सितंबर में गाड़ियों की बिक्री ने बनाया नया रिकॉर्ड, FADA के आंकड़ों में दिखी जबरदस्त तेजी

सितंबर 2026 में देश के ऑटो बाजार में बिक्री ने तेज रफ्तार पकड़ी। FADA के मुताबिक, कुल वाहन रिटेल बिक्री सालाना आधार पर करीब 32% बढ़कर 25.4 लाख यूनिट पहुंच गई। पैसेंजर व्हीकल और टू-व्हीलर से लेकर कमर्शियल व्हीकल तक बिक्री बढ़ी। हालांकि FADA ने इस बड़ी ग्रोथ के पीछे लो बेस इफेक्ट को भी अहम वजह बताया।

Advertisement
भारत ऑटो रिटेल बिक्री सितंबर 2026
भारत ऑटो रिटेल बिक्री सितंबर 2026

In Short

  • सितंबर में कुल वाहन रिटेल बिक्री 31.8% बढ़कर 25.4 लाख यूनिट रही
  • पैसेंजर व्हीकल बिक्री 32.1% बढ़ी जबकि टू-व्हीलर बिक्री में 33.1% की तेजी आई
  • - सितंबर में EV बिक्री 94% बढ़कर 3.34 लाख यूनिट पहुंच गई

By Shakshi:

भारत में सितंबर 2026 के दौरान ऑटोमोबाइल रिटेल बिक्री में मजबूत तेजी दर्ज की गई। Federation of Automobile Dealers Associations यानी FADA के मुताबिक, सितंबर में कुल वाहन रिटेल बिक्री 25.4 लाख यूनिट रही, जो पिछले साल के मुकाबले 31.8% ज्यादा और अगस्त के मुकाबले करीब 5% ज्यादा है। ट्रैक्टर को छोड़कर लगभग सभी ऑटो कैटेगरी के लिए यह अब तक का सबसे बेहतर सितंबर रहा।

हालांकि FADA ने साफ किया कि सालाना बिक्री में दिख रही बड़ी तेजी के पीछे लो बेस इफेक्ट भी अहम कारण है। FADA के प्रेसिडेंट साई गिरिधर के मुताबिक, 31.82% की ग्रोथ इस साल के सबसे ज्यादा base-distorted आंकड़ों में से एक है। पिछले साल सितंबर में ग्राहकों ने 22 सितंबर 2025 से GST 2.0 लागू होने से पहले कम टैक्स रेट का इंतजार करते हुए गाड़ियों की खरीद टाल दी थी। इससे पिछले साल का बेस कम रहा।

पैसेंजर व्हीकल बिक्री 32% बढ़ी

सितंबर में पैसेंजर व्हीकल की रिटेल बिक्री 4,27,213 यूनिट रही। यह सालाना आधार पर 32.1% और महीने के आधार पर 6% से थोड़ा ज्यादा की बढ़ोतरी है।

अगस्त में पेट्रोल को पीछे छोड़ने के बाद सितंबर में पेट्रोल और अल्टरनेटिव फ्यूल कारों की हिस्सेदारी लगभग बराबर रही। पेट्रोल की हिस्सेदारी 41.27% रही, जबकि अल्टरनेटिव फ्यूल की हिस्सेदारी 41% रही। अल्टरनेटिव फ्यूल में CNG, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन शामिल हैं।

Two Wheeler की बिक्री 17.9 लाख यूनिट

टू-व्हीलर रिटेल बिक्री सितंबर में सालाना आधार पर 33.1% और मासिक आधार पर 4% बढ़कर 17.9 लाख यूनिट पहुंच गई। महीने के शुरुआती हिस्से में फेस्टिव खरीदारी से बिक्री बढ़ी और ग्राहकों ने खासतौर पर प्रीमियम मोटरसाइकिल और इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स में दिलचस्पी दिखाई।

हालांकि महीने के आखिरी सप्ताह में श्राद्ध यानी पितृ पक्ष के कारण कई ग्राहकों ने खरीदारी टाल दी। इसके अलावा ज्यादा बिकने वाले कुछ मॉडल्स की सप्लाई में कमी का असर भी बिक्री पर पड़ा। श्राद्ध को देश के कई हिस्सों में नई गाड़ी जैसी चीजों की खरीद के लिए शुभ समय नहीं माना जाता है।

EV बिक्री में 94% का उछाल

सितंबर में इलेक्ट्रिक व्हीकल की कुल बिक्री 3.34 लाख यूनिट रही, जो पिछले साल के मुकाबले 94% ज्यादा है।

कमर्शियल व्हीकल की रिटेल बिक्री 37.6% बढ़कर 1,03,557 यूनिट रही। थ्री-व्हीलर की बिक्री 22.3% बढ़कर 1,32,570 यूनिट और ट्रैक्टर की बिक्री 13.8% बढ़कर 76,906 यूनिट पहुंच गई।

अप्रैल-सितंबर में 1.55 करोड़ वाहन बिके

अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान देश में कुल 1.551 करोड़ वाहन रिटेल में बिके। यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 20.8% ज्यादा है। FADA के मुताबिक, यह ऑटो रिटेल बिक्री के लिहाज से अब तक का सबसे बेहतर अप्रैल-सितंबर का प्रदर्शन भी रहा।

Read more!
Advertisement