कार चोरी की टेंशन खत्म? Hyundai Venue में आया Remote Immobiliser फीचर, ऐप से होगा कंट्रोल
कार चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच Hyundai Motor India ने Venue और Venue N Line के लिए नया Remote Immobiliser फीचर पेश किया है। Hyundai Bluelink ऐप के जरिए अब मालिक कार को दूर से सुरक्षित कर सकेंगे और चोरी की आशंका होने पर दोबारा स्टार्ट होने से रोक सकेंगे। यह फीचर बिना वर्कशॉप गए C-OTA अपडेट से मिलेगा।

In Short
- Hyundai Venue और Venue N Line में आया Bluelink Remote Immobiliser फीचर
- मोबाइल ऐप से कार को लॉक कर दोबारा स्टार्ट होने से रोका जा सकेगा
- लाइव लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए चोरी की स्थिति में वाहन ढूंढने में मदद मिलेगी
कार चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए Hyundai Motor India ने अपनी Venue और Venue N Line में नया सुरक्षा फीचर पेश किया है। कंपनी ने Hyundai Bluelink Remote Immobiliser फीचर लॉन्च किया है, जिसकी मदद से कार मालिक मोबाइल ऐप के जरिए वाहन को दोबारा स्टार्ट होने से रोक सकते हैं।
यह फीचर खासतौर पर उन मामलों में मददगार होगा, जहां चोर कार की चाबी की क्लोनिंग कर वाहन चोरी करने की कोशिश करते हैं। Remote Immobiliser कार को अतिरिक्त सुरक्षा देता है और मालिक को वाहन पर ज्यादा नियंत्रण प्रदान करता है।
Bluelink ऐप से होगा कंट्रोल
Hyundai Bluelink Remote Immobiliser फीचर Hyundai Venue के HX10 और Venue N Line के N10 वेरिएंट में उपलब्ध होगा। ये दोनों वेरिएंट Connected Car Navigation Cockpit से लैस हैं।
नवंबर 2025 के बाद बेची गई इन कारों में यह फीचर Controller Over The Air यानी C-OTA अपडेट के जरिए दिया जाएगा। इसका मतलब है कि ग्राहकों को इसके लिए सर्विस सेंटर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अगर कार पार्क होने के बाद मालिक को चोरी का शक होता है, तो वह Hyundai Bluelink ऐप के जरिए Remote Immobiliser को एक्टिवेट कर सकता है। फीचर एक्टिव होने के बाद कार बिना अनुमति के दोबारा स्टार्ट नहीं हो सकेगी।
चोरी के बाद भी कर सकेंगे एक्टिवेट
Hyundai का यह सिस्टम दो तरह से सुरक्षा देता है। अगर मालिक ने कार पार्क करते समय पहले से फीचर एक्टिव नहीं किया है, तो चोरी की आशंका होने पर बाद में भी इसे चालू किया जा सकता है।
जब कार बंद हो जाएगी, तब Immobiliser सिस्टम उसे दोबारा स्टार्ट होने से रोक देगा। Hyundai के मुताबिक, इस फीचर को ऐप से सीधे एक्टिवेट किया जा सकता है और इसके लिए Bluelink सेंटर से संपर्क करने की जरूरत नहीं होगी।
Live Location Tracking की सुविधा
इस फीचर में लाइव व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग की सुविधा भी दी गई है। नेटवर्क उपलब्ध होने पर मालिक और कानून प्रवर्तन एजेंसियां वाहन की लोकेशन पता कर सकते हैं।
हालांकि, सुरक्षा कारणों से यह सिस्टम चलती हुई कार को रोक या बंद नहीं करता है। यानी वाहन चलते समय किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा।
Hyundai Motor India के MD और CEO तरुण गर्ग ने कहा कि कंपनी कनेक्टेड मोबिलिटी को मजबूत करने के लिए ऐसे फीचर्स ला रही है, जो ग्राहकों को ज्यादा सुरक्षा और नियंत्रण प्रदान करें।
Hyundai Venue और Venue N Line कंपनी के मास मार्केट पोर्टफोलियो के पहले मॉडल हैं जिन्हें Remote Immobiliser फीचर मिला है। कंपनी आने वाले समय में इसे अन्य Bluelink-equipped मॉडल्स में भी चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की योजना बना रही है।