Hyundai का बड़ा दांव, 2030 तक लॉन्च करेगी 26 नए मॉडल, टाटा और महिंद्रा को देगी चुनौती
Hyundai ने भारतीय बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है। कंपनी 2030 तक 26 नए मॉडल और अपडेटेड कारें लॉन्च करेगी। इसमें नई इलेक्ट्रिक SUV और मिडसाइज SUV शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी CNG कारों और लग्जरी ब्रांड Genesis के साथ अपनी पकड़ बढ़ाने की तैयारी में है।

In Short
- Hyundai ने भारतीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए 2030 तक 26 नए मॉडल और मौजूदा कारों के अपडेट लॉन्च करने का प्लान बनाया है।
- कंपनी छोटी इलेक्ट्रिक SUV और नई मिडसाइज SUV पर काम कर रही है जो टाटा पंच EV और क्रेटा सेगमेंट की कारों को टक्कर देंगी।
- Hyundai भारत में मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने के साथ 2027 में अपने लग्जरी ब्रांड Genesis की पहली कार लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
हुंडई भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कभी देश की दूसरी सबसे बड़ी कार कंपनी रही हुंडई अब टाटा मोटर्स और महिंद्रा से पीछे हो गई है। मौजूदा समय में मारुति सुजुकी सबसे बड़े पोर्टफोलियो के साथ बाजार में पहले स्थान पर है।
बदलते बाजार और बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए हुंडई ने भारत के लिए नया रोडमैप तैयार किया है। कंपनी ने 2026 CEO Investor Day के दौरान अपने भविष्य के प्लान की जानकारी दी है।
2030 तक आएंगे 26 नए मॉडल
हुंडई ने बताया है कि वह साल 2030 तक भारतीय बाजार में 26 नए मॉडल और मौजूदा कारों के अपडेटेड वर्जन लॉन्च करेगी।
इन नए मॉडल्स में एक नई A-Segment इलेक्ट्रिक SUV और एक नई मिडसाइज SUV शामिल होगी। A-Segment का मतलब छोटी कारों से है, जो SUV जैसे डिजाइन के साथ पेश की जा सकती हैं।
इन दोनों कारों को भारत में टेस्टिंग के दौरान कई बार देखा जा चुका है। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी इन पर तेजी से काम कर रही है।
छोटी इलेक्ट्रिक SUV से बढ़ेगी EV लाइनअप
हुंडई इस साल के अंत तक अपनी सबसे छोटी इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च कर सकती है। कंपनी ने अपनी रेंज एक्सटेंडर कार का भी ऐलान किया है, हालांकि यह कार भारत में आएगी या नहीं इसकी जानकारी अभी साफ नहीं है।
नई छोटी इलेक्ट्रिक SUV को कंपनी भारत में ही तैयार करेगी। इसका मुकाबला टाटा पंच EV और टियागो EV जैसी इलेक्ट्रिक कारों से होगा।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Kia Carens CNG जल्द होगी लॉन्च, Maruti Ertiga और XL6 को देगी सीधी टक्कर
कंपनी ने अभी तक इसके स्पेसिफिकेशन का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इसमें लेवल-2 ADAS और नेक्स्ट जनरेशन इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है।
मिडसाइज SUV में मिलेगा CNG का ऑप्शन
हुंडई एक नई मिडसाइज SUV पर भी काम कर रही है। यह कार ग्लोबल मार्केट में आने वाली Bayon पर आधारित होगी। इसके टेस्ट मॉडल भी कई बार देखे गए हैं।
भारतीय बाजार के हिसाब से कंपनी इसमें कई बदलाव करेगी। इसका डिजाइन भी ग्लोबल मॉडल से अलग हो सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हुंडई की पहली बड़ी कार हो सकती है जो फैक्टरी फिटेड CNG के साथ आएगी। यह कार क्रेटा वाले सेगमेंट में एंट्री करेगी, लेकिन इसकी कीमत कम रखने की कोशिश की जा सकती है।
मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने की तैयारी
हुंडई 2030 तक भारत में अपनी सालाना मैन्युफैक्चरिंग क्षमता में 3.2 लाख यूनिट्स जोड़ने की तैयारी कर रही है। फिलहाल कंपनी भारत में हर साल करीब 11 लाख गाड़ियों का उत्पादन करती है।
इसके अलावा हुंडई भारत में अपना लग्जरी ब्रांड Genesis भी लाने की तैयारी कर रही है। इस ब्रांड की पहली कार 2027 में लॉन्च हो सकती है।
फिलहाल हुंडई भारतीय बाजार में अलग-अलग सेगमेंट की करीब 15 कारें बेचती है, जिनमें N-Line वेरिएंट, इलेक्ट्रिक मॉडल और टैक्सी वर्जन भी शामिल हैं।