Hyundai ला रही सस्ती इलेक्ट्रिक कार, Tiago EV और Comet को टक्कर देने जल्द होगी लॉन्च
Hyundai जल्द भारतीय बाजार में अपनी नई कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार उतारने की तैयारी में है। कंपनी की इस सस्ती EV को लेकर कई अहम जानकारी सामने आई है। दो बैटरी ऑप्शन, लंबी रेंज और नए फीचर्स के साथ आने वाली यह कार Tata Tiago EV और MG Comet को चुनौती दे सकती है।

In Short
- Hyundai की नई कॉम्पैक्ट EV 2026 के अंत तक भारतीय बाजार में हो सकती है लॉन्च, Tata Tiago EV और MG Comet से होगा मुकाबला।
- नई इलेक्ट्रिक कार में दो बैटरी ऑप्शन मिलने की उम्मीद, जिसमें स्टैंडर्ड रेंज और लॉन्ग रेंज वर्जन शामिल हो सकते हैं।
- Hyundai को उम्मीद है कि आने वाले समय में भारत में उसकी इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री हिस्सेदारी 7% तक पहुंच सकती है।
इलेक्ट्रिक कार बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए Hyundai जल्द ही एक नई कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने की तैयारी में है। यह कार कंपनी की सस्ती EV होगी, जिसका मुकाबला भारतीय बाजार में Tata Tiago EV, MG Comet और Citroen eC3 जैसी कारों से होगा। दमदार फीचर्स के साथ आने वाली इस EV को लेकर ग्राहकों में काफी उम्मीदें हैं।
2026 के अंत तक लॉन्च हो सकती है Hyundai EV
Hyundai Motor India के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर तरुण गर्ग ने जानकारी दी है कि कंपनी की नई इलेक्ट्रिक कार मार्च 2027 से पहले भारतीय बाजार में आ जाएगी। ऑटोकार प्रोफेशनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि इस कॉम्पैक्ट EV को 2026 के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है।
इससे पहले खबरें थीं कि Hyundai अपनी इस इलेक्ट्रिक कार को मार्च 2027 तक लॉन्च करेगी, लेकिन अब कंपनी ने इसकी लॉन्च टाइमलाइन को आगे बढ़ा दिया है।
शुरुआत में Svolt बैटरी का होगा इस्तेमाल
तरुण गर्ग के मुताबिक, नई Hyundai EV में शुरुआत में Svolt बैटरी सेल का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके बाद कंपनी Exide की बैटरी सेल का उपयोग करेगी। कंपनी की मूल योजना Exide बैटरी के साथ इस इलेक्ट्रिक कार को लाने की थी, लेकिन इसमें ज्यादा समय लग सकता था।
Hyundai का लक्ष्य भारत में अपनी इलेक्ट्रिक कारों की हिस्सेदारी बढ़ाना है। कंपनी को उम्मीद है कि अगले साल तक उसकी घरेलू बिक्री में EV की हिस्सेदारी करीब 7 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। फिलहाल वित्त वर्ष 2026 में Hyundai की कुल बिक्री में इलेक्ट्रिक कारों की हिस्सेदारी करीब 1 प्रतिशत है।
दो बैटरी ऑप्शन के साथ आ सकती है कार
Hyundai की आने वाली कॉम्पैक्ट EV का कोडनेम HE1i है। यह कार कंपनी के E-GMP (K) प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। इसी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल इंटरनेशनल मार्केट में आने वाली Hyundai Inster EV में भी किया जाता है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि Hyundai इस इलेक्ट्रिक कार को दो बैटरी विकल्पों के साथ पेश कर सकती है। इसमें एक स्टैंडर्ड रेंज और दूसरा लॉन्ग रेंज वर्जन हो सकता है। हालांकि कंपनी ने अभी तक बैटरी क्षमता और रेंज की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
करीब 355 किलोमीटर तक हो सकती है रेंज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Hyundai की इस कॉम्पैक्ट EV को करीब 355 किलोमीटर तक की रेंज के साथ पेश किया जा सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि कंपनी की ओर से नहीं की गई है।
फीचर्स की बात करें तो Hyundai ने यह साफ कर दिया है कि इस इलेक्ट्रिक कार में नेक्स्ट जनरेशन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा। इसमें कंपनी का Pleos Connect इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है।
नई Hyundai EV के आने के बाद भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में Tata Tiago EV, MG Comet और Citroen eC3 जैसी कारों के बीच मुकाबला और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है।