टाटा और महिंद्रा को टक्कर देने की तैयारी में Hyundai, जनवरी में पेश करेगी सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार
हुंडई भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए नई कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV आयोनिक पी पेश करने जा रही है। यह भारत में कंपनी की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कार होगी। इसके डिजाइन की शुरुआती झलक भी सामने आई है। कंपनी अपने चार्जिंग नेटवर्क का भी विस्तार कर रही है।

In Short
- 16 जनवरी 2027 को पेश होगी Hyundai Ioniq P EV
- क्रेटा इलेक्ट्रिक से सस्ती हो सकती है ये नई इलेक्ट्रिक SUV
- - साल 2030 तक 600 फास्ट चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना।
हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) भारतीय बाजार में अपने इलेक्ट्रिक कार पोर्टफोलियो का विस्तार करने की तैयारी में है। कंपनी 16 जनवरी 2027 को अपनी नई कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV आयोनिक पी (Ioniq P EV) पेश करने वाली है। भारत में विकसित इस इलेक्ट्रिक कार के जरिए कंपनी चार मीटर से छोटी इलेक्ट्रिक SUV के सेगमेंट में एंट्री करेगी। इस सेगमेंट में बढ़ते मुकाबले के बीच हुंडई अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।
हुंडई की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कार
आयोनिक पी भारत में हुंडई की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कार होगी। कंपनी इसे अपने इलेक्ट्रिक कार पोर्टफोलियो में क्रेटा इलेक्ट्रिक (Creta Electric) से नीचे रखेगी। भारतीय बाजार में इसका सीधा मुकाबला टाटा नेक्सॉन ईवी (Tata Nexon EV), महिंद्रा XUV 3XO EV और किआ साइरोस ईवी (Kia Syros EV) से होगा।
कैसा होगा नई इलेक्ट्रिक SUV का डिजाइन?
भारत में टेस्टिंग के दौरान इस इलेक्ट्रिक SUV के कैमोफ्लाज मॉडल नजर आए हैं, जिनसे इसके डिजाइन की शुरुआती झलक मिली है। कार को बॉक्सी लुक के साथ लगभग फ्लैट रूफलाइन दी गई है। इसके फ्रंट में मुख्य हेडलैंप के ऊपर पतली LED डेटाइम रनिंग लाइट्स देखने को मिलेंगी। हालांकि, इसकी कीमत, बैटरी क्षमता और ड्राइविंग रेंज की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
600 फास्ट चार्जिंग स्टेशन बनाने का लक्ष्य
इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती मांग को देखते हुए हुंडई अपने चार्जिंग नेटवर्क का भी विस्तार कर रही है। कंपनी के पास फिलहाल 183 DC फास्ट चार्जिंग स्टेशन हैं, जिनकी संख्या साल 2030 तक बढ़ाकर 600 करने की योजना है।
कंपनी का चार्जिंग नेटवर्क दिल्ली-गुरुग्राम-जयपुर, मुंबई-पुणे-बेंगलुरु और चेन्नई-वेल्लोर-बेंगलुरु जैसे प्रमुख हाईवे रूट्स को कवर करता है। इससे इलेक्ट्रिक कारों से लंबी दूरी का सफर करने वाले ग्राहकों को सुविधा मिलेगी।
इलेक्ट्रिक के साथ हाइब्रिड और CNG कारों पर भी फोकस
हुंडई सिर्फ इलेक्ट्रिक कारों पर ही दांव नहीं लगा रही है। कंपनी की योजना साल 2030 तक भारतीय बाजार में पांच से छह CNG मॉडल, पांच से छह हाइब्रिड मॉडल और चार से पांच इलेक्ट्रिक कारें उपलब्ध कराने की है। आयोनिक पी कंपनी की इस विस्तार योजना का अहम हिस्सा होगी।