीसदी घटकर 1,178 यूनिट और ई-कार्ट की बिक्री 17.8 फीसदी घटकर 488 यूनिट रह गई।

विदेशों में भी भारतीय वाहनों की बढ़ी मांग

अक्टूबर में पैसेंजर व्हीकल का एक्सपोर्ट 21.8 फीसदी बढ़कर 83,716 यूनिट रहा। दोपहिया वाहनों का एक्सपोर्ट 26.5 फीसदी बढ़कर 5,43,972 यूनिट पहुंच गया।

वहीं, तिपहिया वाहनों का एक्सपोर्ट 26.7 फीसदी बढ़कर 53,039 यूनिट दर्ज हुआ।

अप्रैल से अक्टूबर तक कैसा रहा प्रदर्शन?

अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान घरेलू पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 25.5 फीसदी बढ़कर 30,82,634 यूनिट रही।

इसी अवधि में दोपहिया वाहनों की बिक्री 17.4 फीसदी बढ़कर 1,46,64,622 यूनिट और तिपहिया वाहनों की बिक्री 26.2 फीसदी बढ़कर 6,05,211 यूनिट पहुंच गई।

SIAM के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन के मुताबिक, बेहतर लोन उपलब्धता और पुराने वाहनों को बदलने की मांग से दोपहिया बाजार को फायदा मिला है। वहीं, लास्ट-माइल मोबिलिटी और इलेक्ट्रिफिकेशन से तिपहिया वाहनों की मांग मजबूत बनी हुई है।

Read more!
Advertisement